INDIA March: हिरासत से छूटे राहुल-प्रियंका और सारे साथी सांसद, किंग्सवे कैम्प से निकले बाहर; हाथ में संविधान

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

भारत निर्वाचन आयोग के पास हालात लगातार नाजुक होते नजर आ रहे हैं। रैपिड एक्शन फोर्स, पुलिस और आपदा बल मौके पर मौजूद है। खबरें हैं कि आकाशवाणी भवन में कई NSUI कार्यकर्ता पहुंच गए थे, जिन्हें हिरासत में लिया गया है।

INDIA March: हिरासत से छूटे राहुल-प्रियंका और सारे साथी सांसद, किंग्सवे कैम्प से निकले बाहर; हाथ में संविधान
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को पुलिस हिरासत से छोड़ दिया गया है।

INDIA Alliance March: नई दिल्ली में आकाशवाणी भवन के बाहर धरना दे रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कई अन्य नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। रात के करीब 10 बजे इन लोगों को पुलिस ने छोड़ दिया। कांग्रेस नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। हिरासत में लिए गए नेताओं में कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा, केसी वेणुगोपाल और अमरिंदर सिंह राजा वडिंग भी शामिल हैं। नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा भी मौके पर मौजूद थे।

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन के बाहर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कई नेताओं को भी हिरासत में लिया। इनमें भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब शामिल हैं। दरअसल, कई विपक्षी दलों के नेताओं को निर्वाचचन सदन की ओर मार्च करने से रोके जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने आकाशवाणी भवन में धरना शुरू किया था। यह प्रदर्शन विपक्ष के ‘सेव डेमोक्रेसी’ अभियान का हिस्सा है। विपक्षी दल SIR को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।

यहां देखें सभी लाइव अपडेट्स-

10:45 PM- INDIA Alliance March- दिल्ली में हिरासत में लिए गए इंडिया ब्लॉक के सांसद न्यू पुलिस लाइन, किंग्सवे कैंप से रवाना हो गए हैं। इस दौरान कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि आज जो बातें कही जा रही हैं, उनकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि देश की जनता जानती है कि ऐसी बातें करने वालों से कैसे निपटना है और उन्हें अभी अपने रवैये में सुधार करना चाहिए। खेड़ा ने कहा कि अहंकार में सवार लोगों को जनता नीचे उतार देगी।

10:30 PM- INDIA Alliance March- पवन खेड़ा ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी, ज्ञानेश कुमार, मोहन भागवत और अमित शाह आज रात चैन से नहीं सो पाएंगे और आगे भी उन्हें सुकून नहीं मिलेगा, क्योंकि उन्होंने देश के साथ विश्वासघात किया है। खेड़ा ने कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार यह सोच रहे हैं कि इंडिया ब्लॉक के नेता आज घर चले गए हैं और मामला खत्म हो गया, तो उन्हें समझ लेना चाहिए कि यह सिर्फ शुरुआत है और अभी कुछ खत्म नहीं हुआ है।

10:15 PM- INDIA Alliance March- कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने कहा कि यह लड़ाई अभी शुरू हुई है। पहले ही दिन राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरा विपक्ष एकजुट होकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चुनाव आयोग पहुंचा। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठाना हमारा संवैधानिक अधिकार है। राहुल गांधी को जिस तरह रोका गया और हिरासत में लिया गया, वह पूरी तरह अस्वीकार्य है। यादव ने कहा कि यह लड़ाई ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने तक जारी रहेगी।

10:10 PM- INDIA Alliance March- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा न्यू पुलिस लाइन, किंग्सवे कैंप से रवाना हो गए। दोनों को दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन में इंडिया ब्लॉक के सांसदों के प्रदर्शन के बाद हिरासत में लिया था। इंडिया ब्लॉक के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।

9:30 PM- INDIA Alliance March- राजधानी दिल्ली में कांग्रसे समेत अन्य विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर चुनाव आयोग का जवाब आया है। ईसी की ओर से कहा गया, 'आज पहले मीडिया रिपोर्टों से चुनाव आयोग को पता चला कि कुछ राजनीतिक दल (खासकर, कुछ सांसद और उनके प्रतिनिधिमंडल) आयोग से मिलना चाहते हैं। आयोग यह साफ करना चाहता है कि आज शाम 4:00 बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपने प्रतिनिधियों के जरिए चुनाव आयोग से मिलने का औपचारिक अनुरोध नहीं किया था। इसके बाद, शाम करीब 4:00 बजे दिल्ली पुलिस से जानकारी मिली कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल एक ज्ञापन सौंपने के लिए आयोग से मिलना चाहता है।'

9:00 PM- INDIA Alliance March- पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में लगभग 50 सांसद शामिल थे। हिरासत में लिए गए लोगों को किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइंस ले जाया जा रहा है। जैसे ही प्रदर्शनकारी सांसदों से आकाशवाणी परिसर को खाली कराया गया, पुलिस ने केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, के. सुरेश, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और इमरान प्रतापगढ़ी सहित कांग्रेस सांसदों और नेताओं के साथ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जबरन हटा दिया।

8:40 PM- INDIA Alliance March- दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा, इमरान प्रतापगढ़ी और कोडिकुन्निल सुरेश समेत कई सांसदों को हिरासत में लिया। इंडिया गठबंधन के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आकाशवाणी भवन में प्रदर्शन कर उनका इस्तीफा मांग रहे हैं।

8:25 PM- INDIA Alliance March- दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को एक बस में बैठे देखा गया। राहुल गांधी समेत इंडिया गठबंधन के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आकाशवाणी भवन में प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और अन्य विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिया।

8:15 PM- INDIA Alliance March- दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। राहुल गांधी समेत इंडिया गठबंधन के सांसद संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। इसके बाद विपक्षी सांसदों ने आकाशवाणी भवन परिसर में धरना शुरू कर दिया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई करते हुए राहुल गांधी और कई अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया।

7:45 PM- INDIA Alliance March- बीजेपी सांसद अशोक बाजपेयी ने कहा कि भारत में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार है और चुनाव आयोग ने दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से निराश विपक्षी दल जनता से कट चुके हैं और अब चुनाव आयोग व संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ऐसी गतिविधियां देश के लोकतंत्र के लिए खतरा बन गई हैं।

7:20 PM- INDIA Alliance March- दिल्ली में विपक्षी सांसदों के चुनाव आयोग मुख्यालय तक विरोध मार्च को लेकर बीजेपी सांसद अशोक बाजपेयी ने राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, उनकी पार्टी और सभी विपक्षी दल लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर जिस तरह का माहौल बनाया जा रहा है, उससे लोकतंत्र कमजोर होता है।

7:00 PM- INDIA Alliance March- अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी को किसी से मिलने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह कोई भगवान नहीं, बल्कि इंसान हैं। वडिंग ने मांग की कि विपक्षी नेताओं को चुनाव आयोग के अधिकारियों से मिलकर अपनी बात रखने की इजाजत दी जाए। उनकी मांग है कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए, उन्हें गिरफ्तार किया जाए और पद से हटाया जाए। वडिंग ने कहा कि वे अपनी बात लगातार रख रहे हैं, लेकिन उनकी बात कोई नहीं सुन रहा है।

6:45 PM- INDIA Alliance March- कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कहा कि वह इसे अन्याय और संविधान का उल्लंघन मानते हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कहा कि राहुल गांधी रोज इस मुद्दे को उठा रहे हैं। वडिंग ने चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी का जिक्र करते हुए दावा किया कि दोनों ने करीब 14-15 बार लिखा है कि जो कुछ हो रहा है, वह गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग कई ऐसे फैसले ले रहा है, जिनकी जानकारी विपक्ष को नहीं दी जा रही है। वडिंग ने कहा कि कांग्रेस इन कदमों का विरोध कर रही है और उसने अपने आरोपों के समर्थन में सबूत भी दिए हैं। राहुल गांधी लगातार आरोप लगा रहे हैं कि वोटों की चोरी हो रही है और इसी मुद्दे पर उन्होंने आज इंडिया गठबंधन के सांसदों के साथ मार्च कर विरोध प्रदर्शन किया।

6:30 PM- INDIA Alliance March- दिल्ली में सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आकाशवाणी भवन परिसर में कांग्रेस सांसदों के प्रदर्शन पर कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि आकाशवाणी किसी के पिता की संपत्ति नहीं है, बल्कि यह देश और जनता की संपत्ति है। उन्होंने कहा कि हमने आकाशवाणी का घेराव नहीं किया और न ही किसी को बंधक बनाया। जब हमें आगे जाने नहीं दिया गया, तो हम अंदर ही बैठ गए। वडिंग ने कहा कि यह जगह भी जनता की है। ऐसा नहीं है कि हमने आकाशवाणी को लूट लिया है या वहां से कुछ चोरी किया है।

6:15 PM- INDIA Alliance March- मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भोपाल में विपक्षी गठबंधन के प्रदर्शन को लोकतंत्र की लड़ाई बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने संवैधानिक संस्था चुनाव आयोग को अपना एजेंट बना दिया है और देश में चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं हो रहे हैं। उमंग सिंघार ने कहा कि आम लोगों को वोट देने का अधिकार है और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत पूरी कांग्रेस इस लड़ाई को जमीनी स्तर तक ले जा रही है, ताकि लोगों के वोट देने के अधिकार का निष्पक्ष तरीके से इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा सके।

6:00 PM- INDIA Alliance March- दिल्ली में आकाशवाणी भवन परिसर में जारी प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें यहां प्रदर्शन करने में कोई परेशानी नहीं है और वे अपना विरोध जारी रखेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस को उनके यहां प्रदर्शन करने से असुविधा है तो पुलिस उन्हें प्रदर्शन के लिए कोई दूसरी जगह उपलब्ध करा सकती है। उन्होंने कहा कि संविधान उन्हें विरोध दर्ज कराने का अधिकार देता है।

5:40 PM- INDIA Alliance March- चंडीगढ़ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पंजाब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पानी की बौछारें कीं। इसके चलते मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।

5:20 PM- INDIA Alliance March- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलकर उनसे सवाल करना चाहते हैं और उन्हें बताना चाहते हैं कि उन्होंने कथित तौर पर वोट चोरी की है। उन्होंने कहा कि सांसदों को चुनाव आयुक्तों से मिलने दिया जाना चाहिए। सांसदों की आवाज का सम्मान नहीं किया गया है और उन्हें रोककर देश की जनता की आवाज का अपमान किया गया है।

5:10 PM- INDIA Alliance March- दिल्ली में आकाशवाणी भवन के बाहर भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस हिरासत में ले रही है। इसी दौरान इंडिया गठबंधन के सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आकाशवाणी भवन के अंदर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन में विपक्षी दलों के सांसद चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी मांगें उठा रहे हैं।

5:00 PM- INDIA Alliance March- दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन के अंदर कांग्रेस सांसदों का विरोध प्रदर्शन 5 घंटे से जारी है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, दीपेंद्र हुड्डा समेत कांग्रेस के कई सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। सांसदों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताया है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसदों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी की।

4:50 PM- INDIA Alliance March- प्रदीप भंडारी ने कहा कि अब इस मामले में सच्चाई सामने आने के बाद राहुल गांधी इस आरोप पर पूरी तरह चुप हैं। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की एक कथित रणनीति का हिस्सा है, जिसमें गलत जानकारी और झूठे नैरेटिव के जरिए देश के लोकतंत्र में अराजकता फैलाने की कोशिश की जाती है। भंडारी ने कहा कि अगर वायरल वीडियो में कोई तथ्य होता तो उस पर सवाल उठना स्वाभाविक था, लेकिन अब उसके फर्जी होने की बात सामने आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी या कांग्रेस का पूरा तंत्र इस मामले में कोई स्पष्टीकरण देगा। 3 अक्टूबर को बनाए गए इस कथित फर्जी AI वीडियो को कांग्रेस से जुड़े लोगों ने जिस तरह प्रचारित किया, उसके बाद अब उन्हें जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

4:30 PM- INDIA Alliance March- बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी पर दिल्ली पुलिस के अधिकारी की ओर से महिला पत्रकार से कथित यौन दुर्व्यवहार को लेकर किए गए पोस्ट पर निशाना साधा। भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए यह आरोप लगाया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले से जुड़े तथ्यों को सामने रखा और बताया कि वायरल किया गया वीडियो फर्जी था। बीजेपी नेता के मुताबिक, यह वीडियो स्वतंत्र कंटेंट क्रिएटर नदीम अहमद ने एआई की मदद से तैयार किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद कांग्रेस से जुड़े पूरे तंत्र ने उस वीडियो को आधार बनाकर गलत कहानी को बढ़ावा दिया और करीब 24 घंटे तक इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया।

4:00 PM- INDIA Alliance March- बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग, सेना और अन्य संस्थाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मृत लोगों को भी वोट देने की अनुमति दी जानी चाहिए। रविशंकर प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मोहन भागवत को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणियों की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने राहुल गांधी को गैर-जिम्मेदार और अराजकतावादी बताते हुए कहा कि देश की जनता उनके इस तरह के आचरण को स्वीकार नहीं करेगी और उन्हें दोबारा सत्ता नहीं सौंपेगी।

3:50 PM- INDIA Alliance March- रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि ऐसी व्यवस्था में दलितों और गांवों के गरीब लोगों को मतदान से रोका जा सकता है और बैलेट बॉक्स में स्याही डालकर चुनाव प्रभावित किया जा सकता है। उन्होंने विपक्ष के इस रवैये की कड़ी निंदा की और कहा कि चुनाव में जनता के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए। रविशंकर प्रसाद ने SIR को लेकर भी विपक्ष के आरोपों पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट 26 मई के अपने फैसले में एसआईआर प्रक्रिया को कानूनी रूप से वैध बता चुका है और इसी के अनुसार कार्रवाई की गई।

3:40 PM- INDIA Alliance March- बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने दिल्ली में इंडिया गठबंधन के सांसदों के प्रदर्शन पर राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी दिल्ली के संवेदनशील इलाके में बैठकर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष और दूसरे विपक्षी नेता बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। इसका मतलब है कि विपक्ष ईमानदार तकनीक के जरिए चुनाव नहीं जीत सकता और अब बूथ कैप्चरिंग के जरिए जीत हासिल करना चाहता है।

3:30 PM- INDIA Alliance March- इंडिया ब्लॉक के सांसदों के SIR के विरोध पर राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा, 'एसआईआर का विरोध करने वाले गलत रास्ते पर हैं और देश में चुनाव आयोग को लेकर गलत धारणा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। वोट देने का अधिकार केवल देश के नागरिकों को होना चाहिए।' राठौड़ ने कहा कि कोई व्यक्ति बाहर से आकर यहां कारोबार या नौकरी करे, कमाई करे और फिर अपने देश लौट जाए, तो उसे भारत में मतदान का अधिकार नहीं मिलना चाहिए। बाहर से आने वाले किसी व्यक्ति को यहां के लाभ लेने के बाद राजनीतिक शक्ति हासिल करने के लिए वोट का अधिकार नहीं दिया जाना चाहिए।

