‘पाकिस्तान की हालत खराब थी, डर से लिया था अभिनंदन को छोड़ने का फैसला’, जब PAK सांसद ने खोली थी पोल
पाकिस्तानी फाइटर प्लेन को मार गिराने के बाद और दुश्मन की जमीन पर बेखौफ होकर चाय पीने वाले अभिनंदन को लेकर पाकिस्कानी सेना चीफ के कांप रहे थे। इस बात का खुलासा खुद एक पाकिस्तानी सांसद ने किया था।
Abhinandan Varthaman : 1 मार्च 2019 की शाम को पूरी दुनिया की निगाहें भारत-पाकिस्तान के अटारी-वाघा बॉर्डर पर टिकी थीं। इस दिन भारत ने रोजाना होने वाली बीटिंग रिट्रीट को भी कैंसिल कर दिया था। सभी निगाहें अटारी-वाघा बॉर्डर पर टिकी ही थी कि रात के करीब 8.45 बजे पाकिस्तान की तरफ से एक ऐसा शख्स दिखाई देता है, जिसका इंतजार पूरा भारत कर रहा था। ये शख्स कोई और नहीं बल्कि विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान थे।
पाकिस्तानी फाइटर प्लेन को मार गिराने के बाद और दुश्मन की जमीन पर बेखौफ होकर चाय पीने वाले अभिनंदन को लेकर पाकिस्कानी सेना चीफ कांप रहे थे। इस बात का खुलासा खुद एक पाकिस्तानी सांसद ने किया था।
फिर चर्चा में हैं अभिनंदन
बेखौफ होकर 50 घंटे से ज्यादा पाकिस्तान की जमीन गुजारने वाले अभिनंदन वर्धमान एक बार फिर चर्चा में हैं। बता दें कि, भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन रहे अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना छोड़ दी है और अब वह प्राइवेट एयरलाइन Fly91 से जुड़ गए हैं। फिलहाल इस मामले में अभी आधिकारिक रूप से कोई भी जानकारी सामने नहीं आई है।
कांप रहे थे पाकिस्तानी सेना चीफ
पाकिस्तान नेशनल असेंबली में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-एन (PML-N) के नेता अयाज सादिक ने कहा कि विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने एक अहम मीटिंग में कहा था कि अगर हम अभिनंदन को नहीं छोड़ते हैं, तो भारत रात 9 बजे तक हमला कर देगा। सादिक ने विपक्षी नेताओं को बताया, "इस मुद्दे को लेकर विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने PPP, PML-N और सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा समेत दूसरे नेताओं के साथ बैठक की थी। मुझे याद है कि मीटिंग के दौरान आर्मी चीफ बाजवा कमरे में आए, उस समय उनके पैर कांप रहे थे और वे पसीना-पसीना थे।" सादिक के मुताबिक मीटिंग में शामिल होने से इमरान खान ने इनकार कर दिया था। विदेश मंत्री ने मीटिंग में आर्मी चीफ से कहा था- 'अभिनंदन को जाने दो, नहीं तो भारत हमला कर देगा।'
मार गिराया था F-16 फाइटर प्लेन
14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में CRPF के काफिले पर आतंकी हमला हुआ था। देश के 40 जवान शहीद हो गए थे। उसके करीब दो हफ्ते बाद 26 फरवरी की रात को भारतीय वायुसेना के 12 मिराज विमानों ने LoC से 80 किमी अंदर पाकिस्तान में घुसकर जैश के आतंकी अड्डे को तबाह कर दिया। इसके जवाब में अगले दिन 27 फरवरी को भारतीय वायु सेना के उत्तरी मुख्यालय ने ट्रैक किया कि पाकिस्तान से 10 F16 फाइटर जेट्स ने उड़ान भरी है। पाकिस्तान के ये विमान भारतीय सीमा में घुसने के फिराक में थे। भारत की ओर से तुरंत जमीन से जवाबी हमला शुरू हुआ। भारत की ओर से सुखोई और मिग-21 बाइसन मैदान में उतरे। वहीं डॉग फाइट के दौरान अभिनंदन ने अपने MiG-21 Bison से पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया। इसके बाद उनका विमान भी मिसाइल की चपेट में आ गया और उन्हें पैराशूट से बाहर निकलना पड़ा। अभिनंदन की बहादुरी के लिए त्तकालिक राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया था।


