नीतीश कुमार को रोक लेना चाहिए था, कांग्रेस में चर्चा; सोनिया बोलीं- जाना ही था
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक मंगलवार को हुई। खास बात है कि यह मीटिंग INDIA गठबंधन की आगामी बैठक से ठीक एक दिन पहले हुई है। खबरें हैं कि इस दौरान राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के नाम पर भी खूब चर्चा हुई हैं।

ज्ञानेश कुमार यानी भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ बड़ी राजनीतिक तैयारी हो रही है। खबरें हैं कि बुधवार को होने वाली विपक्षी गठबंधन INDIA की मीटिंग में सभी दल लंबी चर्चा करेंगे। खास बात है कि इससे पहले मंगलवार को ही कांग्रेस की कार्य समिति की बैठक हुई थी, जिसमें कहा जा रहा है कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर चर्चा हुई थी।
वोट चोरी के मुद्दे पर बुधवार को विपक्ष एकजुट होकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रणनीति का खाका तैयार करेगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में वोट चोरी और चुनाव आयोग के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा होगी।
बैठक में पहुंचेंगे ये नेता
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तृणमूल अध्यक्ष ममता बनर्जी सहित कई घटक दलों के नेता हिस्सा लेंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दावा किया द्रमुक गठबंधन का हिस्सा है। उम्मीद जताई कि सभी दल बैठक में मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में उठा नीतीश कुमार का मुद्दा
उधर, मंगलवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार का भी जिक्र आया। सूत्रों के मुताबिक दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमें INDIA गठबंधन से उन्हें जाने नहीं देना चाहिए था, वरना सियासी हालात अलग होते। इस पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा उनको वहीं जाना था, वो गठबंधन से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहे थे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी कहा कि वह बोलना नहीं चाहते थे, पर INDIA गठबंधन का संयोजक बनने की उनकी कोशिश महज दिखावा थी।
राहुल गांधी बोले, बहुत पीछे तो नहीं हैं
मंगलवार को वोट चोरी पर कांग्रेस कार्यसमिति पर गंभीर चर्चा के बीच कई बार ऐसा भी हुआ कि बैठक में मौजूद सभी सदस्यों के चेहरे खिल उठे। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि खरगे ने वोट चोरी के मुद्दे पर राहुल गांधी के प्रति समर्थन जताते हुए कहा कि हम आपके पीछे चल रहे हैं। इस पर राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए कहा कि बहुत पीछे तो नहीं हैं। यह सुनते ही बैठक में मौजूद सभी सदस्यों के चेहरे खिल उठे। फिर खरगे बोले, आपके साथ चल रहे हैं।
पूरे देश में आंदोलन की तैयारी
पीटीआई के अनुसार, CWC की बैठक में यह फैसला भी किया कि वोट चोरी के खिलाफ इस मुद्दे को लेकर देशभर में आंदोलन चलाया जाएगा और इसमें दूसरे विपक्षी दलों का भी सहयोग लिया जाएगा। खरगे ने कार्य समिति की बैठक में अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग उठाई। बैठक में पारित प्रस्ताव में भी कहा गया कि प्रधानमंत्री को 'नैतिकता के आधार पर' त्यागपत्र दे देना चाहिए।
राहुल गांधी ने बैठक में कहा कि देश में चुनावों में ईवीएम और मतदाता सूची से जुड़ी 'मैच फिक्सिंग' हो रही है, जिसके खिलाफ पार्टी को संसद से लेकर सड़क तक विरोध के साथ-साथ प्रतिरोध के रास्ते से पीछे नहीं हटना चाहिए। कार्य समिति के प्रस्ताव में कहा गया कि पार्टी मुख्य निर्वाचन आयुक्त के तत्काल इस्तीफे की मांग करती है, जिन्होंने कांग्रेस के अनुसार अपने 'सभी नैतिक और संस्थागत अधिकार' खो दिए हैं।
कार्य समिति ने कहा कि भाजपा और उसके चुने गए अधिकारियों को समझ लेना चाहिए कि जनता के मताधिकार से कथित छेड़छाड़ का जवाब दिए बिना नहीं छोड़ा जाएगा।


