
जब से PM मोदी सत्ता में आए हैं, तब से भारतीय सेना..., X पर ये झूठ फैला रहे पाकिस्तानी
PIB ने मंगलवार को कहा, 'कई पाकिस्तानी प्रोपेगैंडा हैंडल डॉक्टर्ड वीडियो शेयर कर रहे हैं, जिसमें CDS अनिल चौहान को भारत के प्रधानमंत्री और भारतीय सेना को बिहार से जोड़ते हुए गलत तरीके से दिखाया गया है।'
दिल्ली बम धमाके की जांच जारी है। इसी बीच पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से सोशल मीडिया पर झूठी खबरें फैलाने का मामला सामने आया है। हाल ही में PIB यानी प्रेस इंफर्मेशन ब्यूरो की तरफ से कुछ पोस्ट चिह्नित की हैं, जिनके जरिए दिल्ली की घटना को लेकर झूठी जानकारी फैलाई जा रही है। साथ ही भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान के नाम से भी फर्जी वीडियो शेयर किया जा रहा है।

सीडीएस से जुड़े वीडियो में क्या
PIB ने मंगलवार को कहा, 'कई पाकिस्तानी प्रोपेगैंडा हैंडल डॉक्टर्ड वीडियो शेयर कर रहे हैं, जिसमें CDS अनिल चौहान को भारत के प्रधानमंत्री और भारतीय सेना को बिहार से जोड़ते हुए गलत तरीके से दिखाया गया है।' PIB ने साफ किया है, 'सीडीएस ने ऐसा कोई भी बयान नहीं दिया है। यह वीडियो झूठी जानकारी फैलाने और भारतीय सेना पर भरोसा कम करने के मकसद से AI की मदद से बनाया गया है।'
AI की मदद से बनाए गए इस फर्जी वीडियो के अनुसार, सीडीएस कह रहे हैं, 'एक पेशेवर सेना हमेशा देश के लिए लड़ती है, लेकिन जब से पीएम मोदी सत्ता में आए हैं, उन्होंने भारतीय सेना को अपने राजनीतिक दल का चमचा समझ लिया है। इसलिए हम भारतीय सेना के भगवाकरण का विरोध करते हैं।'
PIB ने इस तरह से फर्जी वीडियो के जरिए सतर्क रहने और आगे फॉरवर्ड नहीं करने की सलाह दी है।
दिल्ली धमाके पर वायरल हो रहे झूठे दावे
PIB ने कहा है, 'पाकिस्तानी प्रोपेगैंडा अकाउंट एक्टिव हो गए हैं और यह दावा कर झूठी जानकारी फैलाने की कोशिश कर रहे हैं कि दिल्ली में लाल किले के पास हुआ धमाका झूठा ऑपरेशन था।' ब्यूरो ने बताया, 'ये दावे झूठे और निराधार हैं।'
ऐसे ही एक झूठे वायरल पोस्ट के अनुसार, 'जांच में पता चला है कि इस्लामाबाद में धमाका तालिबान शासन और भारत के समन्वय से मिलकर हुआ है और आगे सबूत देता रहूंगा। कल दिल्ली में हुए आत्मघाती हमले का बदला लेने के लिए तालिबान ने भारत के प्रति अपनी वफादारी साबित करने के लिए इस्लामाबाद में सुसाइड बॉम्बर भेजा था।'



