ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ही नहीं, अभिजीत दीपके की 3 और डिमांड; कहा- नहीं तो मोदी अमेरिका में भी जीत जाएंगे
कॉकरोच जनता पार्टी ने मुंबई के शिवाजी पार्क से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने आंदोलन से पहले अपनी सारी मांगें गिनाईं।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके ने मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से करीब 24 घंटे पहले अपनी तीन और डिमांड पर जोर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 'मुंबई चलो' की अपील करने वाले दीपके ने कहा है कि एसआईआर को रद्द करना चाहिए और इससे पूर्व के वोटर लिस्ट को ही मान्य किया जाए। दीपके ने तंज कसते हुए कहा कि एसआईआर आधारित वोटर लिस्ट पर चुनाव हुआ तो पीएम मोदी अमेरिका में भी जीत सकते हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की भी मांग रखी है।
अभिजीत दीपके ने गुरुवार को मुंबई के प्रेस क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर लोगों से 2 अक्टूबर को शाम चार बजे शिवाजी पार्क के गेट नंबर 6 पर पहुंचने की अपील की। दीपके ने कहा, ‘ज्ञानेश कुमार सीईसी कहलाने लायक नहीं हैं, वह देश के सबसे बड़े गद्दार हैं। उनके इस्तीफे के लिए कल से हमारा देशव्यापी आंदोलन शुरू होगा। मैं लोगों से अपील करता हूं कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में आएं क्योंकि यह देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए आंदोलन है।’
ज्ञानेश कुमार पर दर्ज हो क्रिमिनल केस
अभिजीत दीपके सिर्फ ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ही नहीं चाहते हैं, बल्कि उन्होंने तीन और मांगें भी रखीं। सीजेपी प्रमुख ने कहा, ‘सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज होना चाहिए। उनके ऊपर एक जांच बैठाई जाए।’
एसआईआर पर रोक की मांग
दीपके ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के अलावा एसआईआर की लिस्ट को पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि एसआईआर के पहले 2025 के वोटर लिस्ट पर ही चुनाव होना चाहिए। उन्होंने स्पेशल एंटेंसिव रिवीजन पर तंज कसते हुए कहा, ‘अगर एसआईआर पर चुनाव होगा तो मोदी जी अमेरिका का भी चुनाव जीत सकते हैं।’ विपक्षी पार्टियों और सीजेपी का आरोप है कि एसआईआर में गलत तरीके से 13 करोड़ वोटर्स का नाम काट दिया गया है।
सीईसी की नियुक्ति में पारदर्शिता
अभिजीत दीपके ने कहा, ‘चुनाव आयुक्त के चयन की प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होना चाहिए। ऐसा ना हो कि मोदी और अमित शाह अपने घर पर फैसला कर लें कि मुझे यह अच्छा लग रहा है, इसे बना देते हैं। इसमें आपको थोड़ी पादर्शिता लानी पड़ेगी। सिविल सोसाइटी को शामिल करना पड़ेगा। चीफ जस्टिस शामिल होते लेकिन इन लोगों ने इस प्रावधान को भी बदल दिया है। ऐसे नहीं चल सकता है।’


