‘कैसे भी हालात हों, डटे रहना’; पवन कल्याण ने विजय को दी थी कौन सी सलाह
पवन कल्याण ने सलाह देते हुए कहा था, ‘राजनीति में आपको टिके रहना होगा, चाहे हालात कैसे भी हों। उतार-चढ़ाव को स्वीकार करना होगा और सीखना होगा। यह एक कठिन यात्रा है और इसके लिए मानसिक रूप से तैयार रहना जरूरी है।’

अभिनय की दुनिया से राजनीति में आए विजय ने तमिलनाडु की राजनीतिक में एक नया करिश्मा कर दिया है। उन्होंने राज्य की दोनों स्थापित द्रविण पार्टियों (DMK, AIADMK) को पछाड़ का अपनी पार्टी तमिलगा वेट्री कषगम (TVK) को जीत दिलाई है। इस बीच, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण का बयान खूब वायरल हो रहा है। उन्होंने एक इंटरव्यू में तमिल सुपरस्टार विजय को राजनीति को लेकर अहम सलाह दी थी। पवन कल्याण ने अपनी पार्टी जन सेना पार्टी के साथ एक दशक तक संघर्ष किया, जिसके बाद हालिया चुनावों में उन्हें सफलता हासिल हुई। डिप्टी सीएम ने कहा था, ‘राजनीति में टिके रहना सबसे जरूरी है।’
इंटरव्यू में जब पवन कल्याण से विजय के लिए सलाह मांगी गई तो उन्होंने कहा कि विजय को उनकी सलाह की जरूरत नहीं है, क्योंकि वह अपने अनुभव के साथ खुद का रास्ता बना रहे हैं। पवन कल्याण ने सलाह देते हुए कहा था, 'राजनीति में आपको टिके रहना होगा, चाहे हालात कैसे भी हों। उतार-चढ़ाव को स्वीकार करना होगा और सीखना होगा। यह एक कठिन यात्रा है और इसके लिए मानसिक रूप से तैयार रहना जरूरी है। सबसे पहले पार्टी को मजबूत बनाइए, जीत के बारे में बाद में सोचिए।'
विजय के लिए क्या थी पवन कल्याण की सलाह
पवन कल्याण ने राजनीति के कठिन पहलुओं पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने के बाद व्यक्तिगत जीवन लगभग खत्म हो जाता है। उन्होंने कहा, 'आपको आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है, लोग आपको गलत समझते हैं और हर बयान का अलग मतलब निकाला जाता है। हर नेता का अपना एक अलग तरीका होता है, जैसे हर अभिनेता का अपना अंदाज होता है। जो तरीका मेरे लिए काम करता है, जरूरी नहीं कि वह दूसरों के लिए भी काम करे।'
बता दें कि टीवीके 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव में पहली बार शामिल होकर 107 सीटें हासिल की हैं और सबसे बड़े दल के रूप में उभरी हैं। राज्य में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है और त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बन गई है। डीएमके को 60 सीटें मिली हैं और उसकी सहयोगी कांग्रेस को 5 सीटे हासिल हुई हैं। अन्ना द्रमुक को 47 सीटें मिली हैं। इसके अलावा पीएमके को 4, आईयूएमएल, भाकपा, वीकेसी और माकपा को 2-2 सीटों पर जीत हासिल हुई है। भाजपा, डीएमडीके और अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम के खाते में 1-1 सीट आई है।
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

