Parliament Session : स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव गिरा, हंगामे के बीच ध्वनिमत से फैसला

Parliament Session: बजट सत्र के दूसरे चरण में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा जारी है। आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चर्चा में हिस्सा लेंगे।

Parliament Session : स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव गिरा, हंगामे के बीच ध्वनिमत से फैसला

लोकसभा में अमित शाह

Jagriti Kumari| लाइव हिन्दुस्तान | Wed, 11 Mar 2026 06:41 PM IST
WhatsAppFacebookX
हमें फॉलो करेंGoogle NewsYouTube

Parliament Session: संसद में बजट सत्र के दूसरे चरण की कार्यवाही के दौरान बुधवार को लोकसभा में जबरदस्त हंगामा हुआ। हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को सदन में गिर गया। भारी हंगामे के बीच यह प्रस्ताव ध्वनिमत से खारिज कर दिया गया। इससे पहले सदन में प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बाद विपक्षी दलों के सदस्य भड़क गए और वेल में आकर नारेबाजी करने लगे। विपक्षी सांसद 'अमित शाह माफी मांगो' के नारे लगाते हुए लगातार विरोध जताते रहे।

बता दें कि ओम बिरला के खिलाफ यह अविश्वास प्रस्ताव बीते फरवरी माह में ही लाया गया था जिस पर लगभग 118 सांसदों ने हस्ताक्षर किए थे। इस प्रस्ताव पर बहस के लिए 10 घंटे का समय तय किया गया है, जिसके बाद इस पर सांसदों के मत लिए जाएंगे। प्रस्ताव पास कराने के लिए विपक्ष को सिंपल मेजोरिटी यानि साधारण बहुमत की आवश्यकता है।

11 Mar 2026, 06:28:24 PM IST

Parliament Session Live Updates: स्पीकर के खिलाफ लाया गया प्रस्ताव गिरा

Parliament Session Live Updates: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को सदन में गिर गया। भारी हंगामे के बीच यह प्रस्ताव ध्वनिमत से खारिज कर दिया गया। इससे पहले सदन में प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बाद विपक्षी दलों के सदस्य भड़क गए और वेल में आकर नारेबाजी करने लगे। विपक्षी सांसद 'अमित शाह माफी मांगो' के नारे लगाते हुए लगातार विरोध जताते रहे। हंगामे के बीच पीठासीन अधिकारी ने व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की और सदस्यों से शांत रहने की अपील की। इसके बाद अविश्वास प्रस्ताव को ध्वनिमत के जरिए निर्णय के लिए रखा गया। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चर्चा के दौरान कहा था कि स्पीकर पूरे सदन के होते हैं और उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना संसदीय परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्ष ने राजनीतिक लाभ के लिए यह प्रस्ताव लाया है। वहीं विपक्ष का कहना था कि सदन के संचालन को लेकर उनके कई मुद्दे हैं, जिन्हें लेकर उन्होंने यह प्रस्ताव पेश किया था। हालांकि मतदान से पहले ही हंगामे के बीच प्रस्ताव ध्वनिमत से खारिज कर दिया गया।

Share
11 Mar 2026, 06:20:24 PM IST

Parliament Session Live Updates: स्पीकर पद की गरिमा बनी रहनी चाहिए... लोकसभा में अमित शाह

