ट्रेड डील नहीं, अमेरिका के पक्ष में झुका समझौता; पूर्व वित्तमंत्री ने उठा दिया बड़ा सवाल
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील के बीच पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने बड़ा दावा किया है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता का कहना है कि यह कोई ट्रेड डील नहीं है। बल्कि यह एक अंतरिम समझौता है, जिसे द्विपक्षीय ट्रेड डील कहकर सेलिब्रेट किया जा रहा है।

भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील के बीच पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने बड़ा दावा किया है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता का कहना है कि यह कोई ट्रेड डील नहीं है। बल्कि यह एक अंतरिम समझौता है, जिसे द्विपक्षीय ट्रेड डील कहकर सेलिब्रेट किया जा रहा है। पी चिदंबरम ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि दोनों पक्षों द्वारा साइन किया हुआ कोई डील डॉक्यूमेंट पब्लिक डोमेन में मौजूद नहीं है। उन्होंने कहाकि हमें जो उपलब्ध कराया गया है वह वाइट हाउस द्वारा जारी किया गया एक संयुक्त वक्तव्य है। इस संयुक्त वक्तव्य को पढ़ने के बाद मैं यही कह सकता हूं कि यह पूरी तरह से अमेरिका के पक्ष में झुका हुआ है।
सरकार बचना क्यों चाहती है
पी चिदंबरम ने आगे कहाकि सेक्शन 232 जांच भी पब्लिक में जारी नहीं की गई है। एनडीटीवी के मुताबिक यूपीए सरकार के दौरान वित्तमंत्री रहे चिदंबरम ने कहाकि बिना इन कागजातों और जांच की डिटेल के आप संयुक्त वक्तव्य से क्या हासिल कर लेंगे। उन्होंने कहाकि मैं सिर्फ इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूं कि यह अंतरिम समझौता भर है। जो, एक अंतरिम समझौता बन सकता है।
जब चिदंबरम से पूछा गया कि वह सरकार से क्या चाहते हैं? इस पर उन्होंने कहाकि आखिर सरकार राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा पारित आदेशों को सामने लाने से बचना क्यों चाहती है। सरकार को यह बताना चाहिए कि आखिर डोनाल्ड ट्रंप के आदेशों में है क्या? चिदंबरम ने यह भी सवाल उठाया कि क्या सरकार को सेक्शन 232 इंवेस्टिगेशन के बारे में नहीं पता? अगर उसे इस बारे में जानकारी नहीं है तो फिर उसने संयुक्त वक्तव्य जारी ही क्यों किया।
कैसे कहेंगे डिप्लोमैटिक जीत?
इस डील को भारत की डिप्लोमैटिक जीत कहे जाने पर भी चिदंबरम ने नाखुशी जताई। उन्होंने कहाकि मुझे यह बात समझ नहीं आ रही है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहाकि वह भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट के बारे में कुछ नहीं जानते। अगर विदेश मंत्री को ही इस बारे में जानकारी नहीं है तो मैं इसे कैसे डिप्लोमैटिक जीत मान लूं। उन्होंने यह भी कहा कि इस सौदे में मौजूद असमानता उनके लिए चिंता का विषय थी।
चिदंबरम ने आगे कहाकि अप्रैल 2025 से पहले टैरिफ क्या थे? यह औसतन दो से तीन प्रतिशत के बीच था। कुछ वस्तुओं में, यह थोड़ा अधिक हो सकता था... अप्रैल 25 से पहले के टैरिफ की तुलना में, यह एक बड़ा उछाल है।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


