Hindi NewsIndia NewsNitin Naveen faces no challenger elected unopposed as BJPs 12th National President
नितिन नवीन के सामने नहीं कोई उम्मीदवार, निर्विरोध चुने गए बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष

नितिन नवीन के सामने नहीं कोई उम्मीदवार, निर्विरोध चुने गए बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष

संक्षेप:

45 साल के नितिन नवीन बीजेपी के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्होंने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। खुद प्रधानमंत्री भी उनके प्रस्तावक थे। मंगलवार को उनके पद संभालने का औपचारिक ऐलान होगा। 

Jan 19, 2026 10:01 pm ISTAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

नितिन नवीन (45) सोमवार को निर्विरोध भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। वह इस पद पर आसीन होने वाले अब तक के सबसे युवा नेता हैं। बिहार के पांच बार के विधायक नवीन, पार्टी के शीर्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे, जिनके समर्थन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने नामांकन पत्र दाखिल किए। मंगलवार को नवीन को औपचारिक रूप से भाजपा अध्यक्ष घोषित किया जाएगा। वह जेपी नड्डा का स्थान लेंगे, जो 2020 से लंबे समय से अध्यक्ष पद पर हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने एक बयान में कहा, “मैं यह घोषणा करता हूं कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए केवल एक नाम, नितिन नवीन का नाम, प्रस्तावित किया गया है।” एक बयान में उन्होंने कहा कि नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के पक्ष में नामांकन पत्रों के 37 सेट दाखिल किए गए और सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए।

प्रधानमंत्री मोदी के अलावा पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी सहित कई वरिष्ठ नेता भी प्रस्ताव रखने वालों में शामिल हैं। नामांकन पत्रों के 37 सेटों में से 36 पार्टी की राज्य इकाइयों द्वारा दाखिल किए गए थे और एक सेट भाजपा संसदीय दल द्वारा प्रस्तुत किया गया था।

इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष नड्डा, वरिष्ठ मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण, किरेन रीजीजू, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नायब सैनी, प्रमोद सावंत, पेमा खांडू और पुष्कर सिंह धामी उपस्थित थे। लक्ष्मण ने कहा कि कार्यक्रम के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामांकन की प्रक्रिया सोमवार को अपराह्न दो बजे से चार बजे के बीच पूरी हो गई।

उन्होंने एक बयान में कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नवीन के पक्ष में कुल 37 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। जांच करने पर सभी नामांकन पत्र निर्धारित प्रारूप में विधिवत भरे हुए और वैध पाए गए।” उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया 36 राज्यों में से 30 राज्यों के अध्यक्षों के चुनाव के बाद शुरू की गई, जो कि न्यूनतम 50 प्रतिशत राज्यों का चुनाव पूरा करने के लिए आवश्यक संख्या से कहीं अधिक है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों की अधिसूचना जारी कर 16 जनवरी को मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई थी।

भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 1980 में हुई थी और उसी वर्ष नवीन का जन्म भी हुआ था। नवीन ने 2006 में अपने पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के निधन के बाद राजनीति में कदम रखा, जो भाजपा विधायक थे। बिहार सरकार में कानून एवं न्याय, शहरी विकास एवं आवास मंत्री रह चुके नवीन को दिसंबर में भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha
अंकित ओझा पिछले 8 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। अंकित ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से स्नातक के बाद IIMC नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा किया है। इसके बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की है। राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय डेस्क पर कार्य करने का उनके पास अनुभव है। इसके अलावा बिजनेस और अन्य क्षेत्रों की भी समझ रखते हैं। हिंदी, अंग्रेजी के साथ ही पंजाबी और उर्दू का भी ज्ञान है। डिजिटल के साथ ही रेडियो और टीवी के लिए भी काम कर चुके हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।