3:20 PM- INDIA Alliance March- राहुल गांधी ने कहा, 'पूरा देश और देश का युवा इस बात को समझता और इससे सहमत है, यहां तक कि पुलिसकर्मी भी इसे समझते हैं।' उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मोहन भागवत ने वोट चोरी के जरिए देश को अपने कब्जे में ले लिया है और ज्ञानेश कुमार ने इसमें उनकी मदद की है। उन्होंने कहा कि इन सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और देश के साथ जो कुछ किया गया है, उसे देशद्रोह कहा जाता है। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में कोई भी बच नहीं पाएगा।

3:15 PM- INDIA Alliance March- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि हम सिर्फ उसका मुकाबला नहीं कर रहे हैं, बल्कि उसे खत्म कर देंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें बीजेपी क्या कहती है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि वह भारत में लोकतंत्र को बचाने के लिए खड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके साथ करीब 300 सांसद भी लोकतंत्र बचाने के लिए यहां पहुंचे थे। उन्होंने अमित शाह, नरेंद्र मोदी, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार पर देश में लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।

3:05 PM- INDIA Alliance March- श्रीनगर में इंडिया ब्लॉक के सांसदों के प्रदर्शन पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में हुई बैठक में एक कार्यक्रम तय किया गया था। इसकी शुरुआत सांसदों के चुनाव आयोग तक मार्च से हुई है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इस मुद्दे को उठाया गया था, लेकिन बहुत कम लोगों ने इस पर ध्यान दिया। अब सुप्रीम कोर्ट भी वोटों को हटाए जाने को लेकर सवाल उठा रहा है। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अब यह देखना होगा कि अदालत में इस मामले को किस तरह लिया जाता है।

2:50 PM- INDIA Alliance March- दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, 'करीब 300 सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें यहां रोक दिया। हम चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं, फिर भी हमें यहां क्यों रोका गया, यह समझ नहीं आ रहा है, जबकि चुनाव आयोग का कार्यालय महज 50 मीटर दूर है। 300 विपक्षी सांसद ज्ञानेश कुमार से मिलना चाहते हैं, लेकिन वह उनसे मिलने से डर रहे हैं।' राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि देश में आखिर क्या हो रहा है और अगर चुनाव आयोग चुने हुए जनप्रतिनिधियों से ही मुलाकात नहीं करता तो लोकतंत्र का क्या मतलब रह जाता है?

2:40 PM- INDIA Alliance March- दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ इंडिया गठबंधन के सांसदों के प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, 'हम सिर्फ उनका (बीजेपी का) मुकाबला नहीं करने जा रहे हैं, बल्कि उन्हें पूरी तरह खत्म कर देंगे। हमारे देश के साथ जो किया गया है, उसे देशद्रोह कहा जाता है और कोई भी इससे बच नहीं पाएगा।'

2:25 PM- INDIA Alliance March- दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन के बीच आकाशवाणी भवन के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। यहां भारतीय युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कई कार्यकर्ता जुटे थे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है।

2:14 PM- INDIA Alliance March- आकाशवाणी भवन में घुसने वाले NSUI और इंडियन यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अब भी धरने पर बैठे हुए हैं।

2:10 PM- INDIA Alliance March: आकाशवाणी भवन के बाहर जुटे एनएसयूआई और भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

2:04 PM- INDIA Alliance March: विपक्ष के विरोध मार्च पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "मैं कांग्रेस से स्पष्ट रूप से पूछना चाहता हूं। बिना किसी जांच के अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लिकेट मतदाताओं को मतदान का अधिकार देकर वे किसे फायदा पहुंचाना चाहते हैं? क्या कांग्रेस ऐसा करके किसी को फायदा पहुंचाना चाहती है?"

2:02 PM- INDIA Alliance March: आकाशवाणी भवन में घुसने वाले NSUI और इंडियन यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

1:59 PM- INDIA Alliance March- कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा, 'देश के नेता प्रतिपक्ष को चुनाव आयोग तक जाने नहीं दिया जा रहा है, उन्हें रोक दिया गया है। हम सभी आकाशवाणी परिसर में विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं...राष्ट्रीय राजधानी में लोकतंत्र की यह हालत है...हम यहां इंतजार करते रहेंगे...।'

1:50 PM- INDIA Alliance March- NSUI के कुछ कार्यकर्ता आकाशवाणी भवन के अंदर घुस गए, कई कार्यकर्ता बाहर जमा थे; पुलिस ने उन्हें परिसर में घुसने से रोकने की कोशिश की।

1:41 PM- INDIA Alliance March- भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्षी सांसदों के ECI तक विरोध मार्च पर कहा, '...हमारी मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के प्रथम परिवार जिसने पिछली 4 पीढ़ियों से लोकतंत्र का गला पकड़कर राजतंत्र का शासन चला रखा था। आज उन्होंने आकाशवाणी में घुसपैठ करने का प्रयास किया...।'

1:27 PM-INDIA Alliance March- विपक्ष के प्रदर्शन के बीच कांग्रेस पर भारतीय जनता पार्टी ने सवाल उठाए हैं। भाजपा ने कहा है कि राहुल गांधी ने भारत की लगभग हर संस्था पर सवाल उठाए हैं। राजधानी दिल्ली में विपक्ष का प्रदर्शन जारी है और राहुल चुनाव आयोग तक जाने की कोशिश में हैं।

1:21 PM- INDIA Alliance March- सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लिखा, 'जो देश की खातिर हैं लड़ते, वो गिरफ्तारी से नहीं हैं डरते BJP ही CEC है। देश का एकमत, CEC दे त्यागपत्र! ‘ONE NATION, ONE ELECTION’ की थोथी बात करनेवालों का असली मंसूबा और ‘चंडीगढ़ी चाल’ ये है कि एक बार में ही चुनाव कराकर सब निपटा दो, बार-बार घपला करने की जरूरत ही न पड़े। घपला-घोटाला जितनी कम बार होगा, पकड़े जाने की आशंका भी उतनी ही कम होगी। दरअसल ONE NATION, ONE ELECTION की जगह, इन भाजपाइयों को कहना चाहिए ‘ONCE CORRUPTION, ONCE ELECTION’. मतलब अब केवल एक और बार ही चुनाव करवाने की साज़िश है, फिर कभी चुनाव होगा ही नहीं।'

1:16 PM- INDIA Alliance March- इससे पहले निर्वाचन सदन की तरफ बढ़ने से रोके जाने के बाद, विपक्षी सांसदों ने विरोध में सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। जल्द ही राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी पुलिस बैरिकेड पर चढ़ गए, जबकि हिरासत में लिए जाने के लिए प्रियंका गांधी को वहां खड़ी एक बस में ले जाया गया। हालांकि प्रियंका को जल्द ही बस से उतरते हुए देखा गया और वह आकाशवाणी भवन के गेट पर अपने भाई राहुल के पास पहुंच गईं।

1:15 PM- INDIA Alliance March- समाजवादी पार्टी के सांसद जिया-उर-रहमान बर्क ने कहा, 'वोट लूटे जा रहे हैं, लोकतंत्र की हत्या हो रही है। हम CEC के इस्तीफे की मांग करते हैं। देश को न्याय मिलना चाहिए। आज हमने संसद से मार्च निकाला है, लेकिन यह एक आंदोलन का रूप ले सकता है और पूरा देश सड़कों पर उतर आएगा।'

1:10 PM- INDIA Alliance March- INDIA गठबंधन के विरोध प्रदर्शन के दौरान, शिवसेना (UBT) सांसद अरविंद सावंत ने कहा, 'मुख्य चुनाव आयुक्त एक भ्रष्ट व्यक्ति हैं। उन्होंने सत्ताधारी पार्टी के गुलाम के तौर पर काम किया है...।'

