
पाकिस्तान ने लीपा घाटी के पास की गोलीबारी, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने छोटे हथियारों का इस्तेमाल किया और 26-27 अक्टूबर की मध्यरात्रि में मोर्टार गोलाबारी का सहारा लिया। पाकिस्तान की ओर से कई गई इस अकारण गोलीबारी का भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के पास लीपा घाटी में नियंत्रण रेखा (LoC) पर संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। पाकिस्तानी सेना की ओर से भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने छोटे हथियारों का इस्तेमाल किया और 26-27 अक्टूबर की मध्यरात्रि में मोर्टार गोलाबारी का सहारा लिया। पाकिस्तान की ओर से कई गई इस अकारण गोलीबारी का भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। इस खबर को लेकर और अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन ऐसे समय में किया, जब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत को युद्ध जैसी स्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए, क्योंकि मई में पाकिस्तान के साथ चार दिनों के सैन्य संघर्ष ने दिखा दिया कि सीमाओं पर कभी भी कुछ भी हो सकता है। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा, 'भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया था, लेकिन इसे राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में भविष्य की कार्रवाई की रूपरेखा तैयार करने और सीखने के लिए एक केस स्टडी के रूप में काम करना चाहिए।'
कुछ भी हो सकता है वाला बयान
रक्षा मंत्री ने कहा कि 7-10 मई के अभियान के दौरान स्वदेशी निर्मित सैन्य उपकरणों के प्रभावी उपयोग से क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। सिंह ने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, जहां युद्ध भी हमारे दरवाजे पर दस्तक दे रहा था। उन्होंने कहा, 'हमने दृढ़ संकल्प के साथ जवाब दिया और हमारी सेनाएं देश की सीमाओं की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं, फिर भी हमें आत्मचिंतन करते रहना होगा। ऑपरेशन सिंदूर एक केस स्टडी के रूप में काम करेगा जिससे हम सीख सकें और अपना भविष्य तय कर सकें। इस घटना ने हमें एक बार फिर दिखाया है कि हमारी सीमाओं पर, कहीं भी, कभी भी कुछ भी हो सकता है।'
(एजेंसी इनपुट के साथ)





