Hindi NewsIndia Newsno infiltration cases reported at India China Border Nityanand Rai written reply Lok Sabha
भारत-चीन सीमा पर घुसपैठ का कोई मामला नहीं, सबसे अधिक कहां हो रही सरकार ने संसद में बताया

भारत-चीन सीमा पर घुसपैठ का कोई मामला नहीं, सबसे अधिक कहां हो रही सरकार ने संसद में बताया

संक्षेप:

नित्यानंद राय ने बताया कि 1,643 किलोमीटर लंबी भारत-म्यांमार सीमा पर 9.214 किलोमीटर बाड़ का कार्य पूरा है। उन्होंने बताया, ‘2014 से अब तक दर्ज घुसपैठ के प्रयासों में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सबसे अधिक 7,528 मामले सामने आए हैं।’

Dec 16, 2025 02:58 pm ISTNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को लेकर मंगलवार को लोकसभा में अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत-चीन सीमा पर कोई घुसपैठ का मामला रिपोर्ट नहीं किया गया है। नित्यानंद राय ने बताया, ‘2014 से अब तक दर्ज घुसपैठ के प्रयासों में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सबसे अधिक 7,528 मामले सामने आए हैं। भारत-पाकिस्तान सीमा पर 425, भारत-म्यांमार सीमा पर 298 और भारत-नेपाल व भूटान सीमा पर 157 मामले दर्ज हुए हैं। भारत-चीन सीमा पर कोई घुसपैठ का मामला रिपोर्ट नहीं किया गया है।’

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें
ये भी पढ़ें:उधमपुर के गांव में छिपे आतंकी, तलाश जारी; पाक आतंकियों के लिए क्यों खास ये मार्ग

गृह राज्य मंत्री ने लोकसभा में लिखित में आंकड़ों की जानकारी साझा करते हुए बताया, ‘भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर की कुल लंबाई 2,289.66 किलोमीटर है, जिसमें से 2,135.136 किलोमीटर यानी 93.25 प्रतिशत भाग पर बाड़ लगाई जा चुकी है। 154.524 किलोमीटर यानी 6.75 प्रतिशत भाग अभी बिना बाड़ का है।’ नित्यानंद राय ने बताया कि भारत-बांग्लादेश सीमा की लंबाई 4,096.70 किलोमीटर है, जिसमें से 3,239.92 किलोमीटर (79.08%) पर बाड़ पूरी हो चुकी है। 856.778 किलोमीटर यानी 20.92% पर यह काम बाकी है। उन्होंने बताया, ‘1,643 किलोमीटर लंबी भारत-म्यांमार सीमा पर अब तक 9.214 किलोमीटर बाड़ का कार्य पूरा किया गया है।’

विजय दिवस की 54वीं वर्षगांठ

वहीं, राज्यसभा में विजय दिवस की 54वीं वर्षगांठ पर भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और वीरता की सराहना की गई। यह कहा गया कि इसी विजय के कारण क्षेत्र का भू-राजनीतिक परिदृश्य परिवर्तित हो गया था। उच्च सदन की बैठक शुरू होते ही सभापति सीपी राधाकृष्ण ने 16 दिसंबर 1971 के दिन भारतीय सशस्त्र बलों को पाकिस्तानी सेना पर मिली विजय का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसी विजय के कारण बांग्लादेश का निर्माण संभव हो पाया और इसने इस क्षेत्र का भू-राजनीतिक परिदृश्य परिवर्तित कर दिया। इस विजय ने न्याय, मानव गरिमा व स्वतंत्रता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को फिर से साबित किया। उन्होंने इस विजय के लिए भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और गरिमा की प्रशंसा की।

सदन में उपस्थित सदस्यों ने मेजें थपथपा कर भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की। विजय दिवस हर वर्ष 16 दिसंबर को मनाया जाता है। यह 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में लड़ने वाले सैनिकों के सम्मान में मनाया जाता है, जिसका समापन पाकिस्तान की सेना के आत्मसमर्पण के साथ हुआ था। जनरल एए खान नियाजी के नेतृत्व में लगभग 93,000 पाकिस्तानी सैनिकों ने हथियार डाल दिए थे। यह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़े आत्मसमर्पण में से एक था।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।