कोई भी पहुंच से बाहर नहीं; अफगानिस्तान के खिलाफ 'खुली जंग' का ऐलान के बाद पाक का बड़ा संदेश
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने पुष्टि की कि ऑपरेशन अभी भी जारी है। उन्होंने कहा कि नाटो (NATO) सेना की वापसी के बाद उम्मीद थी कि तालिबान शांति पर ध्यान केंद्रित करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

Pakistan-Afghanistan War: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव अब 'खुले युद्ध' में तब्दील हो चुका है। शुक्रवार को 'ऑपरेशन गजब-लिल-हक' (Operation Ghazab lil-Haq) के तहत अफगानिस्तान के भीतर भीषण हवाई हमले करने के बाद पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि क्षेत्रीय अखंडता पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
शुक्रवार सुबह काबुल, कंधार और पक्तिका में 130 से अधिक तालिबानी लड़ाकों को मारने का दावा करने के बाद राष्ट्रपति जरदारी ने सोशल मीडिया पर कहा, "पाकिस्तान शांति और क्षेत्रीय अखंडता पर कोई समझौता नहीं करेगा। हमारी सेना का जवाब व्यापक और निर्णायक है। जो लोग हमारी शांति को कमजोरी समझने की भूल करेंगे, उन्हें कड़ा जवाब मिलेगा। कोई भी हमारी पहुंच से बाहर नहीं होगा।"
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने घोषित किया 'खुला युद्ध'
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने पुष्टि की कि ऑपरेशन अभी भी जारी है। उन्होंने कहा कि नाटो (NATO) सेना की वापसी के बाद उम्मीद थी कि तालिबान शांति पर ध्यान केंद्रित करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आसिफ ने चेतावनी देते हुए कहा, “हमने सीधे और मित्र राष्ट्रों के जरिए सामान्य स्थिति बनाए रखने की हर संभव कोशिश की, लेकिन अब हमारा धैर्य जवाब दे गया है। अब यह एक खुला युद्ध है।”
इस्लामाबाद लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि तालिबान प्रशासन 'तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान' (TTP) जैसे समूहों को सुरक्षित पनाहगाह दे रहा है। हालांकि, अपनी आंतरिक विफलताओं को छिपाने के लिए पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत पर निराधार आरोप मढ़े हैं। पाकिस्तान ने बिना किसी प्रमाण के दावा किया कि भारत अफगानिस्तान में मौजूद विरोधी तत्वों का समर्थन कर रहा है।
पाकिस्तानी मीडिया (PTV News) के अनुसार, पाकिस्तान वायुसेना ने नंगरहार प्रांत में एक गोला-बारूद डिपो को भी नष्ट कर दिया है। खैबर पख्तूनख्वा के चित्रल, खैबर और बाजौर सेक्टरों में दोनों ओर से भारी गोलीबारी जारी है। अफगानिस्तान ने भी दावा किया है कि उसने पाकिस्तान की कई सीमा चौकियों को तबाह कर दिया है।
लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ें

