Parliament Monsoon Session: लोकसभा-राज्यसभा में जमकर बवाल, कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
संसद का मॉनसून सत्र शुरू होते ही दोनों सदनों में जोरदार हंगामा हुआ है। नीट पेपर लीक और राम राम मंदिर चंदा चोरी को लेकर विपक्ष ने सदन में जोरदार हंगामा किया है। इधर CJP से जुड़े प्रदर्शनकारी संसद भवन के पास पहुंच गए।

Parliament Monsoon Session: संसद के दोनों सदनों में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ है। विपक्षी सांसदों की नारेबाजी और बवाल के बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही को पूरे दिन के स्थगित कर दिया गया है। हंगामे की वजह से प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं भी नहीं चल सके। इधर राजधानी में कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े प्रदर्शनकारी संसद भवन के पास पहुंच गए जिसके बाद संसद के मुख्य द्वार को कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा। हालांकि बाद में प्रदर्शनकारियों को संसद भवन के पास से हटा दिया गया।
इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सुबह 11 बजे सदन की बैठक शुरू होने के बाद सदन के छह पूर्व सदस्यों और कतर के पूर्व अमीर के निधन की सूचना दी और सांसदों ने कुछ क्षण मौन रखकर दिवंगत पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने अलग-अलग मांगों को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। कांग्रेस के कुछ सांसदों को नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने और कुछ छात्रों की मौत के मामलों को उठाते हुए उन्हें भी श्रद्धांजलि दिए जाने की मांग करते हुए सुना गया। इस बीच अध्यक्ष बिरला ने प्रश्नकाल शुरू कराने का प्रयास किया लेकिन विपक्षी दलों के सांसद चेयर के पास आकर नारेबाजी करने लगे। इसके बाद कई बार सदन को स्थगित करना पड़ा। इधर राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी छात्र प्रदर्शकारियों के समर्थन में आवाज उठाई और कहा कि हजारों छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
संसद भवन के द्वार किए गए बंद
इधर संसद की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों की भीड़ को देखते हुए सोमवार को संसद के कुछ द्वार थोड़ी देर के लिए बंद कर दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि कांस्टीट्यूशन क्लब के पास कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल लोगों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों द्वारा लाठीचार्ज किए जाने और आंसू गैस का इस्तेमाल किए जाने के बीच अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। संसद के निकट कम से कम सात प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। संसद के एक अधिकारी ने बताया कि संसद के कुछ द्वार थोड़ी देर के लिए बंद कर दिए गए थे। लोकसभा में कुछ सदस्यों ने संसद के गेट बंद करने का मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि कई सदस्यों को संसद परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। इस पर आसन पर मौजूद जगदंबिका पाल ने कहा कि सांसदों को प्रवेश की पूरी अनुमति दी जा रही है।
लाइव हिन्दुस्तान के साथ पढ़िए मॉनसून सत्र से जुड़ी पल-पल की अपडेट्स…
03:03 PM- लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
02:44 PM- वेल में घुसे विपक्षी सांसद, लोकसभा की कार्यवाही 3 बजे तक के लिए स्थगित।
02:40 PM- राज्यसभा में पेपर लीक और राम मंदिर चंदा चोरी जैसे मुद्दों पर हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया है।
02:35 PM- संसद मार्च का आह्वान करने के बाद सोमवार को बड़ी संख्या प्रदर्शनकारी संसद भवन के पास पहुंच गए हैं। हजारों की भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया है और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए हैं। इस बीच खबर है कि केंद्र सरकार ने कॉकरोच जनता पार्टी से बातचीत शुरू की है। सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि वह और पार्टी नेता आशुतोष रांका केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात के लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने आज सुबह बातचीत के लिए संपर्क किया था।"
02:05 PM- राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही दोपहर साढ़े 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
01:59 PM- विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सदन में उच्चतम न्यायालय (न्यायाधीश संख्या) संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया है। इस दौरान विपक्षी सांसद राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले और नीट पेपर लीक के मुद्दों को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। बता दें कि इसी साल मई में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने से संबंधित विधेयक को मंजूरी दी थी। इसके तुरंत बाद सरकार अध्यादेश लेकर आई थी। अध्यादेश के बाद बढ़ाई गई स्वीकृत संख्या के आधार पर सुप्रीम कोर्ट में 5 जजों की नियुक्ति की गई। विधेयक के लिए संविधान में संशोधन की जरूरत नहीं होगी और इसे पारित करने के लिए साधारण बहुमत की जरूरत होगी।
01:09 PM- राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
01:04 PM- लोकसभा को कार्यवाही को एक बार फिर स्थगित कर दिया गया है। इससे पहले एक बजे कार्यवाही शुरू होते ही सदन में खून बवाल हुआ। विपक्षी सांसद राम मंदिर और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर लगातार नारेबाजी करते दिखे। वहीं कुछ सांसद पोस्टर और बैनर लेकर सदन में आए थे जिसपर पीठासीन अध्यक्ष ने नाराजगी जताई।
12:11 PM- लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद सदन की कार्यवाही को साढ़े 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
11:40 AM- राज्यसभा में बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पेपर लीक का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “आज मैं पेपर लीक के बारे में बात करूंगा। ये स्टूडेंट्स का मामला है। लाखों बच्चों के भविष्य का मामला है। आज जंतर मंतर पर हजारों बच्चे आए हैं। वहां लाठीचार्ज हो गया है। सरकार मारने की कोशिश कर रही है। दबाने की कोशिश कर रही है।” इसके बाद हंगामा होते ही राज्यसभा की कार्यवाही को भी स्थगित कर दिया गया है।
11:25 AM- संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। वेणुगोपाल ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़े पैमाने पर वित्तीय धोखाधड़ी, चोरी और गबन का आरोप लगाते हुए सदन की सामान्य कार्यवाही रोककर इस गंभीर विषय पर तुरंत चर्चा कराने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के जज की देखरेख में निष्पक्ष जांच की मांग भी रखी है।
11:16 AM- विपक्ष की नारेबाजी और हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
11:12 AM- लोकसभा में विपक्ष का जोरदार हंगामा जारी है। ओम बिरला ने सांसदों से सदन को सुचारू रूप से चलने देने और सार्थक चर्चा की अपील की है।
11:05 AM- संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हो गई है।
10:53 AM- कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च से पहले पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। जंतर मंतर पर पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए लाठी चार्ज भी किया है। पुलिस ने दर्जनों लोगों को हिरासत में भी ले लिया है।
10:45 AM- पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा है कि सरकार द्वारा बीते कुछ सालों में किए गए सुधारों की वजह से देश के युवाओं को रिस्क लेने का साहसी मिला है। पीएम मोदी ने भाषण में कॉकरोच जनता पार्टी या सोनम वांगचुक के हालिया प्रदर्शन का कोई जिक्र नहीं किया।
10:35 AM- संसद का सत्र शुरू होने से पहले पीएम मोदी का संबोधन जारी है। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने देश के युवाओं का जिक्र करते हुए कहा, “मैं किसी 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा…”
10:25 AM- मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलने की संभावना है।
10:20 AM- मॉनसून सत्र के दौरान राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, आयकर (संशोधन) विधेयक समेत कई विधेयक पेश किए जा सकते हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

