थलपति विजय ने धोखा दिया, बातचीत के लिए बुलाकर कर लिया अरेस्ट; तमिलनाडु में जबरदस्त गुस्सा
प्रदर्शनकारियों के वकील वरथराजन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सरकार की ओर से बातचीत का न्योता दिए जाने की जानकारी दी थी। लेकिन जैसे ही नेता अंदर पहुंचे उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। थलपति विजय घिर गए हैं।

तमिलनाडु में थलपति विजय पर बड़ा इल्जाम लगा है। यहां हजारों की संख्या में राज्य की नर्सें पहले से ही सरकार से नाराज हैं और अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आई हैं। अब आंदोलन कर रही नर्सों ने मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय और टीवीके सरकार पर धोखाधड़ी का आरोप लगा दिया है। प्रदर्शनकारी नर्सों की ओर से आरोप लगाए गए हैं कि विजय की सरकार ने उन्हें बातचीत के लिए बुलाया, लेकिन वहां पहुंचते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
नर्सों की ओर से केस लड़ रहे वकील ने दावा किया कि नर्सों के 5 प्रतिनिधियों को सरकार ने सचिवालय बुलाया था। यहीं पुलिस ने उन्हें धोखे से गिरफ्तार कर लिया। । इधर चेन्नई के राजरत्नम स्टेडियम के पास अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी दर्जनों नर्सों को निर्धारित समय सीमा खत्म होने के बाद पुलिस ने जबरन हिरासत में ले लिया है। इससे पूरे राज्य में बवाल मच गया है
वकील का बड़ा आरोप
'तमिलनाडु इंटरमीडिएट हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन' के बैनर तले राज्यभर से जुटीं लगभग 4,000 नर्सों की ओर से कानूनी पैरवी कर रहे एडवोकेट वरदराजन ने सरकार पर हमला बोला। वरदराजन ने बताया कि पुलिस ने ही सरकार की ओर से समझौते के लिए बातचीत का बुलावा दिया था। इसके बाद नर्सों ने सर्वसम्मति से अपने 5 मुख्य प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए भेजा। लेकिन जैसे ही वे सचिवालय पहुंचे, पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
एडवोकेट वरदराजन ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा, "यह एक बड़ा धोखा है। विजय की सरकार एक पुलिस स्टेट की तरह काम कर रही है। अगर वे हमें जेल में भी डाल देंगे, तब भी हमारा आंदोलन जारी रहेगा।" उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी भी नर्स के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचता है, तो इसके लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री विजय जिम्मेदार होंगे।
क्या हैं प्रदर्शनकारी नर्सों की मुख्य मांगें?
राज्य के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत इंटरमीडिएट स्वास्थ्य कर्मी और नर्सें लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। उनकी मुख्य मांग वेतन बढ़ाने को लेकर है। नर्सों की मांग है कि उनके न्यूनतम वेतन को 45,000 रुपये प्रति माह तक बढ़ाया जाए। नर्सों की नौकरी को पक्का किया जाए और नौकरी की सुरक्षा दी जाए। वहीं लंबित इनसेंटिव्स के निपटारे की भी मांग है।
भूख हड़ताल पर बैठी नर्सों को पुलिस ने हटाया
इन मांगों को लेकर राज्य की नर्सें कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठी थीं। राजरत्नम स्टेडियम के पास धरना दे रही नर्सों ने मांगें ना माने जाने तक हटने से मना कर दिया था। हालांकि पुलिस के अनुसार, दिए गए समय के खत्म होने के बावजूद जब प्रदर्शनकारी नर्सें नहीं हटीं, तो उन्हें बसों में भरकर पुलिस हिरासत में ले लिया गया।

