भारत से मुआवजा मांगने वाले नेपाल ने अब क्या कहा? UN के मंच पर चीन का भी लिया नाम

लाइव हिन्दुस्तान
share

नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बीते 26 अगस्त को हिमस्खलन के कारण अचानक आई भीषण बाढ़ ने नेपाल के कई जिलों में भारी तबाही मचाई। हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। अब नेपाल ने भारत से क्या कहा?

Nepal PM Balen Shah thanks India
नेपाली पीएम ने भारत से अपील भी की

बीते महीने बाढ़ से भारी प्रलय झेलने वाले नेपाल ने तबाही का हर्जाना भारत से मांग लिया था। हालांकि अब उसी नेपाल ने भारत को थैंक्यू कहा है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने संयुक्त राष्ट्र के मंच पर भारत के प्रति आभार जताया है। इस दौरान उन्होंने पड़ोसी देश चीन का भी नाम लिया। नेपाली PM ने कहा कि बाढ़ के बाद भारत और चीन ने नेपाल की उदारता के साथ मदद की। बालेन शाह ने इस बीच भारत और चीन से एक अपील भी की है।

गौरतलब है कि बीते 26 अगस्त को नेपाल की त्रिशूली और भोटेकोशी नदियों में भीषण बाढ़ से भारी तबाही मच गई थी। बाढ़ एक विशालकाय ग्लेशियर के टूटकर गिरने की वजह से आया, जहां कई गांव मलबे के नीचे दब गए। हादसे में 1300 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। वहीं सैंकड़ों लोग अब भी लापता हैं जिनकी तलाश जारी है। बाढ़ के बाद भारत और चीन सहित कई देशों ने नेपाल को तुरंत सहायता मुहैया कराई थी। हालांकि हादसे के कुछ ही दिनों बाद नेपाल ने भारत से तबाही का मुआवजा मांगा था।

नेपाली मंत्री ने क्या कहा था?

द काठमांडू पोस्ट को दिए इंटरव्यू में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कहा था कि नेपाल वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में बहुत कम योगदान देता है। इसके बावजूद वह दूसरों की ओर से पैदा किए गए जलवायु संकट की बड़ी कीमत चुका रहा है। नेपाली विदेश मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने अपनी मांग रखते हुए कहा था, “चीन दुनिया का सबसे बड़ा उत्सर्जक है, उसके बाद अमेरिका दूसरे और भारत तीसरे नंबर पर है। इन प्रमुख औद्योगिक देशों की जिम्मेदारी है कि वे नेपाल जैसे संवेदनशील देशों को मुआवजा दें।” हालांकि बाद में नेपाल ने कहा था कि उसने मुआवजा नहीं मांगा बल्कि वैश्विक समुदाय का ध्यान खींचने के लिए अपील की थी।

बालेन शाह ने भारत को कहा थैंक्यू

संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र को संबोधित करते हुए नेपाली PM बालेन शाह आपदा के दौरान तुरंत मदद भेजने के लिए भारत को खास तौर पर धन्यवाद दिया। उन्होंने भारत और चीन दोनों पड़ोसी देशों की तारीफ भी की। बालेन शाह ने कहा कि भोटेकोशी-त्रिशूली आपदा के तुरंत बाद दोनों पड़ोसी देशों, भारत और चीन ने नेपाल को बेहद तत्परता और उदारता के साथ सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सिस्टम, मानवीय सहायता एजेंसियों और दुनिया भर के अन्य सहयोगी देशों और संस्थाओं का भी आभार व्यक्त किया।

हिमालय में त्राहिमाम को लेकर जताई चिंता

बालेन शाह ने आगे कहा कि एक ओर ग्लेशियर पिघल रहे हैं, फसलें बर्बाद हो रही हैं और बिना किसी चेतावनी के बाढ़ आ रही है। दूसरी ओर, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला गरीब लोगों को ऐसी समस्याओं की कीमत चुकाने के लिए मजबूर करती है, जिनके लिए वे जिम्मेदार नहीं हैं। उन्होंने कहा, “महाद्वीपों के बीच मिसाइलें समय पर पहुंच जाती हैं। राइफलें और गोला-बारूद सीमाएं पार कर हर बाधा को पार करते हुए समय पर अपनी मंजिल तक पहुंच जाते हैं। लेकिन जरूरत के समय नेपाल का एक किसान बाजार मूल्य पर खाद या ईंधन नहीं खरीद पाता।”

उन्होंने कहा, "हमने ऐसी दुनिया बना दी है, जहां युद्ध के लिए हमारी साजोसामान पहुंच लगभग त्रुटिहीन है, लेकिन भोजन के लिए आपूर्ति व्यवस्था चरमराई हुई है।" शाह ने कहा, ''यह केवल नेपाल की निजी त्रासदी नहीं है। बांग्लादेश से पूछिए। भूटान से पूछिए। भारत से पूछिए। मालदीव से पूछिए। पाकिस्तान से पूछिए। श्रीलंका से पूछिए। हमारे क्षेत्र के किसी भी अन्य देश से पूछिए और आपको यही कहानी सुनने को मिलेगी कि हम जलवायु परिवर्तन की ऐसी मार झेल रहे हैं, जिसे गर्म करने में हमारा योगदान नहीं था, और फिर उन युद्धों की मार भी झेल रहे हैं जिन्हें हमने शुरू नहीं किया। यह बताता है कि वैश्विक सहयोग की मौजूदा व्यवस्था में जितना दिखाई देता है, उससे कहीं अधिक चीजें गड़बड़ हैं।"

एक अपील भी

नेपाली PM ने भारत और चीन से एक अपील भी की। उन्होंने कहा, "पहले कदम के रूप में हम नेपाल, भारत और चीन के नेतृत्व में एक हिमालयी जलवायु तंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखते हैं।'' उन्होंने कहा कि इस सिस्टम के माध्यम से उपग्रह डेटा और विशेषज्ञता साझा की जानी चाहिए। शाह ने कहा, "आइए हम खतरनाक हिमनदीय झीलों की निगरानी करें। प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों को मजबूत करें और जब कोई आपदा आए, तो सीमाओं के पार राहत और सहायता का समन्वय करें। हिमालय को बिखरी हुई सूचनाओं की सीमा के बजाय अंतरराष्ट्रीय सहयोग की प्रयोगशाला बनाया जाए।"

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsभारत से मुआवजा मांगने वाले नेपाल ने अब क्या कहा? UN के मंच पर चीन का भी लिया नाम