फ्लैट में एक साल तक सड़ती रही लाश, बेटी-दामाद ने हाल तक नहीं पूछा; अब कंकाल मिला
बेंगलुरू के एक घर में महिला का एक साल पुराना कंकाल बरामद हुआ है। पति और बेटे की मौत के बाद दुनिया से अलग रह रही थी। बेटी और दामाद ने भी उसे अकेला छोड़ दिया था।

दुनिया के किसी भी घर में जब किलकारी गूंजती है, तो सबसे ज्यादा खुशी उस बच्चे के मां-बात को होती है। उनको लगता है कि अब उनका घर खुशियों और किलकारियों से हमेशा भरा रहेगा, लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता है। कई बार लोग जिंदगी रहते बहुत अकेले हो जाते हैं और कई बार मौत के बाद भी उनका अकेलापन दूर नहीं होता है। कर्नाटक के बंगलुरू में एक ऐसी ही घटना सामने आई है। यहां अपने अपार्टमें के एक कमरे में अकेले जिंदगी गुजार रही एक महिला का कंकाल मिला है। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत एक साल पहले ही हो गई थी और तब से उसकी डेडबॉडी उसी अपार्टमें के कमरे में पड़ी हुई थी।
इस घटना को लेकर जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान दक्षायिणी के रूप में हुई है। मौत के समय महिला की उम्र 52 साल थी। बंगलुरू के बगलगुंटे इलाके में हुई इस घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने बताया कि महिला की एक साल पहले ही मौत हो गई और आज तक किसी ने उसकी सुध तक नहीं ली।
एक साल में नहीं आए बेटी और दामाद
शुरुआती जानकारी के अनुसार, दक्षायिणी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में अकेली रहती थी। लोगों ने पुलिस को बताया कि दक्षायिणी के पति और उसके बाद एक बेटे की मौत ने उसको गहरे सदमे में डाल दिया था। पुलिस ने बताया कि 10 साल पहले दक्षायिणी के पति की मौत हो गई थी और उसके कुछ दिनों बाद ही कैंसर से जूझ रहे बेटे की भी मौत हो गई। पहले पति और फिर बेटे की एक के बाद एक मौत ने महिला को अंदर से तोड़ दिया और वो डिप्रेशन में चली गई।
महिला की मौत का सच जांच रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि मृत महिला की बेटी और दामाद भी हैं, लेकिन पिछले एक सालों से उन्होंने अपनी मां की खबर नहीं ली है और ना ही उनके पास आने का प्रयास किया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया और डेडबॉडी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस महिला की मौत की असली वजह जानने का प्रयास कर रही है।


