राज्यसभा चुनाव के लिए ‘खरीद फरोख्त’, नवीन पटनायक ने भाजपा पर लगाया आरोप
बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने शनिवार को ओडिशा में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘खरीद फरोख्त’ में शामिल होने का आरोप लगाया। साथ ही यह भी कहाकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में इस तरह का कृत्य एक ‘अपराध’ है।
बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने शनिवार को ओडिशा में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘खरीद फरोख्त’ में शामिल होने का आरोप लगाया। साथ ही यह भी कहाकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में इस तरह का कृत्य एक ‘अपराध’ है। पटनायक की यह टिप्पणी द्विवार्षिक चुनाव में ‘क्रॉस-वोटिंग’ की आशंका के बीच आई है, जिसमें राज्य की चार सीट के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री जयनारायण मिश्र ने पटनायक के आरोप को खारिज करते हुए कहाकि ऐसी कोई ‘खरीद फरोख्त’ नहीं हो रही है।
क्रॉस वोटिंग की संभावना
भाजपा के दो उम्मीदवार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और मौजूदा राज्यसभा सदस्य सुजीत कुमार हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप राय भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं और उन्हें भाजपा का समर्थन प्राप्त है। बीजद के उम्मीदवार पार्टी नेता संतृप्त मिश्रा और प्रसिद्ध मूत्ररोग विशेषज्ञ डॉ दत्तेश्वर होता हैं, जिन्हें कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का समर्थन प्राप्त है। चौथी सीट जीतने के लिए न तो सत्तारूढ़ भाजपा और न ही विपक्षी बीजद के पास आवश्यक संख्या है, इसलिए ‘क्रॉस-वोटिंग’ की संभावना जताई जा रही है।
आरोप प्रत्यारोप का दौर
पटनायक ने यहां ओडिशा विधानसभा परिसर में कहाकि भाजपा के नेता और उसके तीन राज्यसभा उम्मीदवार इस लोकतांत्रिक चुनाव को जीतने के लिए खरीद-फरोख्त करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, जो एक अपराध है। भाजपा विधायक ने कहाकि बीजद प्रमुख ने सत्तारूढ़ पार्टी पर ‘खरीद-फरोख्त’ का आरोप लगाकर राज्यसभा चुनाव से पहले ही हार स्वीकार कर ली है। मिश्रा ने कहाकि जिस व्यक्ति को पीलिया होता है, उसे सब कुछ पीला ही दिखाई देता है। हम खरीद-फरोख्त में शामिल नहीं हैं और हमने विधायकों से अपने विवेक के अनुसार मतदान करने का आह्वान किया है।
भाजपा को क्यों प्राथमिकता
भाजपा विधायक ने दावा किया कि कुछ विधायक भाजपा को प्राथमिकता दे रहे हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि बीजद में उनका कोई भविष्य नहीं है। ओडिशा में राज्यसभा चुनाव के लिए 16 मार्च को मतदान होना है, जो 12 वर्षों के अंतराल के बाद होगा, क्योंकि इस बार चार सीट के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। ये सीट दो अप्रैल को खाली होंगी।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


