जब पाकिस्तान में घुसकर भारत ने लिया था इंतकाम, PM मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर को कुछ ऐसे किया याद
भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में स्थित लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन के 9 प्रमुख लॉन्चपैड्स को पूरी तरह तबाह कर दिया था। इस ऑपरेशन में 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए थे।

भारतीय सेना द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे हो चुके हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी डिस्प्ले पिक्चर बदली है। नई डीपी में ऑपरेशन सिंदूर का लोगो नजर आ रहा है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने पाकिस्तान को इस ऑपरेशन की याद दिलाई है जब भारत ने पाक में घुसकर उसके पाले हुए आतंकियों को मार गिराया था और आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। वहीं पीएम मोदी ने भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता को भी नमन किया है। बता दें कि पीएम ने काफी समय बाद अपनी डीपी बदली है। इससे पहले उन्होंने अगस्त 2024 में स्वतंत्रता दिवस से पहले अपनी डीपी बदली थी।
एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि भारतीय सेना के पराक्रम कर हर भारतीय को गर्व है। उन्होंने लिखा, “ऑपरेशन सिंदूर में भारत को मिली असाधारण विजय हमारे वीर सैनिकों के अद्भुत पराक्रम और देशभक्ति की मिसाल है। उनके अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा पर हर देशवासी को गर्व है।” पीएम मोदी ने इसके साथ संस्कृत का एक श्लोक भी साझा किया। श्लोक के जरिए पीएम मोदी ने लिखा कि युद्ध केवल हथियारों से नहीं, बल्कि योद्धाओं के आत्मविश्वास से जीता जाता है और जब सैनिक मानसिक रूप से मजबूत होते हैं, तो वे मुश्किल से मुश्किल परिस्थितियों में भी जीत हासिल कर लेते हैं।
रक्षा मंत्री ने पाक को चेताया
पीएम मोदी के अलावा विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी अपनी डीपी बदली है। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस मौके पर एक खास संदेश जारी किया है। उन्होंने एक वीडियो शेयर कर कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ भारत जब भी कोई कार्रवाई करेगा तब सरहद पार मौजूद आतंकी और आतंक के आकाओं की जमीन भी सुरक्षित नहीं रहेगी। रक्षा मंत्री ने लिखा, “ऑपरेशन सिंदूर एक साल पूरे होने के मौके पर हम अपने सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान को नमन करते हैं। उनका शौर्य, समर्पण और देश की रक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता हमेशा राष्ट्र की सुरक्षा का आधार रही है। इस अभियान के दौरान उनकी कार्रवाई ने बेहतरीन सटीकता, तीनों सेनाओं के शानदार तालमेल का उदाहरण पेश किया, जिसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नई मिसाल कायम की।” उन्होंने आगे लिखा, “ऑपरेशन सिंदूर देश के मजबूत इरादों और तैयारी का प्रतीक है। इसने दिखाया कि हमारे सशस्त्र बल हर चुनौती का निर्णायक जवाब देने के लिए हमेशा तैयार हैं।”
भारत ने लिया था पहलगाम का इंतकाम
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में 7 मई, 2025 को 'ऑपरेशन सिंदूर' लॉन्च किया था। बता दें कि इससे पहले 22 अप्रैल को पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 26 लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी। इसके बाद भारतीय सेना ने आतंकियों को उनके घर में घुसकर सबक सिखाया। सेना ने पाकिस्तान और पीओके में स्थित लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन के 9 प्रमुख लॉन्चपैड्स को पूरी तरह तबाह कर दिया था। वहीं इस अभियान में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए थे।
पाकिस्तान के कायराना हमलों का मुंहतोड़ जवाब
आतंक पर कार्रवाई से पाकिस्तान को मिर्ची लग गई थी और पाकिस्तान ने भारत की तरफ ड्रोन और मिसाइलों से हमले शुरू कर दिए। हालांकि भारत ने इन हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया और लाहौर और गुजरांवाला के पास स्थित पाकिस्तान के रडार सिस्टम को तबाह कर उसे घुटनों पर ला दिया। चार दिनों तक मार खाने के बाद पाकिस्तान युद्धविराम के लिए गिड़गिड़ाने लगा। इसके बाद पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (DGMO) ने भारतीय DGMO से संपर्क साधा। आखिरकार 10 मई को युद्धविराम पर सहमति बनी।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

