
हम मुस्लिमों के खिलाफ नहीं, लेकिन... नागपुर से गड़करी का संदेश, पाकिस्तान पर क्या बोले
केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने नागपुर में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की विचारधारा धर्म और जाति से ऊपर उठकर सभी को मदद करने की है। उन्होंने कहा कि हम मुसलमानों के खिलाफ नहीं, बल्कि आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ हैं।
महाराष्ट्र में इन दिनों महानगरपालिकों को चुनावों को देखते हुए राजनीति उफान पर है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी का भी एक बयान सामने आया है। एक सभा को संबोधित करते हुए गड़करी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा धर्म से ऊपर उठकर सभी के लिए काम करना सिखाती है। यह धारणा पूरी तरह से गलत है कि पार्टी मुसलमानों के खिलाफ है।
नागपुर में चुनाव प्रचार कर रहे गड़करी ने कहा कि यदि भाजपा-शिवसेना गठबंधन 15 जनवरी को होने वाले नागपुर महानगर पालिका चुनाव में पूर्ण बहुमत से जीतता है, तो लोगों की आकांक्षाएं और सपने पूरे होंगे। शुक्रवार की हुई तीनों जनसभाओं में गड़करी भाजपा को लेकर पैसी भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास करते नजर आए। उन्होंने कहा, "हम मुसलमानों के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन आतंकवादियों और पाकिस्तान के खिलाफ हैं। इस देश के लिए बलिदान देने वाले मुसलमान हमारे लिए उतने ही प्रिय हैं जितने हिंदू। कोई मस्जिद, गुरुद्वारा या बौद्ध विहार जा सकता है, लेकिन हम कहते हैं कि हमारा खून एक है, हम भारतीय हैं और सभी के लिए काम करते हैं।”
भाजपा उम्मीदवार की तरफ से मैं गारंटर: गड़करी
केंद्रीय मंत्री ने लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा-शिवसेना गठबंधन के पूर्ण बहुमत से चुने जाने पर लोगों की सभी आशाएं, इच्छाएं और सपने पूरे होंगे। उन्होंने कहा, "मैं भाजपा उम्मीदवारों की ओर से गारंटर रहूंगा।” इस दौरान उन्होंने स्वयं तथा महाराष्ट्र सरकार द्वारा कराई गई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
उत्तरी नागपुर में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी नेता यह गलत सूचना फैला रहे हैं कि भाजपा के सत्ता में आने पर हिंसा होगी। नागपुर के सांसद ने कहा कि भाजपा की विचारधारा अपने कार्यकर्ताओं को बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए काम करना सिखाती है। वह भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं और पार्टी की विचारधारा में विश्वास रखते हैं, लेकिन वह उन सभी के निर्वाचित प्रतिनिधि हैं जिन्होंने उन्हें वोट दिया है और जिन्होंने नहीं दिया है। सभी कार्यकर्ता जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर सभी के लिए काम करते हैं।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें



