IAS अधिकारी पर दिव्यांग से 95 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, जान से मारने की धमकी भी दी

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

ओडिशा के गृह विभाग में कार्यरत आईएएस अधिकारी आराधना दास के ऊपर एक दिव्यांग व्यक्ति से 95 लाख की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत के मुताबिक दास ने जमीन दिलाने के बदले उनसे पैसे लिए और बाद में उससे मुकर गईं।

IAS अधिकारी पर दिव्यांग से 95 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, जान से मारने की धमकी भी दी

ओडिशा से धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राज्य के गृह विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत एक महिला आईएएस अधिकारी के ऊपर 95 लाख रुपयों की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। पीड़ित व्यक्ति का आरोप है कि अधिकारी ने उससे जमीन दिलाने का झूठा वादा करके पहले 95 लाख रुपए हड़प लिए। इसके बाद जब उसने इसकी मांग की तो उसे जान में मारने की धमकी भी दीं।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक ओडिशा के गृह विभाग में कार्यरत आईएएस अधिकारी आराधना दास के ऊपर यह आरोप लगे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक दास ने कटक जिले के सीडीए (कटक विकास प्राधिकरण) क्षेत्र में जमीन दिलाने का वादा करके दिव्यांग कमल कुमार भावसिंका से 95 लाख रुपए की धोखाधड़ी की। आरोप है कि उसने जमीन नहीं दी, पैसे खर्च कर दिए और वापस नहीं किए। शिकायतकर्ता की पत्नी बीना भावसिंका ने दो अलग-अलग तारीखों पर बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से दास को भुगतान किया था।

पुलिस में मामला हुआ दर्ज

पीड़ित ने इस मामले में पुलिस में मामला दर्ज कराया है। सीडीए फेज-2 पुलिस स्टेशन में दर्ज इस मामले में पुलिस ने शुरुआती जांच करते हुए इस बात की पुष्टि की है कि जमीन दिलाने के वादे के संबंध में 95 लाख रुपये का लेनदेन हुआ था। इसमें से कुछ राशि नकद में दी गई थी।

दास ने कथित तौर पर जांच में सहयोग नहीं किया। पुलिस आयुक्त कार्यालय ने राज्य गृह विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) को पत्र लिखकर आईएएस अधिकारी के खिलाफ औपचारिक कार्रवाई शुरू करने की अनुमति मांगी है (जैसा कि सरकारी कर्मचारियों/आईएएस अधिकारियों के लिए नियमों के तहत आवश्यक है)। इसके अलावा आराधना दास के ऊपर शिकायतकर्ता को अपशब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। दास विभिन्न विभागों में विभिन्न पदों पर रह चुकीं हैं, जिनमें पहले भूमि और आवास से संबंधित पद भी शामिल हैं।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें