'एक सामान्य कार्यकर्ता को...', BJP अध्यक्ष बनने पर बोले नितिन नवीन, मोदी से पहली मुलाकात का जिक्र
नितिन नवीन ने कहा, ‘आज सबसे पहले मैं आप सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। आप सभी ने मुझ जैसे एक साधारण कार्यकर्ता को इस सर्वोच्च पद तक पहुंचने का अवसर दिया है, मैं इस बात के लिए आप सभी के सामने नतमस्तक हूं।’

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर मंगलवार को ताजपोशी के बाद नितिन नवीन ने पार्टी आलाकमान का आभार जताया। नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'आज सबसे पहले मैं आप सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। आप सभी ने मुझ जैसे एक साधारण कार्यकर्ता को इस सर्वोच्च पद तक पहुंचने का अवसर दिया है, मैं इस बात के लिए आप सभी को प्रणाम करता हूं। प्रधानमंत्री जी, मैं आपका भी हृदय से आभार व्यक्त करता हूं क्योंकि हम जैसे साधारण कार्यकर्ता हमेशा दूर से देखते आए हैं कि आप निरंतर राष्ट्र सेवा के लिए कैसे कार्य कर रहे हैं।'
नितिन नवीन ने एक वाकया सुनाते हुए कहा, 'मुझे याद है कि पहली बार मैं आपके साथ गुजरात के आनंद में एक कार्यक्रम में शामिल हुआ था। उस समय मैं राष्ट्रीय महामंत्री था। सद्भावना मिशन कार्यक्रम के दौरान मैंने देखा कि आप हर एक व्यक्ति की बात बहुत ध्यान से सुन रहे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब आप ग्रीन रूम में हमसे बात कर रहे थे, तो आपने बहुत भावुकता के साथ समझाया कि गुजरात से इतने सारे लोग क्यों आए थे। उस दिन मुझे समझ आया कि कोई व्यक्ति तब महान बनता है, जब वह खुद को जनता की भावनाओं से जोड़ लेता है।'
राम मंदिर और कश्मीर पर दिया बयान
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, 'भाजपा के कार्यकर्ता कुछ नारों को जनसंघ के समय से गढ़ते थे- 'राम लला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे,' 'जहां हुए बलिदान मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है', 'एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेगा।' भाजपा के कार्यकर्ताओं ने वह समय देखा जब अयोध्या में राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त हुआ। जम्मू-कश्मीर की जनता ने धारा 370 से मुक्ति का दौर देखा... जब हम श्रीनगर के लाल चौक में तिरंगा लहराते देखते हैं तो गर्व की अनुभूति होती है। हमने वह दौर भी देखा है जब पाकिस्तान के झंडे लहरा रहे थे और दिल्ली की सरकार मौन बैठी थी... जब 370 की समाप्ति हुई तो कश्मीर की फिज़ा बदली है।'
5 राज्यों में होने वाले चुनाव की चर्चा
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, 'अगले कुछ महीनों में तमिलनाडु, असम, बंगाल, केरल और पुडुचेरी में चुनाव होने वाला है और वहां की डेमोग्राफी की चर्चा हो रही है कि किस प्रकार वहां डेमोग्राफी बदल रही है। यह हमारे लिए चुनौती है लेकिन हम पूरी तरह आश्वस्त हैं कि भाजपा का कार्यकर्ता अपने संघर्ष और परिश्रम के बल पर इन पांचों राज्यों में सशक्त भाजपा का नेतृत्व प्रदान करेगा। हम हमेशा विश्वास करते हैं कि हमें अपनी आस्थाओं, सनातन परंपराओं को बचाने और देश को सुरक्षित रखने की लड़ाई अगर लड़नी है तो इन पांच राज्यों में हमें एक मजबूत ताकत बनकर आना है।'