Parliament Session Live Updates: लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का रुख पूरी तरह नकारात्मक हो गया है और वह सरकार का विरोध करते-करते देश के हितों का भी विरोध करने लगी है। अमित शाह ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने चीन सीमा पर एक अप्रकाशित किताब का हवाला देकर चर्चा की मांग की थी। शाह ने सवाल उठाया कि अक्साई चिन का क्षेत्र किसके शासनकाल में चीन के कब्जे में गया। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस सरकार के समय हुआ था। इस दौरान अमित शाह ने कांग्रेस नेतृत्व पर चीन को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि जब भारतीय और चीनी सेनाएं सीमा पर आमने-सामने थीं, उस समय विपक्ष के नेता चीनी दूतावास में गुप्त बैठक कर रहे थे। शाह ने कहा कि पहले इसे नकारा गया और बाद में कहा गया कि वे जानकारी लेने गए थे। इस दौरान उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 2005-06 में राजीव गांधी फाउंडेशन को चीनी दूतावास से 1 करोड़ 35 लाख रुपये का दान मिला था और इसी कारण उसका एफसीआरए लाइसेंस रद्द किया गया। वहीं, अमेरिका के साथ संभावित व्यापार समझौते के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इससे भारतीय किसानों को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि नुकसान तो उस समय हुआ था जब कांग्रेस सरकार ने डब्ल्यूटीओ समझौतों के जरिए ऐसे फैसले किए थे। अंत में अमित शाह ने कहा कि विपक्ष ने स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव केवल राजनीतिक लाभ के लिए लाया है। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव को सदन में बहुमत से खारिज किया जाना चाहिए और ओम बिरला के नेतृत्व में लोकसभा के कार्यकाल के अंत तक स्पीकर पद की गरिमा बनी रहनी चाहिए।

Share
11 Mar 2026, 06:16:05 PM IST

Parliament Session Live Updates: राहुल गांधी बोलना नहीं चाहते... लोकसभा में अमित शाह

Parliament Session Live Updates: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि विपक्ष के नेता की शिकायत है कि उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है, विपक्ष के नेता की आवाज़ दबाई जा रही है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि कौन तय करेगा कि किसे बोलना है? स्पीकर? नहीं, यह आपको तय करना है। लेकिन जब बोलने का मौका आता है, तो आप जर्मनी में, इंग्लैंड में दिखते हैं। फिर वह शिकायत करते हैं। 18वीं लोकसभा में कांग्रेस सांसद 157 घंटे और 55 मिनट बोले। विपक्ष के नेता ने कितना बोला? आपने क्यों नहीं बोला? किस स्पीकर ने आपको रोका? कोई नहीं रोक सकता। लोकसभा को बदनाम करने के लिए यह किया जा रहा है।

Share
11 Mar 2026, 06:14:58 PM IST

Parliament Session Live Updates: अमित शाह के संबोधन के दौरान विपक्ष का जोरदार हंगामा

Parliament Session Live Updates: लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के एक बयान के बाद सदन में जोरदार हंगामा शुरू हो गया। शाह की टिप्पणी पर विपक्षी दलों के सदस्य भड़क गए और वेल में पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। विपक्षी सांसदों ने 'अमित शाह माफी मांगो' के नारे लगाते हुए विरोध जताया। हंगामे के बीच पीठासीन अधिकारी जगदंबिका पाल ने विपक्षी सदस्यों से शांत रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी सदस्य ने आरोप लगाए हैं तो उन्हें जवाब सुनने का भी धैर्य रखना चाहिए। हंगामे के बीच अमित शाह ने कहा कि अगर कुछ असंसदीय शब्द का प्रयोग हो गया है तो उसे हटा दिया जाए। इस पर जगदंबिका पाल ने कहा कि आपने आरोप लगाए हैं, तो जवाब सुनने का भी धैर्य रखिए। यह क्या तरीका है? उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी भी बयान में कुछ असंसदीय पाया जाता है तो उसे रिकॉर्ड से हटा दिया जाएगा।

Share
11 Mar 2026, 06:02:48 PM IST

Parliament Session Live Updates:कौन बोलेगा, कब बोलेगा, कितना बोलेगा... स्पीकर तय करते हैं... अमित शाह

