स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लामबंद हो रहा विपक्ष, अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी

Feb 09, 2026 11:57 am ISTNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

संसद में विपक्ष अब लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर रहा है। खबर है कि बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है। कहा जा रहा है कि कई विपक्षी दल इसे लेकर सहमति जता रहे हैं।

स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लामबंद हो रहा विपक्ष, अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी

संसद में विपक्ष अब लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर रहा है। खबर है कि बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है। कहा जा रहा है कि कई विपक्षी दल इसे लेकर सहमति जता रहे हैं। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। सोमवार को भी सदन को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया था।

समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि विपक्ष बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विपक्षी दल इस प्रस्ताव को लेकर एकजुट भी हो गए हैं और हस्ताक्षर होने बाकी हैं। फिलहाल, किसी पार्टी ने इसे लेकर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा है। बजट सत्र में हंगामा जारी है। एक ओर जहां विपक्ष के आरोप हैं कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया गया। वहीं, एनडीए सांसद विपक्ष पर संसद चलने नहीं देने के आरोप लगा रहे हैं।

लोकसभा में नहीं चला प्रश्नकाल

लोकसभा में सोमवार को कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के कारण प्रश्नकाल नहीं चल सका और बैठक शुरू होने के पांच मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। बैठक शुरू होते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई दी और सदस्यों ने मेजें थपथपाकर टीम की जीत की सराहना की।

इसके बाद अध्यक्ष ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू कराया, कांग्रेस के सदस्य सदन में उपस्थित नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने देने की अनुमति मांगने लगे। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रश्नकाल में केवल प्रश्न पूछे जाते हैं और कभी किसी सदस्य को अन्य कोई विषय उठाने की अनुमति नहीं दी जाती।

उन्होंने हंगामा कर रहे विपक्षी सांसदों से प्रश्नकाल चलने देने की अपील करते हुए कहा कि वह बजट पर सदन में होने वाली चर्चा में सभी सदस्यों को उनके लिए आवंटित समय के अनुसार बोलने का अवसर देंगे।

बिरला ने कहा, 'प्रश्नकाल के बाद शून्यकाल में या बजट पर चर्चा के दौरान सभी सदस्यों को बोलने का मौका दिया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष हों या कोई अन्य सदस्य हो, सभी को पूरा अवसर दिया जाता है। आप बजट पर चर्चा करते समय अपनी बात रख सकते हैं।'

उन्होंने विपक्षी सदस्यों से नियोजित तरीके से सदन की कार्यवाही बाधित नहीं करने का अनुरोध करते हुए कहा, 'प्रश्नकाल सांसदों का समय होता है। इस दौरान सदन को बाधित नहीं करें। सदन नियम प्रक्रियाओं से चलता है। नियोजित तरीके से गतिरोध और नारेबाजी के लिए सदन नहीं है।' इस दौरान कांग्रेस के सांसदों ने आसन के पास आकर नारेबाजी शुरू कर दी। शोर-शराबा जारी रहने पर अध्यक्ष ने पांच मिनट बाद ही कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।