'यह पूछिए कि आप देश के लिए क्या कर सकते हैं', जेन-Z और जेन-अल्फा से बोलीं निर्मला सीतारमण
निर्मला सीतारमण ने कहा कि चाहे युवा खुद को जेन-जी कहें या जेन-अल्फा, उनकी बात सुनी जाएगी। लेकिन उन्हें जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्य की भावना के साथ आगे आना होगा। उन्होंने छात्रों से कहा कि आपको नेतृत्व करना है।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जेन-जी और जेन-अल्फा पीढ़ी के युवाओं से देश को सबसे ऊपर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा यह सोचने के बजाय कि देश ने उनके लिए क्या किया है, यह सवाल करें कि वे देश के लिए क्या कर सकते हैं। चेन्नई में डॉ. एमजीआर एजुकेशनल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के 36वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए सीतारमण ने युवाओं से जिम्मेदारी संभालने को कहा। उन्होंने कहा कि देश युवाओं की उम्मीदों और उनकी बात सुनने के लिए तैयार है, लेकिन युवाओं को भी अपने आसपास हो रही घटनाओं, अपनी भूमिका और देश के लिए अपने योगदान पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
निर्मला सीतारमण ने कहा कि चाहे युवा खुद को जेन-जी कहें या जेन-अल्फा, उनकी बात सुनी जाएगी। लेकिन उन्हें जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्य की भावना के साथ आगे आना होगा। उन्होंने छात्रों से कहा, 'नेतृत्व संभालिए। आपको आगे बढ़कर नेतृत्व करना है और देश को सबसे पहले रखना है।' उन्होंने कहा कि देश सुरक्षित और मजबूत रहेगा, तभी लोगों के पास रहने के लिए अपना घर और सुरक्षित जीवन होगा। उन्होंने दुनिया में चल रहे संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि कई जगहों पर लोग अपने घर और देश छोड़ने को मजबूर हुए हैं। ऐसे हालात को देखते हुए राष्ट्रीय हित से कभी समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
भारत के पास 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि
वित्त मंत्री ने भारत की अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष जैसी वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत ने अपनी आर्थिक स्थिरता बनाए रखी है। इन संघर्षों का असर कच्चे तेल, गैस और उर्वरकों की आपूर्ति पर भी पड़ा है। इसके बावजूद भारत ने 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने इस स्थिरता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत राजनीतिक नेतृत्व को दिया। सीतारमण ने युवाओं के लिए बढ़ते रोजगार और करियर के मौकों का भी जिक्र किया।
तमिलनाडु में 350 ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर
निर्मला सीतारमण ने कहा कि तमिलनाडु औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्र में तेजी से मजबूत हो रहा है। श्रीपेरंबदूर-ओरगडम गलियारा वैश्विक वाहन निर्माण और स्मार्टफोन निर्यात का बड़ा केंद्र बन चुका है। राज्य में 350 ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर हैं, जो देश के कुल केंद्रों का करीब 10 प्रतिशत हैं। कोयंबटूर में 80 ऐसे केंद्रों में 12,000 पेशेवर काम कर रहे हैं। मदुरै और तिरुचिरापल्ली में भी ऐसे केंद्र तेजी से बढ़ रहे हैं। सीतारमण ने महिलाओं की कामकाजी भागीदारी बढ़ाने के लिए केंद्रीय बजट में किए गए प्रावधानों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हर जिले में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाने की व्यवस्था की गई है, ताकि विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित की पढ़ाई करने वाली महिलाओं को आगे बढ़ने में मदद मिले।

