
Shashi Tharoor: अपने लिए परेशानी खड़ी न करें…, PM मोदी के बारे में ट्रंप के दावों पर क्या बोले शशि थरूर
Shashi Tharoor News: ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि रूसी तेल खरीदने पर अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए शुल्क के कारण प्रधानमंत्री मोदी उनसे ‘ज्यादा खुश नहीं हैं।’ हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने इस तरह का दावा किया हो। इससे पहले उन्होंने भारत पर लगाए गए टैरिफ को बढ़ाने की चेतावनी दी थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों पर राजनीति जारी है। अब कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इसे लेकर कहा कि हर देश अपने राष्ट्र हितों को सबसे आगे रखता है। साथ ही उन्होंने कहा कि मेरे लिए राष्ट्रहित का मतलब कहीं दुश्मन नहीं बनाना है। ट्रंप ने दावा किया था कि पीएम मोदी ने उनसे मिलने के लिए समय मांगा था।
थरूर ने कहा, 'हर देश के लिए उसका राष्ट्रहित सबसे ऊपर होता है। मेरे लिए उन राष्ट्र हितों का मतलब है कि हम अपने लिए कहीं भी बड़ी परेशानियां खड़ी न करें या बड़े दुश्मन न बनाएं। हम जहां तक संभव हो, सभी के साथ संपर्क के रास्ते बचाकर रखना चाहते हैं। अपने लेखनी में भी मैंने इस नजरिए का समर्थन किया है।'
उन्होंने कहा, 'एक ओर जहां रूस के साथ हमारे अच्छे रिश्ते हैं, चीन के साथ ठीक संबंध हैं, अमेरिका के साथ अच्छे रिश्ते हैं, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ स्थिति सुधारने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे साथ जापानी, दक्षिण कोरियाई और दक्षिए पूर्व एशिया के देश हैं। ये सभी बातें हमारी नीति का हिस्सा हैं।'
उन्होंने कहा, 'जीवन में, राजनीति में और कूटनीति में, अक्सर आपके पास जितने अधिक विकल्प होते हैं, आप किसी एक देश के मनमाने व्यवहार या उतार-चढ़ाव से उतने ही अधिक सुरक्षित रहते हैं। फिलहाल इसे यहीं रहने देते हैं।'
ट्रंप का दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति ने मंगलवार को कहा कि रूसी तेल खरीदने पर अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए शुल्क के कारण प्रधानमंत्री मोदी उनसे ‘ज्यादा खुश नहीं हैं।’ ट्रंप ने 'हाउस जीओपी सदस्य रिट्रीट' में अपने संबोधन में यह भी दावा किया, 'प्रधानमंत्री मोदी मुझसे मिलने आए और बोले, 'श्रीमान्, क्या मैं आपसे मिल सकता हूं?' मैने कहा, 'जी हां।'
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने इस तरह का दावा किया हो। इससे पहले उन्होंने भारत पर लगाए गए टैरिफ को बढ़ाने की चेतावनी दी थी। साथ ही कहा था कि पीएम मोदी को पता है कि उन्हें खुश रखना बहुत जरूरी है।

लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें



