तुकाराम मुंढे ने बंद करा दिया 108 साल पुराना ओलंपिया कॉफी हाउस, 14 जगहों के लाइसेंस रद्द
तुकाराम मुंढे की अगुआई में एफडीए महाराष्ट्र में बड़ा अभियान चला रहा है। इसी क्रम में एफडीए ने कोलाबा में ओलंपिया कॉफी हाउस में छापा मारा। यहां किचेन एरिया में गंदगी देखने के बाद लाइसेंस रद्द कर दिया गया।

किसी रेस्तरां या कैफे में डाइनिंग एरिया की साफ-सफाई तो सभी देख सकते हैं लेकिन जहां खाना बनाया जाता है, वहां के बारे में पता लगाना मुश्किल हो जाता है। महाराष्ट्र फूड ऐंड ड्रग ऐडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के चीफ तुकाराम मुंढे ने ऐसा अभियान चलाया है कि गंदगी में खाने-पीने का सामान रखने वालों की रातों की नींद हराम हो गई है। अब विकल्प यही रह गया है कि या तो साफ-सफाई पर ध्यान दें या ताला लगाने के लिए तैयार हो जाएं। एफडीए ने मुंबई के नामी ओलंपिया कैफे पर भी कार्रवाई करते हुए लाइसेंस रद्द करदिया है।
नायर अस्पताल की कैंटीन का भी लाइसेंस रद्द
रिपोर्ट के मुताबिक कोलापा स्थित ओलंपिया कैफे के फूड स्टोरेज एरिया में ही टॉइलट भी बना था। यहां से इन्फेक्शन फैलने का खतरा था। इसके अलावा फ्रीज में पुराना मीट पाया गया। साथ ही फ्रिज में खून भी पड़ा हुआ था। किचेन एरिया में कॉकरोच घूम रहे थे। इस तरह कैफे में गंदगी की सारी हदें पार हो गई थीं। एफडीए ने शहर के बड़े सरकारी नायर अस्पताल की कैंटीन का भी लाइसेंस रद्द कर दिया है। यह बीएमसी द्वारा संचालित अस्पताल है। महाराष्ट्र में अब तक 14 बड़े-बड़े रेस्तरां या फिर अन्य खाने पीने के स्टोर के लाइसेंस रद्द हो चुके हैं।
एफडीए ने चेंबूर में एक ब्लिंकिट स्टोर, विश्वास स्वीट्स ऐंड स्नैक्स, ए-1 जनरल ऐंड ड्राइ फ्रूट और वर्ली में मिलन पंजाब का भी लाइसेंस रद्द कर दिया था। पिछले तीन माह में राज्य भर में 1,800 से अधिक होटलों, क्लबों और ढाबों का निरीक्षण करने के बाद तिलचट्टों से भरी रसोई, बिना ढके कच्चे मांस और गंदे बर्तनों को देखते हुए 199 भोजनालयों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुणे संभाग सबसे ज़्यादा लाइसेंस निलंबन के साथ सर्वाधिक उल्लंघन करने वाला संभाग बन गया है तथा निरीक्षकों ने प्रशीतन शृंखला और साफ़-सफ़ाई से जुड़ी गंभीर कमियों के लिए 948 सुधार नोटिस जारी किए।
एफडीए के अनुसार, इन उल्लंघनों के सिलसिले में पुणे 4,261 निरीक्षण और 168 लाइसेंस निलंबन के साथ सबसे ऊपर रहा। कोंकण 3,142 निरीक्षण और 108 निलंबन के साथ दूसरे तथा ग्रेटर मुंबई 1,451 निरीक्षण एवं 121 निलंबन के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
अन्य संभागों में, नासिक में 1,356 निरीक्षण और 56 निलंबन दर्ज किए गए। छत्रपति संभाजीनगर में 1,173 निरीक्षण और 61 निलंबन, अमरावती में 989 निरीक्षण और 45 निलंबन तथा नागपुर में 711 निरीक्षण और 44 निलंबन किये गये। एफडीए ने बताया कि होटलों और रेस्तरां की जांच में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की अनुसूची चार के गंभीर उल्लंघन पाये गये। इनमें साफ पानी और जल निकास की सुविधाओं की कमी, प्रशीतन शृंखला के नियमों का पालन न करना, रेफ्रिजरेटर का तापमान सही न होना, कॉकरोच का होना और खाना बनाने एवं परोसने में साफ़-सफ़ाई का ध्यान न रखना जैसी बातें शामिल थीं।
अन्य उल्लंघनों में इमारत की खराब हालत, खुले कंटेनर में कच्चा चिकन रखना, कटी हुई सब्ज़ियों को बिना ढके छोड़ देना, पानी की जांच का रिकॉर्ड न होना और फ़र्श, बर्तन एवं खाने के संपर्क में आने वाली सतहों का साफ़ न होना शामिल था।


