अब एक टीम में दिखेंगे राहुल गांधी और अभिजीत दीपके? INDIA गठबंधन की बैठक में क्या फैसला

लाइव हिन्दुस्तान
share

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के घर मंगलवार को चाय पार्टी का आयोजन किया गया था। यहां इंडिया गठबंधन की आगे की स्ट्रेटेजी पर कई अहम फैसले हुए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर क्या इशारा मिला है?

Rahul Gandhi CJP Abhijeet Dipke may come together
राहुल गांधी और दीपके दोनों लगातार CEC के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अड़े लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और हाल ही में प्रेशर ग्रुप के रूप में उभरी कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके एक साथ नजर आ सकते हैं। इसका इशारा इंडिया गठबंधन की हाल ही में हुई बैठक के बाद मिला है। राहुल गांधी के घर पर बुलाई गई चाय पार्टी में इंडिया गठबंधन ने भविष्य की रणनीति बनाई है। इस दौरान इंडिया गठबंधन ने समूह का विस्तार कर इसे ‘इंडिया प्लस’ बनाने का फैसला किया है।

इससे पहले मंगलवार को हालिया घटनाक्रम को लेकर बुलाई गई इस मीटिंग में इंडिया गठबंधन ने वोट चोरी के मामले पर एकजुट होकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। विपक्षी नेताओं ने 'लोकतंत्र की बहाली का मिशन' शुरू करने की घोषणा भी की। विपक्ष ने स्पष्ट किया है कि वे सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई अपनी याचिका पर अदालत के रुख का इंतजार करेंगे, जिसके बाद देश की राजधानी में एक और बड़े विरोध मार्च का खाका तैयार किया जाएगा।

अभिजीत दीपके-राहुल गांधी आएंगे साथ?

बैठक में विपक्ष ने अपनी रणनीति को व्यापक रूप देने के लिए इंडिया गठबंधन के विस्तार का फैसला लिया है। इसे इंडिया प्लस का नाम दिया जाएगा। इस नए समूह में सिर्फ विपक्षी राजनीतिक पार्टियां नहीं होंगी, बल्कि सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्र संगठनों और अन्य सामाजिक संस्थाओं को एक मंच पर लाने की योजना है। बता दें कि बीते मई महीने में देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद कॉकरोच जनता पार्टी एक बड़े समूह के रूप में उभरी है। अभिजीत दीपके की अगुवाई वाली CJP ने खुद को पार्टी नहीं घोषित किया है और एक प्रेशर ग्रुप के रूप में काम करने की बात कही है। अब इंडिया गठबंधन के अपने समूह के विस्तार के फैसले से यह चर्चा है कि CJP भी इसका हिस्सा बन सकती है। हालांकि इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।

और क्या फैसले?

इंडिया गठबंधन की बैठक में और भी कई फैसले लिए गए। आंदोलन को और गति देने के लिए विपक्ष एक मॉक पार्लियामेंट आयोजित करने की योजना पर भी विचार कर रहा है। इसके अलावा राहुल गांधी ने सभी दलों और नेताओं को सरकार के खिलाफ अप्रत्याशित और सरप्राइज आंदोलनों के लिए तैयार रहने की अपील की है। बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “हम सब यहां एकजुट होकर खड़े हैं। जैसा कि मैंने कल कहा था, कोई अलग-अलग प्रदर्शन नहीं हो रहे हैं। यह एक ही प्रदर्शन है और इसका केवल एक ही मिशन है। भारत में लोकतंत्र की बहाली।”

इस बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, प्रियंका गांधी वाद्रा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव एम ए बेबी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी. राजा, समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक और आनंद भदौरिया, तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा और सागरिका घोष समेत कई विपक्षी नेता मौजूद रहे। वाम छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा भी मौजूद थीं।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsअब एक टीम में दिखेंगे राहुल गांधी और अभिजीत दीपके? INDIA की बैठक में क्या फैसला