SC में डांट खाओगे पर मानोगे नहीं… बजट में बंगाल का जिक्र ना होने के आरोपों पर भड़कीं सीतारमण

Feb 11, 2026 07:34 pm ISTJagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि क्वालिफाई करने और अपनी पढ़ाई पूरी करने का इंतजार करने और बाहर आकर यह देखने के बजाय कि स्किल्स सीखने के लिए उन्हें कहां जाना चाहिए, स्किलिंग एलिमेंट को पढ़ाई में ही लाया जा सकता है।

SC में डांट खाओगे पर मानोगे नहीं… बजट में बंगाल का जिक्र ना होने के आरोपों पर भड़कीं सीतारमण

केंद्रीय वित्त मंत्री ने बुधवार को लोकसभा में बजट पर हुई चर्चा का जवाब दिया है। वित्त मंत्री ने अपना भाषण शुरू करते हुए बताया कि केंद्रीय बजट 2026-27 में केंद्र मेगा टेक्सटाइल पार्क बनाने के लिए राज्यों के साथ काम करने करेगी और बजट में पशुपालन, खेती और मछली पालन पर जोर दिया गया है। इस दौरान सीतारमण ने विपक्ष के उन आरोपों को खारिज कर दिया है जिनमें दावा किया गया था कि कुछ राज्यों को बजट में फंड नहीं दिया गया है। पश्चिम बंगाल का बजट में जिक्र ना होने के आरोपों पर निर्मला सीतारमण ने TMC पर निशाना साधा।

इससे पहले लोकसभा में बोलते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राज्यों को केंद्र से उनकी कर हिस्सेदारी का हस्तांतरण नहीं होने संबंधी कुछ विपक्षी सांसदों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार ने केंद्र के विभाज्य पूल में से किसी राज्य का हिस्सा नहीं घटाया है। सीतारमण ने कहा, ''हम पर आरोप लगता है कि हम राज्यों की 41 प्रतिशत कर हिस्सेदारी का हस्तांतरण नहीं करते। मैं सदन के माध्यम से आश्वासन देती हूं कि हमने केंद्र के विभाज्य पूल में से किसी राज्य का हिस्सा नहीं घटाया है।''

यूपी को बुलेट ट्रेन ना मिलने पर जवाब

उत्तर प्रदेश को बुलेट ट्रेन नहीं मिलने संबंधी सपा नेता अखिलेश यादव के बयान पर वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य को दो हाईस्पीड रेल कॉरिडोर दिए गए हैं जिनमें एक दिल्ली से वाराणसी और वहां से सिलीगुड़ी तक है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में वार्षिक रेल बजट 2014 की तुलना में करीब 18 गुना बढ़ा है। उन्होंने बजट में पश्चिम बंगाल का उल्लेख नहीं होने के तृणमूल कांग्रेस के एक सदस्य के दावे को भी खारिज करते हुए कहा कि सरकार की पूर्वोदय योजना में पश्चिम बंगाल एक प्रमुख राज्य है और बजट में घोषित एकीकृत ''ईस्ट कोस्ट इंडस्ट्रियल कॉरिडोर'' का केंद्र दुर्गापुर होगा। सीतारमण ने कहा कि बजट में जूट पुनरुद्धार के लिए बड़ी घोषणा की गई है जिससे लाखों जूट उत्पादक लाभान्वित होंगे।

TMC पर भड़कीं सीतारमण

संबोधन के दौरान वित्त मंत्री ने उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया जिसमें TMC सांसदों ने आरोप लगाए थे कि बजट में बंगाल का कोई जिक्र नहीं है। उन्होंने कहा, “प्रोफेसर सौगात रॉय ने कहा कि बजट में पश्चिम बंगाल का कोई जिक्र नहीं है। ये जानबूझकर भ्रम फैलाने की कोशिश है। पश्चिम बंगाल पूर्वोत्तर में एक अहम राज्य है। बजट में पूरी स्पष्टता से उल्लेख है कि ईस्ट कोस्ट इंडस्ट्रिल कॉरिडोर का एंकर दुर्गापुर में बनेगा। दूसरा हाईस्पीड रेल नॉर्थ बंगाल को पहुंच रही है। सिलीगुड़ी नॉर्थ में ट्रांजिट हब बनेगा। जूट रिवाइवल के लिए बड़ी घोषणा की गई है। ये बंगाल के लिए बड़ी घोषणा है।”

वित्त मंत्री ने आगे कुछ और योजनाओं की सूची गिनवाते हुए कहा, “ये सब बंगाल के लिए नहीं है क्या? आप कहते हैं बंगाल का जिक्र ही नहीं है। ये आरोप गलत हैं।… हम गुस्से में हर बार सुप्रीम कोर्ट में जाएंगे, सेंट्रल गवर्नमेंट हमारे खिलाफ है, और डांट खाएंगे। सुप्रीम कोर्ट में डांट खाओगे मगर मानोगे नहीं कि केंद्र सरकार आपकी मदद कर रहा है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।