कोलकाता से NIA ने गिरफ्तार किया जासूस, पाकिस्तान का है दामाद; अब उगले राज

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता से पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले काफी वर्षों से लगातार पाकिस्तान की यात्रा करता रहा है। यहां तक कि उसकी एक पत्नी पाकिस्तान से है, जिससे उसके बच्चे भी हैं, जो कि पाकिस्तान में ही रहते हैं।

कोलकाता से NIA ने गिरफ्तार किया जासूस, पाकिस्तान का है दामाद; अब उगले राज

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है। यह जासूस पिछले काफी समय से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के अधिकारियों के संपर्क में था। एजेंसी ने इसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था। इसके खिलाफ और सबूत जुटाने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी इसे हिरासत में ले लिया गया। एजेंसी के मुताबिक आरोपी जफर रियाज उर्फ रिजवी ने एक शादी पाकिस्तानी महिला से की थी, जिससे उसके बच्चे भी पाकिस्तानी नागरिक हैं।

एजेंसी की तरफ से जारी बयान में कहा गया कोलकाता निवासी रियाज उर्फ रिजवी 2005 के बाद से लगातार अपनी ससुराल पाकिस्तान की यात्रा करता रहा है। इसी दौरान पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के अधिकारियों ने उससे संपर्क साधा। उन्होंने इसे पैसों और पाकिस्तानी नागरिकता का लालच दिया और भारत की जासूसी करने के लिए तैयार कर लिया। इसके बाद वह लगातार ISI के अधिकारियों के संपर्क में बना रहा।

पाकिस्तानी अधिकारियों और भारत में मौजूद अन्य जासूसों की मदद करने के लिए आरोपी ने एक नई सिम लेकर उसका ओटीपी पाकिस्तानी अधिकारियों को शेयर किया, जिससे उन्हें भारतीय नंबर पर व्हाट्सअप चलाने को मिला। इसी नंबर से पाकिस्तानी अधिकारी भारत में किसी मोतीराम जाट से संपर्क बनाए हुए थे। सुरक्षा एजेंसियों को जैसे ही इसका पता चला उन्होंने तुरंत ही इसको अलर्ट पर लिया और रियाज को गिरफ्तार कर लिया।

NIA ने बताया कि फिलहाल आरोपी को हिरासत में रखा गया है। उसके खिलाफ पहले भी IPC और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है। फिलहाल उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम (Official Secrets Act) और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम [UAPA] की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आपको बता दें, बंगाल, कश्मीर और पंजाब से जुड़े ऐसे कई मुस्लिम परिवार हैं, जिनकी शादियां पड़ोसी देश पाकिस्तान में होती हैं। हालांकि, सीमावर्ती क्षेत्र के लोग आपस में भावनात्मक जुड़ाव साझा करते हैं, लेकिन इनकी आड़ लेकर ही पाकिस्तान अपने काले कारनामों को अंजाम देता है। ऑपरेशन सिंदूर के वक्त भी ऐसे कई लोग राष्ट्रीय चर्चा का विषय बने थे, जो कि पाकिस्तान में अपने सगे-संबंधियों से या तो मिलकर आ रहे थे या फिर मिलने जा रहे थे।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें