
'अगर मुझे मौका मिला तो...', विपक्ष की ओर से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार ने मांगा समर्थन
सुदर्शन रेड्डी नई दिल्ली से लगभग 12:35 बजे चेन्नई पहुंचे और हवाई अड्डे पर उनका स्वागत डीएमके सांसदों दयानिधि मारन और ए राजा ने किया। इनमें तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष सेल्वापेरुन्थगई भी शामिल थे जो कांग्रेस विधायक दल के नेता हैं।
कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज बी. सुदर्शन रेड्डी रविवार को चेन्नई पहुंचे। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ-साथ सत्तारूढ़ द्रमुक व उसके सहयोगी दलों के सांसदों से उन्होंने अपने लिए समर्थन मांगा। रेड्डी ने कहा, 'मैं संविधान की रक्षा कर रहा था। अगर मुझे मौका दिया गया तो मैं भारत के संविधान की रक्षा और बचाव के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।' सुदर्शन रेड्डी को इंडिया गठबंधन ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के खिलाफ मैदान में उतारा गया है, जो तमिलनाडु से हैं।

सुदर्शन रेड्डी नई दिल्ली से लगभग 12:35 बजे चेन्नई पहुंचे और हवाई अड्डे पर उनका स्वागत डीएमके सांसदों दयानिधि मारन, ए राजा और अन्य लोगों ने किया। इनमें तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वापेरुन्थगई भी शामिल थे जो कांग्रेस विधायक दल के नेता भी हैं। उनके साथ सांसद और तेलंगाना के संयोजक डॉ. मल्लू रवि, कांग्रेस सांसद और राज्यसभा सांसद डॉ. सैयद नसीर हुसैन भी थे। रेड्डी का रविवार शाम तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन से मिलने और उनकी पार्टी के सांसदों का समर्थन मांगने का कार्यक्रम है, जिनकी पार्टी इंडिया गठबंधन में अहम भागीदार है।
डीएमके और सहयोगी दलों के पास कितने सांसद
वह कांग्रेस, एमडीएमके, वीसीके, माकपा, भाकपा और कमल हासन की मक्कल निधि मय्यम सहित द्रमुक के सभी सहयोगी दलों के नेताओं से भी मिलेंगे। उपराष्ट्रपति चुनाव में अपनी उम्मीदवारी के लिए उनका समर्थन मांगेंगे। डीएमके और सहयोगी दलों के पास संसद के दोनों सदनों में 53 सांसद हैं जिसमें लोकसभा में 40 और उच्च सदन में 13 सांसद हैं। अगर एनडीए के पास पर्याप्त संख्याबल है तो राधाकृष्णन तमिलनाडु से देश के दूसरे सर्वोच्च पद पर आसीन होने वाले तीसरे उपराष्ट्रपति होंगे। उनसे पहले सर्वपल्ली राधाकृष्णन और आर. वेंकटरमन थे जो बाद में देश के राष्ट्रपति भी बने। उनके बाद प्रख्यात मिसाइल वैज्ञानिक एपीजे अब्दुल कलाम का नाम आता है जो तमिलनाडु से राष्ट्रपति चुने जाने वाले तीसरे व्यक्ति थे।





