बालों के चक्कर में मकसद भूला आतंकी, पाकिस्तान से आकर कश्मीर में करवाया हेयर ट्रांसप्लांट

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

पाकिस्तानी आतंकवादी उस्मान उर्फ जट्टी ने भारत आकर हेयरट्रांस प्लांट करवाया है। जांच कर्मियों के मुताबिक जट्टी ने बताया कि पाकिस्तान में उसकी ट्रेनिंग के दौरान उसे कश्मीर की जो हालत बताई गई थी, वह बिलकुल अलग थी।

बालों के चक्कर में मकसद भूला आतंकी, पाकिस्तान से आकर कश्मीर में करवाया हेयर ट्रांसप्लांट

पाकिस्तान से आने वाले आतंकवादी अक्सर भारत में हिंसा फैलाने या लोगों को भर्ती करने की कोशिश करते हैं। लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकवादी मोहम्मद उस्मान उर्फ चीनी, ऐसा ही एक मकसद लेकर भारत में आया हुआ था, लेकिन कश्मीर के हालत और यहां की तकनीक देखकर उसका मन अपनी वर्षों पुरानी बालों की समस्या का इलाज ढूंढ़ने में निकल गया। इसी क्रम में उसने श्रीनगर के एक क्लीनिक पर अपना हेयर ट्रांसप्लांट भी करवाया। इसके बाद वह सुरक्षा बलों के हत्थे चढ़ गया।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, मोहम्मद उस्मान जट्ट उर्फ 'चीनी' को अप्रैल में श्रीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान चीनी ने जो जानकारी दी उससे आतंकवादियों के एक बड़े मॉड्यूल का भांडा फोड़ हुआ है। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों की जानकारी के अलावा चीनी ने अपने कुछ निजी राज भी खोले।

अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान चीनी ने बताया कि पाकिस्तान में ट्रेनिंग के दौरान उसे जम्मू-कश्मीर के कुछ वीडियो दिखाए गए थे। लेकिन जब वह यहां आया, तो तस्वीर बिलकुल अलग थी। यहां के हालात देखने के बाद उसने अपने कुछ निजी फायदे लेने की भी सोची। अधिकारियों के मुताबिक, चीनी अपने शुरुआती दिनों से ही बाल झड़ने की समस्या से पीड़ित था, जिसकी वजह से उसका आत्म विश्वास बुरी तरह से हिला हुआ था। उसे लगता था कि इसका इलाज केवल पश्चिमी देशों में ही संभव है। लेकिन कश्मीर के हालात देखने के बाद उसे बड़ा अचरज हुआ।

चीनी के मुताबिक, उसके एक अन्य पाकिस्तानी साथी आतंकवादी जरगाम ने उसकी मुलाकात जम्मू-कश्मीर के एक दुकानदार से करवाई थी। वह दुकानदार पहले से ही हेयर ट्रांसप्लांट करवाए हुए था। ऐसे में बाल लगवाने की उसकी वर्षों पुरानी इच्छा जाग गई।

जांचकर्ताओं के अनुसार, इसके बाद चीनी ने दुकानदार की सहायता से क्लीनिक तक पहुंच बनाई और फिर इसके बाद अपना हेयर ट्रांसप्लांट करवाया। इसके बाद वह श्रीनगर से जम्मू लौट गया। यहां पर उसने अपने काम को जारी रखा। लेकिन बाद में फर्जी पैनकार्ड और आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया के दौरान वह सुरक्षा कर्मियों के निशाने पर आ गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें