जिंदा है ओसामा बिन लादेन का बेटा? अल-कायदा ने पहली बार जारी किया अनदेखा वीडियो
ओसामा बिन लादेन के बेटे हमजा का नया VIDEO सामने आया है। अब अल-कायदा के मीडिया विंग ने करीब 50 मिनट का वीडियो जारी किया है, जिसमें हमजा के साथ अयमान अल-जवाहिरी की कुछ तस्वीरें भी दिखाई गई हैं।

9/11 हमलों की 25वीं बरसी के मौके पर अल-कायदा के आधिकारिक मीडिया विंग अस-सहाब ने हमजा बिन लादेन का एक वीडियो जारी किया है। हमजा, अल-कायदा के संस्थापक ओसामा बिन लादेन का बेटा और उसका नामित उत्तराधिकारी था। खास बात यह है कि 2019 में हमजा के अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा के पास अमेरिकी आतंकवाद रोधी अभियान में मारे जाने की खबर सामने आई थी। हमजा के इस नए वीडियो ने खुफिया मामलों के जानकारों का ध्यान खींचा है। वीडियो में हमजा की ऐसी फुटेज दिखाई गई है, जिसे पहले सार्वजनिक नहीं किया गया था।
50 मिनट के वीडियो में अयमान अल-जवाहिरी की तस्वीरें भी
अल-कायदा की ओर से जारी करीब 50 मिनट लंबे वीडियो का शीर्षक “11 सितंबर के हमलों के पच्चीस साल” है। इसमें मारे जा चुके अल-कायदा प्रमुख अयमान अल-जवाहिरी की कुछ ऐसी तस्वीरें भी दिखाई गई हैं, जो पहले सामने नहीं आई थीं। रिपोर्टों के मुताबिक, संगठन ने अब तक जवाहिरी की मौत को स्वीकार नहीं किया है और न ही उसके लिए अपनी परंपरागत अंतिम श्रद्धांजलि जारी की है।
हमजा को इस तरह दिखाया गया
वीडियो में हमजा कई बार नजर आता है। उसे फटी हुई मिट्टी की दीवार के सामने बैठा दिखाया गया है। उसने पारंपरिक सफेद पगड़ी पहन रखी है और उसके बगल में एक असॉल्ट राइफल रखी हुई दिखाई देती है।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, वीडियो की प्रस्तुति को इस तरह तैयार किया गया है कि वह वैचारिक अतीत की याद दिलाए। एक सूत्र ने कहा कि हमजा को इस अंदाज में दिखाने के पीछे दो मकसद नजर आते हैं- एक तरफ उसे उसके पिता के उत्तराधिकारी के तौर पर स्थापित करना और दूसरी तरफ शुरुआती वैश्विक जिहाद की पारंपरिक दृश्य पहचान को सामने लाना।
वीडियो की शुरुआत भी चौंकाने वाली
दिलचस्प बात यह है कि वीडियो की शुरुआत किसी अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन की फुटेज से नहीं होती। इसकी शुरुआत सितंबर 2014 में कराची के नौसैनिक डॉकयार्ड पर अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट के हमले की ऐतिहासिक फुटेज से होती है।
खुफिया सूत्रों ने कहा कि किसी क्षेत्रीय ऑपरेशन को इस तरह प्राथमिकता देना अल-कायदा के केंद्रीय नेतृत्व और उसके प्रचार तंत्र में पाकिस्तानी आतंकवादियों के प्रभाव को रेखांकित करता है।
अल-कायदा के मौजूदा प्रमुख की विचारधारा को बढ़ावा देने की कोशिश
वीडियो का उद्देश्य अल-कायदा के मौजूदा प्रमुख सैफ अल-अद्ल से जुड़ी वैचारिक विचारधारा को प्रचारित करना है। इसमें बिन लादेन के नाम का इस्तेमाल भर्ती के मकसद से किया गया है।


