‘कश्मीर का कोई ऐसा कब्रिस्तान नहीं जहां पाकिस्तानी आतंकी…’ हिजबुल कमांडर का बड़ा कबूलनामा
हिजबुल के सुप्रीम कमांडर शमशीर खान ने ऑन कैमरा यह बड़ा कबूलनामा दिया है। उसने कश्मीर के लोलाब और कठुआ का भी जिक्र किया। हिजबुल कमांडर का यह बयान पाकिस्तान की पोल एक बार फिर खोलता है।

आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के एक कमांडर ने पाकिस्तान की करतूतों को लेकर ऑन कैमरा एक बड़ा कबूलनामा दिया है। दरअसल हाल ही में हिजबुल के डिप्टी सुप्रीम कमांडर शमशीर खान का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में आतंकी कैमरे के सामने यह कबूल करता नजर आ रहा है कि पाकिस्तान के कोने-कोने से आए आतंकवादियों ने कश्मीर में दहशत मचाने की कोशिश की और वहां सुरक्षाबलों के हाथों मारे गए।
शमशीर खान ने खुलेआम कबूला कि कश्मीर का कोई भी कब्रिस्तान ऐसा नहीं बचा है, जहां पाकिस्तानी आतंकियों के शव दफन न हों। बीते जुलाई को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के मुजफ्फरबाद में आयोजित जमात-ए-इस्लामी की एक सभा को संबोधित करते हुए शमशीर खान ने कहा, “लोलाब और कुपवाड़ा से लेकर कठुआ तक, कश्मीर में ऐसा एक भी कब्रिस्तान नहीं है जहां पाकिस्तानी आतंकवादी दफन न हों।”
हिजबुल आतंकी इतने में ही नहीं रुका। इस कबूलनामे के बाद शमशीर ने पाकिस्तान और कश्मीर के बीच रिश्ते की बात करते हुए दावा किया कि कोई भी इन दोनों के बीच नफरत पैदा नहीं कर सकता है। उसने यह भी कहा कि शमशीर खान का यह बयान भारत के दावे की एक बात पुष्टि करता है कि कैसे पाकिस्तान अपने पाले हुए आतंकियों को कश्मीर में दहशत फैलाने के लिए इस्तेमाल करता है। भारत खुद समय समय पर इसके सबूत पेश करता रहा है।
निशाने पर हिजबुल आतंकी
गौरतलब है कि यह वीडियो ऐसे समय में आया है जब बीते मई महीने में ही जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोपोर के पांजला में पाकिस्तान से सक्रिय हिजबुल मुजाहिद्दीन के गुलाम मोहम्मद भट उर्फ हैदर की संपत्ति को जब्त कर लिया था। पुलिस के मुताबिक हैदर अवैध हथियारों की ट्रेनिंग के लिए PoK भाग गया था और वहीं से भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियां चला रहा है।
पीएम मोदी ने दिलाई ऑपरेशन सिंदूर की याद
एक तरफ जहां पाकिस्तानी आतंकी घाटी में अपने मारे जाने का रोना रो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत की सैन्य क्षमताओं का लोहा मनवाया। ऑस्ट्रेलिया में एक प्रवासी भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में बोलते हुए पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का विशेष रूप से जिक्र किया। इस दौरान मंच पर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद थे। पीएम मोदी ने भारत की रक्षा प्रणालियों और आतंकवाद के खिलाफ की गई बड़ी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा, “आज पूरी दुनिया भारत के डिफेंस प्लेटफॉर्म्स की क्षमता और विश्वसनीयता को देख रही है। आपने इसका एक बड़ा प्रदर्शन ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देखा होगा।”
पीएम मोदी ने आगे कहा, "धमाके तो आतंकवादियों के ठिकानों पर हो रहे थे, लेकिन उनकी गूंज पूरी दुनिया ने सुनी।" प्रधानमंत्री ने वहां मौजूद हजारों भारतीयों से पूछा, "आतंकी ठिकानों पर हुए इस बड़े हमले ने आपको भी गर्व से भर दिया या नहीं?" बता दें कि बीते साल अप्रैल महीने में जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। पाकिस्तान के पाले हुए आतंकियों ने कश्मीर घूमने आए पर्यटकों को धर्म पूछ कर बर्बरता से मार डाला। इसके बाद ही भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में दर्जनों आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था। इस दौरान 100 से ज्यादा आतंकी मारे भी गए।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