1:09 PM- INDIA Alliance March- INDIA गठबंधन के सांसदों के विरोध के बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा आकाशवाणी भवन के परिसर में बैठे हैं। INDIA गठबंधन के सांसद भारत चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

1:03 PM- INDIA Alliance March- राहुल गांधी का नया धरना- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने चुनाव आयोग से कुछ दूरी पर ही नया धरना शुरू कर दिया है। दोनों आकाशवाणी भवन में बैठे हुए हैं, जबकि दिल्ली पुलिस लगातार उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश कर रही है।

INDIA Alliance March- 12:49 PM- राहुल गांधी को हिरासत में लेने की कोशिश- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लगातार हिरासत में लेने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब तक पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी है। खबरें हैं कि बस उनके पास तक पहुंची थी, लेकिन भीड़ के चलते गेट ही नहीं खुल सका।

INDIA Alliance March-12:45 PM- कांग्रेस नेता सुखदेव भगत ने कहा कि हम प्रजातांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं। हम जिले में भी प्रदर्शन करेंगे...लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनता जान चुकी है कि सरकार चोरी की है।

INDIA Alliance March-12:32 PM- राहुल गांधी ईसी के पास पहुंचे- आकाशवाणी भवन में गए कांग्रेस सांसद अब निर्वाचन आयोग से कुछ ही मीटर की दूरी पर बताए जा रहे हैं। खबर है कि बाहर की पुलिस उन्हें हिरासत में लेने के लिए खड़ी हुई है।

INDIA Alliance March 12:25 PM- राहुल गांधी कहां हैं- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आकाशवाणी भवन से बाहर आ चुके हैं। खबर है कि वह भवन से ही निर्वाचन आयोग तक जाने की तैयारी कर रहे हैं। खबर है कि बाहर उन्हें हिरासत में लेने के लिए पुलिस मौजूद है।

INDIA Alliance March 12:23 PM- प्रियंका गांधी हिरासत में- कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को भी हिरासत में ले लिया गया है। सुबह 10.30 बजे के आसपास विपक्षी सांसदों ने दिल्ली में मार्च की शुरुआत की थी। हालांकि, चुनाव आयोग से कुछ दूरी पर ही उन्हें बैरिकेड्स लगाकर रोक लिया गया था।

INDIA Alliance March 12:18 PM- अखिलेश यादव हिरासत में- समाजवादी पार्टी सांसद अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया है। उनके साथ ही बस में डेरेक ओब्रायन और डायमंड हार्बर सीट से लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी भी साथ हैं। अभिषेक ममता बनर्जी के भतीजे हैं।

INDIA Alliance March 12:12 PM- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अकाशवाणी भवन में कर्मचारियों से मुलाकात करने पहुंच गए हैं। वहीं, विपक्षी गठबंधन INDIA गुट के कई सांसदों को अब तक हिरासत में लिया जा चुका है।

INDIA Alliance March 12:09 PM- मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को हिरासत में लेने आई बस भीड़ में अटक गई है। इससे पहले वह तिरंगा हाथ में लेकर बैरिकेड पर चढ़ गए थे।

INDIA Alliance March 12:06 प्रदर्शन के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बैरिकेड पर चढ़ गए हैं। अब तक कई नेता हिरासत में लिए जा चुके हैं।

INDIA Alliance March 12:01 PM- खास बात है कि विपक्षी सांसदों के इस विरोध प्रदर्शन में इस बार बीजू जनता दल भी शामिल हुआ है। पार्टी के प्रमुख नवीन पटनायक ने पहले ही SIR का खुलकर विरोध कर दिया है।

INDIA Alliance March 11:47 AM- खबर है कि विपक्षी सांसदों का मार्च भारत निर्वाचन आयोग के बेहद पास पहुंच गया है। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दफ्तर में हैं या नहीं।

INDIA Alliance March 11:46 AM- RJD सांसद मनोज झा ने कहा, 'कोशिश तो करेंगे लेकिन अगर अहंकार इस स्तर पर है तो वो डर का भी द्योतक है। नारे लग रहे हैं गली-गली में शोर है, मोदी-ज्ञानेश चोर है। अब वो कठपुतली की ढोल जिनके हाथ में है उनका भी जिक्र हो रहा है...'।

INDIA Alliance March 11:22 AM- मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विपक्ष के सांसदों को अब हिरासत में लिए जाने की तैयारी है। हालांकि, इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुआ है। खबरें हैं कि समाजवादी पार्टी के कई सांसद बैरिकेड्स पर चढ़ गए हैं।

INDIA Alliance March 11:17 AM- कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, 'विरोध प्रदर्शन है...ज्ञानेश गुप्ता पर तो हमें कभी भरोसा नहीं था लेकिन अब यकीन में बदल गया है कि वे भरोसे के लायक आदमी नहीं हैं।'

INDIA Alliance March 11:14 AM- तेज गर्मी के बीच विपक्ष के सांसदों ने सड़कों पर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया है। संभावनाएं जताई जा रहीं हैं कि प्रदर्शन लंबा चल सकता है और मौके पर पानी की बोतलें पहुंच गईं हैं। सांसदों से कुछ दूरी पर ही बैरिकेड्स लगाए रखे और ऊपर ड्रोन से भी निगरानी रखी जा रही है।

INDIA Alliance March 11:11 AM- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने सवाल उठाए हैं कि विपक्ष की तरफ से सवाल चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से पूछे जा रहे हैं, लेकिन इसका जवाब भारतीय जनता पार्टी दे रही है। एक ओर विपक्ष SIR पर सवाल उठा रहा है। वहीं, भाजपा लगातार इसका बचाव कर रही है।

INDIA Alliance March 11:08 AM- कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और NCP-SP सांसद सुप्रिया सुले, INDIA ब्लॉक के कई सांसदों के साथ निर्वाचन आयोग तक विरोध मार्च निकाल रही हैं।

11:05 AM- विपक्षी सांसद आकाशवाणी भवन के पास जमीन पर बैठ गए हैं और नारेबाजी कर रहे हैं। ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'वोट चोर गद्दी छोड़' के नारे लगाए जा रहे हैं। राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने भी सड़क पर धरना शुरू कर दिया है।

10:58 AM- सपा सांसद से पूछा गया कि कब तक चलेंगे। इसपर उन्होंने कहा कि जब तक पैर चलेंगे चलेंगे। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि INDIA गठबंधन SIR के खिलाफ लड़ रहा है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी आगे चल रहीं हैं।

10:54 AM- कांग्रेस सांसद डॉ. सैयद नासिर हुसैन कहते हैं, 'यहां मुख्य मांगें साफ हैं।मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटना होगा, उन्हें इस्तीफा देना होगा। SIR को खत्म किया जाना चाहिए। जिन भी वोटर्स को SIR से बाहर रखा गया है या जिनका नाम हटाया गया है, उन्हें वापस वोटर लिस्ट में शामिल किया जाना चाहिए। इस बात का पता लगाने के लिए एक हाई-लेवल जांच होनी चाहिए कि इसके पीछे कौन है, कौन वोट चुराकर सत्ता में बने रहना चाहता है... और कौन अलग-अलग तरीकों से वोट चुराकर इतने सालों से सत्ता में बना हुआ है...। इसका खुलासा करना जरूरी है, इसीलिए एक हाई-लेवल जांच कमेटी बनाई जानी चाहिए...।'

10:48 AM- संसद के मकर द्वार से INDIA गठबंधन के सांसदों का प्रदर्शन शुरू हो गया है।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsहिरासत से छूटे राहुल-प्रियंका और सारे साथी, किंग्सवे कैम्प से निकले बाहर