सर्वदलीय बैठक में पहुंचे बागी सांसद, भड़के विपक्ष ने किया वॉकआउट, मॉनसून सत्र से पहले ही हंगामा

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

संसद के मॉनसून सत्र से पहले बुलाई गई सर्वदलीय बैठक से विपक्ष ने वॉकआउट कर दिया है। विपक्षी दलों का कहना है कि शिवसेना यूबीटी और टीएमसी के बागी सांसदों के विलय की मंजूरी का विरोध किया गया है। 

संसद का मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले ही हंगामे के आसार दिखने लगे हैं। रविवार को केंद्र की ओर से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक से विपक्ष के सांसदों ने वॉकआउट कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक बैठक में टीएमसी और शिवसेना (UBT) के बागी सांसदों को बुलाए जाने पर विपक्षी सांसद नाराज हो गए और वे बैठक छोड़कर चले गए। मॉनसून सत्र में वैधानिक एजेंडे पर बात करने के लिए यह बैठक बुलाई गई थी। बाद में बताया गया कि थोड़ी देर बाद विपक्ष के कई सांसद वापस लौटे और सर्वदलीय बैठक में शामिल हुए।

बागी सांसदों के विलय पर विरोध

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि विपक्ष ने तृणमूल और शिवसेना (उबाठा) के बागी सांसदों पर स्पीकर के फैसले के विरोध में सर्वदलीय बैठक से बहिर्गमन का फैसला किया गया है। वहीं सीपीएम नेता जॉन ब्रिटास ने कहा कि बागी तृणमूल सांसदों को सर्वदलीय बैठक में बुलाकर न्याय का उपहास किया गया है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को शिवसेना (UBT) के छह बागी सांसदों के महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय को मंजूरी दे दी। साथ ही, एक कम चर्चित राजनीतिक दल 'नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया' (एनसीपीआई) में शामिल हुए तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों के लिए लोकसभा में अलग बैठने की व्यवस्था को भी स्वीकृति प्रदान की। शिवसेना(UBT ) सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि पार्टी से बगावत करने वाले सभी सांसदों को अयोग्य ठहराया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा और इसके 13 अगस्त तक चलने की संभावना है। संसद के प्रत्येक सत्र से पहले होने वाली इस बैठक में सरकार आमतौर पर अपने विधायी कार्यक्रम की जानकारी देती है और सभी दलों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग का आग्रह करती है।

शिवसेना यूबीटी सांसद अरविंद सावंत ने कहा, संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है कि पार्टी बदलने वाले 6 सांसदों को मान्यता दी जाए। यह गैरकानूनी है और इसलीए हम इसका विरोध करते हैं।टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा, किस आधार पर बागी सांसदों को संसदीय कार्य मंत्री ने बुलाया है। जबकि टीएमसी की संख्या अब भी 28 ही दिखाई जा रही है।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद एन.डी. गुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी के 10 राज्यसभा सांसदों में से सात को 'हाइजैक' कर लिया गया है। इस संबंध में उनकी याचिका पर अभी विचार नहीं किया गया है। उन्होंने इसे अवैध बताया और कहा कि इन सांसदों को अलग और स्वतंत्र सीटें आवंटित करना गलत है। उन्होंने इसे 'लोकतंत्र की हत्या' बताया और कहा कि सरकार तथा सदन का प्रबंधन का रवैया लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। उन्होंने कहा किविपक्षी दलों ने इसी मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराने के लिए सर्वदलीय बैठक से सांकेतिक बहिर्गमन किया।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsसर्वदलीय बैठक में पहुंचे बागी सांसद, भड़के विपक्ष ने कर दिया वॉकआउट