Amit Kumar| लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली |
Thu, 05 Feb 2026 11:03 PM IST हमें फॉलो करें![]()
![]()
Parliament Session LiveUodates: भारतीय संसद का बजट सत्र इन दिनों बेहद हंगामेदार माहौल में चल रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक जारी है। लोकसभा में लगातार कई दिनों से विपक्षी सांसदों के हंगामे के कारण कार्यवाही शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकसभा में प्रस्तावित भाषण कल स्थगित हो गया था। पीएम मोदी ने आज राज्यसभा में जवाब दिया। इस दौरान विपक्षी पार्टियों के सांसद नारेबाजी की और कुछ देर बाद राज्यसभा से वॉकआउट कर गए। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि जो थक गए वे बेचारे चले गए। बता दें कि विपक्ष के 8 सांसदों के निलंबन, राहुल गांधी के पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरावणे की अप्रकाशित किताब के हवाले से उठाए गए सवालों, भारत-अमेरिका व्यापार डील और अन्य मुद्दों पर गतिरोध बरकरार है। क्या आज सदन सुचारू रूप से चल पाएगा या गतिरोध और बढ़ेगा? पल-पल की अपडेट के लिए जुड़े रहिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ।
5 Feb 2026, 09:42:37 AM IST
Sansad LIVE: राहुल गांधी ने जो कहा, उसमें कोई गलत इरादा नहीं था- उदित राज
Sansad LIVE: राहुल गांधी की केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा- राहुल गांधी का दिल बहुत साफ है। उन्होंने यह मजाक में कहा था, जिसे बीजेपी ने बहुत बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया है और रवनीत सिंह बिट्टू को हीरो बना दिया है... और उन्हें नाराज होने की क्या जरूरत है? कांग्रेस पार्टी ने ही उनके पूरे परिवार को नेता बनाया है। तो, उन्होंने सच में धोखा दिया है। राहुल गांधी ने जो कहा, उसमें कोई गलत इरादा नहीं था...
5 Feb 2026, 09:41:34 AM IST
Sansad LIVE: राहुल गांधी के मूल्य कैसे हैं... भाजपा सांसद का तंज
Sansad LIVE: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर की गई टिप्पणी पर बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा- यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता केंद्र सरकार के एक जिम्मेदार मंत्री को देशद्रोही कहते हैं। इससे पता चलता है कि राहुल गांधी के मूल्य कैसे हैं...
5 Feb 2026, 09:27:38 AM IST
Sansad LIVE: राहुल गांधी के केंद्रीय मंत्री बिट्टू को 'गद्दार' कहने पर विवाद, भाजपा का पलटवार
Sansad LIVE: कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बुधवार को केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को गद्दार कहे जाने से विवाद खड़ा हो गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राहुल की इस टिप्पणी को पूरे सिख समुदाय का अपमान करार देते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से उनके(राहुल के) खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपा के कई शीर्ष नेताओं ने गांधी पर हमला करते हुए उनपर 'सिख विरोधी मानसिकता' रखने का आरोप लगाया, जबकि कुछ सिख सांसदों ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष का समर्थन किया। भाजपा की दिल्ली इकाई के नेताओं ने भी कांग्रेस के अकबर रोड स्थित कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच बुधवार को नोकझोंक देखने को मिली जब संसद परिसर में कांग्रेस नेता ने उन्हें 'गद्दार' कहकर संबोधित किया और उसके जवाब में बिट्टू ने 'देश का दुश्मन' कहा। यह घटना संसद के मकर द्वार के निकट उस वक्त हुई, जब संसद के बजट सत्र की शेष अवधि से निलंबित किए गए आठ विपक्षी सांसद प्रदर्शन कर रहे थे। कांग्रेस के सांसद रह चुके बिट्टू संसद भवन में प्रवेश कर रहे थे और यह टिप्पणी करते हुए सुने गए कि ये (प्रदर्शन कर रहे सांसद) जंग जीतकर आए हैं।
5 Feb 2026, 09:22:07 AM IST
Budget Session LIVE: प्रमुख घटनाक्रम: अब तक क्या-क्या हुआ?
Budget Session LIVE: 8 विपक्षी सांसद निलंबित: लोकसभा में अशोभनीय आचरण और पीठासीन अधिकारी पर कागज फेंकने के आरोप में कांग्रेस के अमरेंद्र सिंह राजा वडिंग और हिबी ईडन सहित 8 सांसदों को शेष सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है।
जनरल नरवणे की 'अनपब्लिश्ड' किताब पर विवाद: राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की एक अप्रकाशित किताब का हवाला देते हुए चीन सीमा विवाद पर सरकार को घेरा, जिसका रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कड़ा विरोध किया।
इंडिया-यूएस ट्रेड डील: राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बयान दिया और इसे भारतीय किसानों और अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक बताया।
5 Feb 2026, 09:20:53 AM IST
Budget Session LIVE: क्या आज बोलेंगे पीएम मोदी?
Budget Session LIVE: सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्यसभा में 'धन्यवाद प्रस्ताव' पर चर्चा का जवाब दे सकते हैं। कल लोकसभा में भारी हंगामे के कारण पीएम का भाषण नहीं हो सका था और सदन स्थगित कर दिया गया था।
5 Feb 2026, 09:20:30 AM IST
Budget Session LIVE: लोकसभा में पीएम मोदी का भाषण टल गया
Budget Session LIVE: एक दिन पहले यानी 4 फरवरी को विपक्षी सदस्यों के लगातार हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही तीन बार के स्थगन के बाद शाम पांच बजे दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़े मुद्दे उठाने की अनुमति नहीं मिलने और आठ विपक्षी सदस्यों के निलंबन के मुद्दे पर गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब आज शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए जाने की संभावना से जुड़ी खबरों के बीच, पांच बजे सदन की बैठक दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में कुछ किताबों का जिक्र करते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा और इस मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण भी सदन की कार्यवाही एक बार स्थगित करनी पड़ी।
5 Feb 2026, 09:18:50 AM IST
Budget Session LIVE: आज भी हंगामे के आसार
Budget Session LIVE: आज बजट सत्र का सातवां दिन है। विपक्ष कल हुए 8 सांसदों के निलंबन और राहुल गांधी को भाषण पूरा न करने देने के मुद्दे पर सदन में सरकार को घेरने की तैयारी में है।
लेटेस्ट Hindi News ,
बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक
, ऑटो, करियर , और राशिफल,
पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।