
राष्ट्रवादी नहीं, राष्ट्रविवादी...वंदे मातरम को लेकर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को सत्तारूढ़ भाजपा पर जमकर हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहाकि भाजपा राष्ट्रवादी नहीं, राष्ट्रविवादी पार्टी है। साथ ही यह भी कहाकि ‘वंदे मातरम्’ सिर्फ गाने के लिए नहीं, बल्कि निभाने के लिए भी होना चाहिए।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को सत्तारूढ़ भाजपा पर जमकर हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहाकि भाजपा राष्ट्रवादी नहीं, राष्ट्रविवादी पार्टी है। साथ ही यह भी कहाकि ‘वंदे मातरम्’ सिर्फ गाने के लिए नहीं, बल्कि निभाने के लिए भी होना चाहिए। लेकिन आज के ‘दरारवादी’ लोग इसी के जरिए देश को तोड़ना चाहते हैं। अखिलेश ने लोकसभा में वंदे मातरम् पर चर्चा में भाग लेते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान में सत्ता पक्ष के लोग हर चीज का श्रेय लेना चाहते हैं।
हर चीज का श्रेय लेना चाहते हैं
सपा सांसद ने कहाकि हमारे सत्ता पक्ष के लोग हर चीज का श्रेय लेना चाहते हैं...जो महापुरुष उनके नहीं हैं, या जो चीज उनकी नहीं है, उन्हें भी अपनाना चाहते हैं। उन्होंने सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठन के समय उनके जो अध्यक्ष चुने गऐ थे, उन्हें जो भाषण देना था उस पर इस बात को लेकर बहस चली थी कि ‘भाजपा धर्मनिरपेक्ष समाजवाद के रास्ते पर जाएगी कि नहीं।’ सपा सांसद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वंदे मातरम् कोई दिखावा, या राजनीति का विषय नहीं है, लेकिन ऐसा लगता है कि वंदे मातरम् इन्हीं (सत्तापक्ष) का बनवाया हुआ है।
जिन्होंने आजादी के आंदोलन में भाग ही नहीं लिया…
अखिलेश ने सत्तारूढ़ दल पर तंज कसते हुए कहाकि जिन्होंने आजादी के आंदोलन में भाग ही नहीं लिया, वे वंदे मातरम् का महत्व क्या जानेंगे? उन्होंने उत्तर प्रदेश में प्राथमिकी विद्यालयों को एकीकृत किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि जब हम आजाद हैं, उत्तर प्रदेश में प्राथमिक स्कूल बंद किए जा रहे हैं। 26 हजार से अधिक स्कूल बंद हो गए। उन्होंने दावा किया कि जब पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज ने बच्चों को पढ़ाने की कोशिश की, तो भाजपा सरकार ने पढ़ने गये बच्चों और पढ़ाने गए लोगों पर मुकदमा कर दिया।





