ऑपरेशन सिंदूर से कुछ नहीं मिला; नौगाम पुलिस स्टेशन ब्लास्ट के बाद फारुख अब्दुल्ला

ऑपरेशन सिंदूर से कुछ नहीं मिला; नौगाम पुलिस स्टेशन ब्लास्ट के बाद फारुख अब्दुल्ला

संक्षेप:

जम्मू-कश्मीर के नौगाम पुलिस स्टेशन में हुए ब्लास्ट के बाद पूर्व सीएम फारुख अब्दुल्ला ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर से हमें कुछ भी हासिल नहीं हुआ है। उम्मीद है कि वह (ऑप सिंदूर) फिर से नहीं होगा।

Nov 16, 2025 05:39 am ISTUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

पहलगाम में हुए हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तानी आतंकियों पर किए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुख अब्दुल्ला का बयान सामने आया है। उन्होंने शनिवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से कुछ भी हासिल नहीं हुआ है और उन्हें उम्मीद है कि आगे ऐसा कुछ भी नहीं होगा। इतना ही नहीं उन्होंने भारत और पाकिस्तान दोनों से अपने रिश्ते सुधारने का भी आह्वान किया। अब्दुल्ला की यह टिप्पणी शुक्रवार रात नौगाम पुलिस स्टेशन में हुए धमाके के बाद सामने आई। इस धमाके में कम से कम 9 लोगों के मारे जाने का आशंका है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

एएनआई से बात करते हुए फारुख अब्दुल्ला ने दिल्ली में हुए लालकिला कार विस्फोट और नौगाम पुलिस स्टेशन ब्लास्ट का हवाला देते हुए कहा, “मुझे उम्मीद है कि ऐसा कुछ (ऑपरेशन सिंदूर) नहीं होगा। इससे कुछ नहीं निकला। हमारे लोग मारे गए। हमारी सीमाओं से समझौता किया गया। मुझे उम्मीद है कि दोनों देश अपने रिश्ते सुधारेंगे। यही एकमात्र रास्ता है। मैं वाजपेयी जी की बात दोहराना चाहता हूँ, दोस्त बदले जा सकते हैं, लेकिन पड़ोसी नहीं।”

शुक्रवार को हुए नौगाम पुलिस स्टेशन पर अपनी बात रखते हुए फारुख ने कहा कि स्थानीय अधिकारियों ने विस्फोटक सामग्री से जिस तरह से निपटा, वह हमारी गलती थी। ऐसे मामलों में विशेषज्ञों की सलाह ले लेनी चाहिए। उन्होंने कहा, "यह हमारी गलती है, जो लोग इस विस्फोटक को बेहतर समझते हैं, हमें खुद इसे संभालने की कोशिश करने के बजाय पहले उनसे बात करनी चाहिए थी कि इससे कैसे निपटा जाए। आपने नतीजा देखा, नौ लोगों की जान चली गई। वहाँ के घरों को बहुत नुकसान हुआ।"

गौरतलब है कि नौगाम विस्फोट जम्मू-कश्मीर पुलिस प्रमुख नलिन प्रभात ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात श्रीनगर के बाहरी इलाके नौगाम पुलिस स्टेशन में हुए एक आकस्मिक विस्फोट में नौ लोग मारे गए और 32 घायल हो गए। यह विस्फोट उस समय हुआ जब पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञ फरीदाबाद से बरामद विस्फोटकों के एक जखीरे से नमूने निकाल रहे थे।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak
उपेन्द्र पिछले कुछ समय से लाइव हिन्दुस्तान के साथ बतौर ट्रेनी कंटेंट प्रोड्यूसर जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली (2023-24 बैच) से पूरी की है। इससे पहले भोपाल के बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से अपना ग्रैजुएशन पूरा किया। मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले हैं। अंतर्राष्ट्रीय संबंधों, राजनीति के साथ-साथ खेलों में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।