Parliament Session Live Updates: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पूरे देश में भाजपा की छवि खंडित करने के लिए प्रचार किया जा रहा है कि उन्हें (विपक्ष) बोलने नहीं दिया जाता लेकिन जो लोग यह प्रयास कर रहे हैं उनसे मैं कहना चाहता हूं कि इससे भाजपा की छवि खंडित नहीं होती क्योंकि कौन बोलेगा, कब बोलेगा, कितना बोलेगा और क्या बोलेगा वह निर्णय सत्ताधारी पार्टी नहीं स्पीकर करते हैं। इस दौरान अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि लगातार व्यवधानों के बावजूद लोकसभा की उत्पादकता उच्च स्तर पर रही है। उन्होंने कहा कि कई बार रात 12 बजे तक सांसदों को बोलने का अवसर दिया गया। उन्होंने बताया कि स्पीकर ने नई आवाजों को प्रोत्साहित किया और सभी 78 महिला सांसदों को बोलने का मौका दिया। इसके अलावा लोकसभा में 14 भाषाओं में भाषण हुए और पहली बार अनुवाद प्रणाली का पूरा पैनल तैयार किया गया। शाह ने कहा कि लोकसभा की 8000 घंटे की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग को डिजिटल किया गया है और संसद को पेपरलेस बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रमंडल स्पीकर सम्मेलन में ओम बिरला के भाषण की कई देशों के स्पीकरों ने प्रशंसा की थी।

Share
11 Mar 2026, 05:59:55 PM IST

Parliament Session Live Updates: 80 प्रतिशत भाषण स्पीकर के आचरण पर नहीं, बल्कि सरकार के विरोध... लोकसभा में अमित शाह

Parliament Session Live Updates: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस प्रस्ताव पर दिए गए लगभग 80 प्रतिशत भाषण स्पीकर के आचरण पर नहीं, बल्कि सरकार के विरोध पर केंद्रित रहे। उन्होंने कहा कि सरकार का विरोध करने के लिए कई अन्य संसदीय रास्ते मौजूद हैं, लेकिन विपक्ष ने स्पीकर की गरिमा पर सवाल उठाकर परंपराओं को ठेस पहुंचाई है। डिप्टी स्पीकर के मुद्दे पर भी अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह दावा करती है कि डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष का अधिकार है, जबकि अपने शासनकाल में कांग्रेस ने इस पद को अपने ही सांसद से भर दिया था। शाह ने कहा कि उस समय एसवीके राव, जो कांग्रेस के सदस्य थे, दोनों बार डिप्टी स्पीकर बनाए गए थे। उन्होंने कहा कि हमने तो कम से कम यह पद विपक्ष के लिए खाली रखा है, लेकिन कांग्रेस ने अपने समय में ऐसा भी नहीं किया।

Share
11 Mar 2026, 05:50:00 PM IST

Parliament Session Live Updates: अविश्वास प्रस्ताव माइक के कारण आया है... लोकसभा में अमित शाह

Parliament Session Live Updates: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कुछ सदस्यों ने कहा कि यह अविश्वास प्रस्ताव माइक के कारण आया है, माइक बंद होता है। अभी गिरिराज सिंह भी खड़े होकर पप्पू यादव के खिलाफ बोल रहे थे तो उनका माइक बंद कर दिया गया। मंत्री होने के बावजूद भी माइक बंद होता है। यह सदन नियमों से चलता है, जो नियमों, अनुशासन से नहीं चलेगा उसका माइक बंद होगा और बंद हो ही जाना चाहिए।

Share
11 Mar 2026, 05:45:47 PM IST

Parliament Session Live Updates: किसी पार्टी के नियम से सदन नहीं चलेगा,... लोकसभा में अमित शाह

Parliament Session Live Updates: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं अविश्वास प्रस्ताव जो रखा गया है उसपर बात करना चाहता हूं। अनुच्छेद 94(C) के तहत और लोकसभा के नियम 200 के अनुसार संकल्प का नोटिस सदस्य केसी वेणुगोपाल और 119 सदस्यों ने दिया। शायद वे आधे-अधूरे मन से ही प्रस्ताव लाए होंगे... उन्होंने अंदर तिथि में 2025 लिखा। उन्होंने संकल्प भी सलंग्न नहीं किया, उन्होंने सोचा कि स्पीकर इसे नकार देंगे। जब यह उनके ध्यान में लाया गया तो उन्होंने इसे वापस ले लिया और दूसरा नोटिस लाया। दूसरे नोटिस पर सिर्फ गौरव गोगोई के वास्तविक हस्ताक्षर हैं, बाकी सारे जेरॉक्स थे, यह नियमानुसार रिजेक्ट होने का मामला है। फोटोकॉपी नहीं चलती... उनमें इतनी गंभीरता नहीं है कि नियमों के अनुसार प्रस्ताव लाएं। किसी पार्टी के नियम से सदन नहीं चलेगा, लोकसभा के नियमों से ही सदन चलेगा।

