Hindi NewsIndia NewsNew Row erupts over siropa to Rahul Gandhi at Amritsar Gurudwara SGPC chief faces flak, orders probe
राहुल गांधी को सिरोपा पहनाने पर छिड़ा नया विवाद? SGPC पर आई आंच, करेगी जांच
संक्षेप:
SGPC अध्यक्ष धामी ने कहा कि गुरुद्वारों के दरबार साहिब में राजनीतिक व्यक्तियों को सिरोपा भेंट करना वर्जित है। यह सम्मान केवल धार्मिक हस्तियों, रागी जत्थों (कीर्तन गायकों) और गुरु दरबार में उपस्थित सिख महापुरुषों तक ही सीमित है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पिछले दिनों पंजाब के अमृतसर और गुरदासपुर जिलें में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे थे। इस दौरान अमृतसर के रामदास के गुरुद्वारे में उन्हें सिरोपा पहनाने पर विवाद खड़ा हो गया है। सिरोपा केसरिया रंग के कपड़े का एक पट्टा होता है, जिसे सिख धर्म में सम्मान देने के लिए गले में आगंतुकों को पहनाया जाता है। शिरमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) द्वारा संचालित गुरुद्वारा समाध बाबा बुड्ढा साहिब में ये सिरोपा राहुल को पहनाया गया था।
आरोप है कि ऐतिहासिक गुरुद्वारे के गर्भगृह में एक ग्रंथी ने कांग्रेस सांसद को सिरोपा भेंट किया था। एसजीपीसी कार्यकारिणी के आदेश के अनुसार, यह केवल सिख धार्मिक हस्तियों को ही दिया जाना चाहिए क्योंकि यह क्रिया गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष की जाती है। इस घटना के सामने आने के बाद SGPC की आलोचना हो रही है। राहुल को सिरोपा भेंट करने वाले पल का वीडियो पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इस वीडियो सामने आते ही विवाद शुरू हो गया।
इस बीच, SGPC ने कहा है कि इस मामले की जांच की जाएगी और अगर कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। SGPC के प्रमुख हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि वह रामदास इलाके में ऐतिहासिक गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा साहिब में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सम्मानित करने के मामले की जांच करेंगे।
राहुल ने गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा साहिब में मत्था टेका था
धामी ने कहा कि किसी भी सिख धर्मस्थल के अंदर किसी भी राजनीतिक व्यक्ति को सम्मानित करने पर पूर्ण प्रतिबंध है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि एसजीपीसी का कोई भी कर्मचारी राहुल गांधी का सम्मान करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गांधी सोमवार को अमृतसर और गुरदासपुर जिलों में बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत करने के लिए पंजाब के दौरे पर थे। घोनेवाल गांव का दौरा करने के बाद गांधी ने अमृतसर के रामदास क्षेत्र में ऐतिहासिक गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा साहिब में मत्था टेका था।
हालांकि, इससे पहले से ही अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में प्रधानमंत्रियों, राष्ट्रपतियों और विदेशी राष्ट्राध्यक्षों सहित विशेष आगंतुकों को सिरोपा भेंट किया जाता रहा है, लेकिन इसके लिए अलग से कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस बीच, SGPC के सदस्य सुरिंदर सिंह भुलेवाल, मंजीत सिंह और मलकीत सिंह चंगल ने मंगलवार को एक बयान जारी कर राहुल गांधी को सिरोपा भेंट करने के लिए एसजीपीसी की आलोचना की और कहा कि गांधी परिवार को माफ़ी दिलाने के लिए परोक्ष प्रयास किए जा रहे हैं।