तारिक रहमान के शपथ ग्रहण में शामिल हुए ओम बिरला, भारत यात्रा के लिए सौंपा PM का निमंत्रण
ओम बिरला ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा था, 'तारिक रहमान के नेतृत्व में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए ढाका में उपस्थित होना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह एक महत्वपूर्ण क्षण है।'

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार को बीएनपी नेता तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से रहमान को भारत की यात्रा करने का निमंत्रण सौंपा। बिरला विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अन्य अधिकारियों के साथ शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। लोकसभा सचिवालय के मुताबिक, बिरला ने रहमान से मुलाकात की और प्रधानमंत्री मोदी की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने रहमान को भारत की यात्रा के लिए प्रधानमंत्री मोदी का निमंत्रण सौंपा।
ओम बिरला ने कहा, 'भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी राष्ट्र के निर्माण के लिए बांग्लादेश के प्रयासों का समर्थन करने के लिए तत्पर है।' लोकसभा अध्यक्ष ने मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मोइज्जू, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे और अन्य नेताओं से भी मुलाकात की। इससे पहले, शपथग्रहण के लिए ढाका पहुंचने पर बिरला ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा था, 'तारिक रहमान के नेतृत्व में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए ढाका में उपस्थित होना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह एक महत्वपूर्ण क्षण है, जो हमारे दोनों देशों के बीच जन-संबंधों और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करेगा।'
पीएम मोदी को मिला था निमंत्रण
बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समारोह में आमंत्रित किया था, लेकिन वह मंगलवार को मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ वार्ता के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। बांग्लादेश में 12 फरवरी को हुए 13वें संसदीय चुनावों में बीएनपी ने 297 में से 209 सीटें जीतीं, जबकि कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी ने 68 सीटें हासिल कीं।
तारिक रहमान ने क्या कहा
आम चुनावों में अपनी पार्टी को शानदार जीत दिलाने वाले रहमान ने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री के तौर पर कानून के अनुसार कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करूंगा।' शपथ ग्रहण के बाद, रहमान ने पद और गोपनीयता की शपथ वाले दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री के पद पर उनका कार्यकाल 5 वर्षों का होगा। पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया और पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत जियाउर रहमान के पुत्र तारिक रहमान 17 वर्षों तक स्वनिर्वासन में लंदन में रहने के बाद दो महीने पहले स्वदेश लौटे थे। खालिदा जिया का पिछले साल 30 दिसंबर को निधन हो गया था। तारिक रहमान पहली बार प्रधानमंत्री बने हैं। उन्होंने अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस की जगह ली, जिनके शासनकाल के दौरान ढाका के नई दिल्ली के साथ संबंधों में काफी गिरावट आई थी।
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