Share
11 Mar 2026, 05:39:45 PM IST

Parliament Session Live Updates: शशि थरूर इन्हें सिखाते क्यों नहीं... लोकसभा में अमित शाह

Parliament Session Live Updates: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि स्पीकर का प्रथम कर्तव्य व्यवस्था और शिष्टाचार बनाए रखना है। कोई भी व्यक्ति खड़े होकर अपने मन से कुछ भी बोलेगा तो स्पीकर को उसे बैठाना पड़ेगा क्योंकि विषय तय होते हैं। अमित शाह ने कहा कि शशि थरूर, बालू साहब जैसे कितने वरिष्ठ सदस्य हैं वहां मुझे समझ नहीं आता कि वे क्यों नहीं सिखाते इन्हें... इतना सिखा दें तो समस्या का वहीं समाधान हो जाए। अमित शाह ने आगे कहा कि किसी के सलाहकार आंदोलनकारी हो सकते हैं लेकिन आंदोकलकारी को सदन में सदन के नियमों के अनुसार ही चलना पड़ेगा... नियम 375 के तहत गंभीर अव्यवस्था की स्थिति में सदन को स्थगित करना है। आप किसी को बोलने ही नहीं देंगे और विरोध करते रहेंगे और प्रधानमंत्री की कुर्सी तक सारी महिला सांसद एकत्रित होकर आ जाएंगी ये मैं नहीं मानता, नियम 380 के अधीन स्पीकर को अधिकार है कि असंसदीय शब्दों और टिप्पणियों को कार्रवाई से हटाना होगा।

Share
11 Mar 2026, 05:36:02 PM IST

Parliament Session Live Updates: असाधारण हालात में ही हटाया जा सकता है स्पीकर, लोकसभा में अमित शाह

Parliament Session Live Updates: लोकसभा में बोलते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्पीकर के खिलाफ प्रस्ताव केवल असाधारण परिस्थितियों में लाया जा सकता है और इसे रोजमर्रा की राजनीतिक प्रक्रिया नहीं बनाया जा सकता। अमित शाह ने कहा कि जब स्पीकर की निष्ठा पर सवाल उठाए जाते हैं तो यह केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरी विधायी व्यवस्था और उसकी गरिमा पर सवाल होता है। उन्होंने कहा कि कोई विशेषाधिकार नहीं है। जो लोग इस मुगालते में जीते हैं, वे और छोटे होते जाते हैं। इस दौरान गृह मंत्री ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्हें सरकार से समस्या है तो वे प्रधानमंत्री को हटाने का प्रस्ताव लेकर आएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को हटाने का प्रस्ताव लाइए, हम उसे अफसोसजनक नहीं कहेंगे। हम मुद्दों पर चर्चा करेंगे और जवाब देंगे। अमित शाह ने कहा कि संसदीय परंपरा के अनुसार जब स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव लंबित होता है तो वह सदन की कार्यवाही की अध्यक्षता नहीं करते। उन्होंने कहा कि पहले भी जब ऐसे प्रस्ताव आए, तब 14 दिनों तक अन्य सदस्य सदन की अध्यक्षता करते रहे और चर्चा के दौरान स्पीकर चेयर पर नहीं बैठे। उन्होंने कहा कि ओम बिरला ने भी इस परंपरा का पालन करते हुए एक दिन भी चेयर पर नहीं बैठने का फैसला किया, इसलिए उनकी आलोचना नहीं बल्कि सराहना होनी चाहिए।

Share
11 Mar 2026, 05:30:11 PM IST

Parliament Session Live Updates: नियमों के खिलाफ बोलने का किसी को अधिकार नहीं, लोकसभा में अमित शाह

Parliament Session Live Updates: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हम भी विपक्ष में रहे हैं लेकिन तीन बार लोकसभा स्पीकर पर अविश्वास प्रस्ताव आया, भाजपा और NDA कभी विपक्ष में रहते हुए स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव नहीं लाई। उन्होंने कहा कि स्पीकर पूरे सदन के होते हैं और उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना बेहद अफसोसजनक है। सदन में बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि जब ओम बिरला को स्पीकर चुना गया था, तब पक्ष और विपक्ष दोनों के नेता उन्हें कुर्सी तक लेकर गए थे। उन्होंने कहा कि स्पीकर सभी सदस्यों के हितों के संरक्षक होते हैं और उनकी निष्ठा पर सवाल उठाना संसदीय परंपराओं के खिलाफ है। गृह मंत्री ने कहा कि विपक्ष ने स्पीकर की निष्ठा पर सवाल खड़े कर लोकतंत्र की साख पर ही सवालिया निशान लगा दिया है। उन्होंने कहा कि संसद की कार्यवाही आपसी विश्वास और सम्मान की भावना से चलती है। अमित शाह ने कहा कि लोकसभा को कैसे चलाना है, इसके नियम इसी सदन ने बनाए हैं। उन्होंने कहा कि सदस्य अपने अधिकारों की बात कर सकते हैं, लेकिन नियमों के खिलाफ बोलने का किसी को अधिकार नहीं है।

Share
11 Mar 2026, 05:23:21 PM IST

Parliament Session Live Updates: स्पीकर की निष्ठा पर सवाल की निंदा करते है, लोकसभा में अमित शाह

Parliament Session Live Updates: लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जब आप अध्यक्ष की निष्ठा पर सवाल करते हैं तो आप अजीब प्रकार की स्थिति का निर्माण कर देते हैं। जिसको मध्यस्थता करनी है, जिसका संरक्षण लोकसभा के कार्यकाल की समाप्ति तक आपको मांगना है उसकी निष्ठा पर ही आप सवाल कर देते हैं? ये हमारी उच्च परंपराओं के निर्वहन में करने के लिए बहुत अफसोसजनक घटना है।

Share
11 Mar 2026, 05:20:41 PM IST

Parliament Session Live Updates: सदन चलाने को बनाए गए हैं नियम, लोकसभा में अमित शाह

Parliament Session Live Updates: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा में कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सदन आपसी विश्वास से चलता है और पक्ष-विपक्ष दोनों के लिए लोकसभा स्पीकर अभिरक्षक की भूमिका निभाते हैं। अमित शाह ने कहा कि लोकसभा को किस प्रकार चलाया जाए, इसके लिए इसी सदन ने नियम बनाए हैं और सभी सदस्यों को उन्हीं नियमों के तहत बोलना होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन बातों की अनुमति सदन के नियम नहीं देते, उन्हें उठाने का अधिकार किसी भी सदस्य को नहीं है, चाहे वह किसी भी दल का क्यों न हो। उन्होंने आगे कहा कि जब कोई सदस्य नियमों की अनदेखी करता है, तो स्पीकर का पवित्र दायित्व होता है कि वह उसे रोके, टोके और आवश्यकता पड़ने पर सदन से बाहर भी करे। शाह ने यह भी कहा कि ये नियम आज के नहीं हैं, बल्कि नेहरू के समय से ही चले आ रहे हैं।

Share
11 Mar 2026, 05:17:18 PM IST

Parliament Session Live Updates: विपक्ष ने स्पीकर के पद पर उठाए सवाल, लोकसभा में अमित शाह

Parliament Session Live Updates: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह लोकसभा स्पीकर के समक्ष आए अविश्वास प्रस्ताव पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए खड़े हुए हैं। अमित शाह ने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है। करीब चार दशकों बाद एक बार फिर लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। उनके मुताबिक यह घटना संसदीय राजनीति और सदन, दोनों के लिए ही अफसोसजनक है। उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा अध्यक्ष किसी एक दल के नहीं होते, बल्कि पूरे सदन के होते हैं। एक तरह से वे सदन के सभी सदस्यों के अधिकारों के संरक्षक भी होते हैं।

Share
11 Mar 2026, 03:00:42 PM IST

Parliament Session Live Updates: सरकार का फैसला सही- कपिल सिब्बल

Parliament Session Live Updates: राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी की खबरों पर कहा है कि सरकार ने मौजूदा हालातों में सही फैसला लिया है। उन्होंने कहा, "जंग चलती रहेगी तो बहुत किल्लत होगी। कई सेक्टर पर इसका प्रभाव पड़ेगा इसलिए सरकार ने सही किया है कि इसको प्राथमिकता दी है कि सबसे पहले कंज्यूमरर्स को मिलना चाहिए और उसके बाद इंडस्ट्रीज़ को देना चाहिए। यह फैसला सही है। लेकिन उन्हें जो दूरदृष्टि दिखानी चाहिए थी वो नहीं दिखाई। हिंदुस्तान मुश्किल स्थिति में है...।"

Share
11 Mar 2026, 02:26:51 PM IST

Parliament Session Live Updates: हम खामेनेई को सलाम करते हैं, जिन्होंने अमेरिका के आगे घुटने नहीं टेके- सपा सांसद

Parliament Session Live Updates: समाजवादी पार्टी (सपा) के एक सांसद ने बुधवार को सरकार पर अमेरिका के सामने झुकने का आरोप लगाते हुए कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खोमेनेई ने अमेरिका के आगे घुटने नहीं टेके, बल्कि शहादत को गले लगाया। लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए सपा सांसद आनंद भदौरिया ने यह बात कही। उन्होंने कहा, ''भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि गाजा-इजराइल संघर्ष के बाद विश्व के कौन से देश के प्रधानमंत्री ने इजराइल का दौरा किया। मैं जानना चाहता हूं कि किस की सलाह पर प्रधानमंत्री ने युद्ध के मुहाने पर खड़े देश का दौरा किया।'' भदौरिया ने कहा, ''हम सलाम करते हैं ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खोमेनेई को, जिन्होंने अमेरिका के आगे घुटने नहीं टेके बल्कि शहादत को गले लगाया। आपने (सरकार ने) अमेरिका के आगे घुटने टेक लिए।''

Share
11 Mar 2026, 01:54:32 PM IST

Parliament Session Live Updates: तू लाख बेवफा है मगर सर उठा के चल… TMC सांसद का शायराना अंदाज

Parliament Session Live Updates: टीएमसी संसद सयानी घोष ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार सदन में बेरोजगारी, एपस्टीन फाइल्स, SIR जैसे मुद्दों पर चर्चा नहीं होने देती है। वहीं ओम बिरला के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें खेद हैं कि वह पहली बार सांसद बनी हैं लेकिन उन्हें ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करता पड़ा है। इस दौरान उनका शायराना अंदाज देखने भी को मिला। उन्होंने अपना वक्तव्य खत्म करते हुए कहा, "तू लाख बेवफा है मगर सर उठा के चल, दिल रो पड़ेगा तुझको पशेमां देखकर।"

Share
11 Mar 2026, 01:44:28 PM IST

Parliament Session Live Updates: किसी नेता के अहंकार की संतुष्टि के लिए लाया गया है प्रस्ताव- रविशंकर प्रसाद

Parliament Session Live Updates: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए विपक्ष द्वारा लाया गया प्रस्ताव उनके खिलाफ अविश्वास के लिए नहीं, बल्कि 'किसी' के अहंकार की संतुष्टि के लिए लाया गया है। विपक्ष द्वारा बिरला के खिलाफ लाए गए प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए प्रसाद ने कहा, ''लोकसभा अध्यक्ष के पद के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को किसी के अहंकार की संतुष्टि का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।'' प्रसाद ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए कहा, ''यह प्रस्ताव बिरला के खिलाफ अविश्वास के लिए नहीं, बल्कि किसी के अहं की संतुष्टि के लिए लाया गया है।''

Share
11 Mar 2026, 01:19:20 PM IST

Parliament Session Live Updates: कांग्रेस ने ओम मोदी की गैरमौजूदगी पर उठाए सवाल

Parliament Session Live Updates: कांग्रेस सांसद के सी वेणुगोपाल ने लोकसभा में पीएम मोदी की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाए हैं।

