ओम बिरला को पद से हटाने पर तुला विपक्ष, चाहिए होंगे कितने वोट? समझिए नंबर गेम

Mar 09, 2026 08:20 am ISTJagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share

विपक्ष द्वारा लाए गए इस अविश्वास प्रस्ताव में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पर विपक्षी सांसदों के साथ भेदभाव करने, उन्हें सदन में बोलने का मौका नहीं देने और सत्ता पक्ष के सदस्यों की अनुचित टिप्पणियों पर कोई कार्रवाई ना करने का आरोप लगाया गया है।

ओम बिरला को पद से हटाने पर तुला विपक्ष, चाहिए होंगे कितने वोट? समझिए नंबर गेम

विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई है। इस प्रस्ताव पर आज सदन में चर्चा होगी। जानकारी के मुताबिक इस अविश्वास प्रस्ताव को सोमवार 9 मार्च की सदन की कार्य सूची में शामिल किया गया है। इससे पहले संसद के मौजूदा बजट सत्र के पहले चरण में विपक्ष ने लोकसभा स्पीकर पर बड़े आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया था। 10 फरवरी को दिए गए इस नोटिस पर 118 विपक्षी सांसदों ने हस्ताक्षर किए थे।

लोकसभा की 9 मार्च की संशोधित कार्य सूची के अनुसार प्रश्नकाल के बाद जरूरी दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाने के उपरांत सबसे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर पश्चिम एशिया की स्थिति पर एक बयान देंगे। इसके बाद कांग्रेस सांसद आर. मोहम्मद जावेद, कोडिकुन्निल सुरेश और मल्लू रवि ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को सदन में पेश करने की अनुमति मांगेंगे। कार्य सूची के अनुसार अगर सदन की अनुमति मिल जाती है तो कल ही प्रस्ताव को लोकसभा में रखा जा सकता है।

ओम बिरला पर क्या आरोप?

विपक्ष द्वारा लाए गए इस अविश्वास प्रस्ताव में लोकसभा अध्यक्ष पर विपक्षी सांसदों के साथ भेदभाव करने, उन्हें सदन में बोलने का मौका नहीं देने और सत्ता पक्ष के सदस्यों की अनुचित टिप्पणियों पर कोई कार्रवाई ना करने का आरोप लगाया गया है। प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया है कि जनता से जुड़े मुद्दे उठाने पर विपक्षी सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया, जबकि पूर्व प्रधानमंत्रियों के खिलाफ पूरी तरह आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां करने वाले सत्तारूढ़ दल के सदस्यों को कोई फटकार नहीं लगाई गई।

विपक्ष ने आरोप लगाया है कि बिरला ने सदन के सभी वर्गों का विश्वास जीतने के लिए जरूरी निष्पक्ष रवैया बनाये रखना बंद कर दिया है; अपने पक्षपातपूर्ण रवैये में वह सदन के सदस्यों के अधिकारों की अनदेखी करते हैं और ऐसे अधिकारों को प्रभावित करने और कमजोर करने के लिए घोषणाएं और फैसले देते हैं; वह सभी विवादित मामलों पर सत्ताधारी पक्ष का खुले तौर पर पक्ष रखते हैं...।"

लोकसभा स्पीकर को हटाने के क्या हैं नियम?

नियमों के मुताबिक प्रस्ताव पर चर्चा के लिए दो सांसदों के साइन, 14 दिन का नोटिस और सदन में 50 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। नोटिस मंजूर होने के बाद, बहस का समय तय किया जाता है और बहस लोकसभा में होती है। नियमों के मुताबिक इस बहस के दौरान स्पीकर अपनी कुर्सी पर नहीं बैठेंगे और डिप्टी स्पीकर कार्यवाही चलाएंगे। हालांकि फिलहाल डिप्टी स्पीकर की गैरमौजूदगी में, स्पीकर के पैनल में सबसे सीनियर सांसद इस चर्चा की अध्यक्षता करेंगे।

विपक्ष को चाहिए कितने वोट?

संविधान के मुताबिक लोकसभा स्पीकर को हटाने के लिए 272 वोट यानी साधारण बहुमत चाहिए। हालांकि तृणमूल कांग्रेस के समर्थन देने के ऐलान के बाद भी, विपक्ष के पास इतने वोट नहीं हैं। मौजूदा समय में सत्तारूढ़ NDA के पास 293 सांसदों का समर्थन है। इनमें BJP के 240, जेडीयू के 16, टीडीपी के 12, और अन्य पार्टियों के कुछ सीटें शामिल हैं। वहीं विपक्ष के पास मौजूदा समय में महज 238 सांसद हैं, जिनमें से 99 कांग्रेस के हैं। समाजवादी पार्टी, DMK, तृणमूल कांग्रेस और दूसरी पार्टियों के सांसदों को मिलाकर भी साधारण बहुमत हासिल करना विपक्ष के लिए मुश्किल होगा।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।