भारत में बिक रही गोरा करने वाली पाकिस्तानी क्रीम, स्वास्थ्य के लिए है खतरनाक; नोटिस जारी
भारत में पाकिस्तान में बनने वाली दो क्रीम को लेकर देशव्यापी चेतावनी जारी की गई है। इसमें लोगों से इस क्रीम का इस्तेमाल नहीं करने के लिए कहा गया है। यह एक गोरा करने वाली क्रीम है, जिसमें बड़े पैमाने पर हैवी मेटल्स का इस्तेमाल किया गया है।

भारत में पाकिस्तान में बनने वाली दो क्रीम को लेकर देशव्यापी चेतावनी जारी की गई है। इसमें लोगों से इस क्रीम का इस्तेमाल नहीं करने के लिए कहा गया है। यह एक गोरा करने वाली क्रीम है, जिसमें बड़े पैमाने पर हैवी मेटल्स का इस्तेमाल किया गया है। सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (सीडीएससीओ) ने उपभोक्ताओं को आगाह किया है कि इन क्रीम को ना खरीदें। इन दोनों क्रीमों का नाम है, गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम। एक पब्लिक नोटिस के जरिए लोगों को इस क्रीम से बचने की सलाह दी गई है।
नोटिस में क्या कहा गया
विभाग द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि दोनों प्रोडक्ट्स का टेस्ट किया गया है। इसमें इन्हें मानकों के अनुकूल नहीं पाया गया। यह दोनों क्रीम, भारत में बेचे जाने के लिए रजिस्टर्ड नहीं हैं। इसके अलावा इसमें इस्तेमाल होने वाले भारी मेटल्स स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इनका स्वास्थ्य पर टॉक्सिक प्रभाव भी हो सकता है। नियामक की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि अगर किसी ने इन्हें खरीद भी लिया है तो इसका अपने ऊपर इस्तेमाल ना करे। इस नोटिस में इन दोनों क्रीम का नाम साफ तौर पर लिया गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि इसका यह मतलब नहीं है कि सभी फेयरनेस क्रीम खराब होती हैं।
क्यों मेटल्स हैं स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह
हेवी मेटल्स स्वास्थ्य के लिए बहुत नुकसानदेह होते हैं। कुछ मेटल्स शरीर के लिए जहरीले हो सकते हैं। अगर किसी क्रीम में यह हेवी मेटल्स यूज किए गए हैं तो बार-बार स्किन पर इनके इस्तेमाल से यह खून में जा सकते हैं। स्किन फेयरनेस प्रोडक्ट्स में पाया जाने वाला पारा तंत्रिका तंत्र और किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है। हालांकि, सीडीएससीओ के नोटिस में यह नहीं बताया गया है कि गोरी ब्यूटी क्रीम या चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम में कौन-कौन से हेवी मेटल्स पाए गए। लेकिन नोटिस में सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बारे में जरूर बताया गया है।
भारत में कैसे पहुंची पाकिस्तान मेड क्रीम्स
नोटिस में यह स्पष्ट नहीं बताई गई है कि पाकिस्तान की यह दोनों क्रीम भारत पहुंचीं कैसे? डॉक्यूमेंट्स में इन प्रोडक्ट्स को अनधिकृत बताया गया है। साथ ही कहा गया है कि इनके पास जरूरी आयात पंजीकरण प्रमाण पत्र नहीं थे। यह संस्थानों और व्यक्तियों को इन्हें बेचने, वितरित करने या विज्ञापन करने से भी चेतावनी देता है। भारतीय बाजारों में इन उत्पादों की मौजूदगी इस सवाल को जन्म देती है कि अनधिकृत कॉस्मेटिक्स देश में कैसे लाए जा रहे हैं और ये उपभोक्ताओं तक कैसे पहुंचते हैं।