Share
11 Mar 2026, 12:32:30 PM IST

Parliament Session Live Updates: अपना नाम लिए जाने पर भड़के राहुल गांधी

Parliament Session Live Updates: लोकसभा में चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष द्वारा बार बार अपना नाम लिए जाने पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भड़क उठे। उन्होंने कहा है कि देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब नेता प्रतिपक्ष को सदन में बोलने नहीं दिया गया। और बार बार मेरा नाम लिया जा रहा है।

Share
11 Mar 2026, 12:20:31 PM IST

Parliament Session Live Updates: स्थगन के बाद लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू

Parliament Session Live Updates: स्थगन के बाद लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है। भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने विपक्ष पर निशाना साधा है।

Share
11 Mar 2026, 11:58:00 AM IST

Parliament Session Live Updates: रसोई गैस की किल्लत को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन, प्रिंयका गांधी भी हुईं शामिल

Parliament Session Live Updates: विपक्ष ने देश में रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर संसद परिसर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी कांग्रेस नेताओं के साथ इस प्रदर्शन में शामिल हुईं।

Share
11 Mar 2026, 11:46:51 AM IST

Parliament Session Live Updates: एलपीजी की कमी पर राज्यसभा में चर्चा की मांग, भाकपा सांसद ने दिया नोटिस

Parliament Session Live Updates: देश के कई हिस्सों में एलपीजी की कथित कमी पर चर्चा कराने की मांग को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के सदस्य संदोष कुमार पी ने बुधवार को राज्य सभा में कार्यस्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। संदोष कुमार ने नियम 267 के तहत यह नोटिस दिया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला बुरी तरह प्रभावित हुई है। इसके चलते एलपीजी की आपूर्ति में देरी, कीमतों में वृद्वि और आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो गयी है। कई राज्यों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की अनियमित आपूर्ति, लंबा इंतजार और अचानक कीमतों में बढ़ोतरी की शिकायतें सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों परिवार, खासकर गरीब और मध्यम वर्ग, खाना पकाने के लिए एलपीजी पर निर्भर हैं। एलपीजी की कमी से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छोटे होटल, रेस्तरां और खाद्य व्यवसाय से जुड़े लोगों पर भी इसका गंभीर असर पड़ रहा है। सांसद ने सरकार से एलपीजी भंडार की वास्तविक स्थिति, आपूर्ति बनाए रखने के लिए उठाए गए कदमों और उपभोक्ताओं को राहत देने की योजना पर सदन को जानकारी देने की मांग की है।

Share
11 Mar 2026, 11:32:22 AM IST

Parliament Session Live Updates: लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

Parliament Session Live Updates: विपक्ष के हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

Share
11 Mar 2026, 11:24:52 AM IST

Parliament Session Live Updates: विपक्ष की नारेबाजी पर रेल मंत्री का तंज

Parliament Session Live Updates: लोकसभा में प्रश्न काल के दौरान विपक्ष ने जमकर नारेबाजी की है। इस पर तंज कसते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि विपक्ष से देश की प्रगति देखी नहीं जा रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश जिस तरह आगे बढ़ रहा है वह विपक्ष को पच नहीं रहा है।

Share
11 Mar 2026, 11:14:54 AM IST

Parliament Session Live Updates: लोकसभा में उपाध्यक्ष का नहीं होना संविधान का उल्लंघन- कांग्रेस

Parliament Session Live Updates: कांग्रेस ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के संकल्प पर चर्चा के लिए 10 घंटे का समय आवंटित किए जाने पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजिजू के बयान को लेकर बुधवार को उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सदन में 2019 से उपाध्यक्ष का नहीं होना संविधान का उल्लंघन है। कांग्रेस नेता का कहना है, "18 दिसंबर 1954 को (जैसा कि बाद में 1966 और 1987 में हुआ था) लोकसभा में अध्यक्ष के विरुद्ध प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सभापति की कुर्सी पर एक उपाध्यक्ष थे। 2019 के मध्य से लोकसभा में कोई उपाध्यक्ष नहीं है जो संविधान का स्पष्ट उल्लंघन है।"

Share
11 Mar 2026, 11:08:35 AM IST

Parliament Session Live Updates: लोकसभा की कार्यवाही शुरू, विपक्ष ने की नारेबाजी

Parliament Session Live Updates: लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी है।

Share
11 Mar 2026, 10:45:34 AM IST

Parliament Session Live Updates: लोकसभा में वैश्विक तनाव के बीच फंसे भारतीय मछुआरों पर चर्चा की मांग

Parliament Session Live Updates: कांग्रेस सांसद विजय वसंत ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव देकर ईरान और अन्य खाड़ी देशों में फंसे भारतीय मछुआरों के मुद्दे पर तत्काल चर्चा की मांग की है। कन्याकुमारी से कांग्रेस सांसद विजय वसंत ने अपने प्रस्ताव में कहा है कि कन्याकुमारी और आसपास के जिलों के एक हजार से अधिक भारतीय मछुआरे रोजगार के लिए ईरान और अन्य खाड़ी देशों में गए थे, लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण वे वहां फंस गए हैं।

सांसद ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से अपील की है कि वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उन्हें जल्द से जल्द स्वदेश लाने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि यह एक मानवीय संकट है, जिस पर सरकार को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।

Share
11 Mar 2026, 10:17:47 AM IST

Parliament Session Live Updates: विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा इसलिए लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ संकल्प लाया गया- चिराग

Parliament Session Live Updates: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने लोकसभा में मंगलवार को विपक्ष पर आरोप लगाया कि उसके पास कोई मुद्दा नहीं बचा है और उसे राष्ट्रहित में लिये जाने वाले फैसलों से परेशानी है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाये गए विपक्ष के संकल्प पर चर्चा में भाग लेते हुए पासवान ने कहा कि अध्यक्ष कोई व्यक्ति विशेष नहीं होता, बल्कि वह संविधान के आधार पर काम करता है। उन्होंने कहा, ''विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है इसलिए वे लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ यह संकल्प लेकर आए हैं।''

Share
11 Mar 2026, 09:45:54 AM IST

Parliament Session Live Updates: विपक्ष के 50 सांसद अविश्वास प्रस्ताव से असहमत : रीजिजू

Parliament Session Live Updates: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजिजू ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि सदन के अध्यक्ष ओम बिरला ने कभी किसी के साथ पक्षपात नहीं किया और विपक्ष के सदस्यों ने उन्हीं के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है। बिरला को हटाने के लिए सदन में लाए गए संकल्प पर चर्चा में भाग लेते हुए रीजीजू ने दावा किया कि विपक्ष के कई सांसद इस प्रस्ताव के समर्थन में नहीं हैं। उन्होंने कहा, ''विपक्ष के कम से कम 50 से ज्यादा सांसद मुझसे मिले हैं और कहा कि वे बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव से सहमत नहीं हैं, हम मजबूरी में ऐसा कर रहे हैं।''

Share
11 Mar 2026, 08:23:45 AM IST

Parliament Session Live Updates: प्रियंका गांधी का सरकार पर हमला

Parliament Session Live Updates: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को संसद भवन में देश में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कथित कमी को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि मौजूदा हालात में संकट और गहराने वाला है। प्रियंका गांधी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भारत सरकार व्यापार समझौता मामले में जिस तरह अमेरिका के सामने झुकी है, उससे हालात और बिगड़ सकते हैं। उन्होंने कहा “संकट गहराता जा रहा है। आगे और गहरायेगा। दुनिया में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है, इसलिए इसका असर और बढ़ेगा। जिन मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, उन पर चर्चा नहीं हो रही है।” प्रियंका ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वो कभी झुके नहीं हैं और वो सच कहते हैं। राहुल गांधी अपनी बात से कभी पीछे नहीं हटते हैं।

Share
11 Mar 2026, 08:00:33 AM IST

Parliament Session Live Updates: अमित शाह ले सकते हैं हिस्सा

Parliament Session Live Updates: बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा ले सकते हैं।

Share

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsदेशParliament Session : स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव गिरा, हंगामे के बीच ध्वनिमत से फैसला