नीट पेपर लीक मास्टरमाइंड की जाएगी जॉब? कॉलेज ने कह दी बड़ी बात; क्या होगा ऐक्शन
NEET पेपर लीक में गिरफ्तार मनीषा मंधारे की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। जिस कॉलेज में वह पढ़ाती हैं अब वह कॉलेज प्रशासन भी उनके खिलाफ ऐक्शन मोड में आ गया है।

नीट पेपर लीक की दूसरी मास्टरमाइंड मनीषा मंधारे के लिए मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक में मनीषा को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। अब पुणे के जिस कॉलेज में मनीषा पढ़ती है, वहां उनके ऊपर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तलवार लटक रही है। पुणे के कॉलेज की तरफ से यह जानकारी दी गई है। गौरतलब है कि मनीषा मंधारे एनटीए की प्रश्नपत्र तैयार करने वाली समिति का हिस्सा थीं। सीबीआई ने दिल्ली स्थित मुख्यालय में पूछताछ के बाद उन्हें शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
कॉलेज की तरफ से क्या कहा गया
नीट पेपर लीक में मंधारे की गिरफ्तारी के बाद ‘मॉडर्न कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स’ ने एक बयान जारी किया है। इस बयान के मुताबिक मंधारे 2002 से जूनियर कॉलेज सेक्शन में कार्यरत हैं। पिछले 24 साल से वह कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों को जीव विज्ञान पढ़ा रही हैं। उनके शिक्षण अनुभव को देखते हुए एनटीए ने उन्हें नीट परीक्षा प्रक्रिया से संबंधित कुछ गोपनीय कार्यों के लिए नियुक्त किया था। कॉलेज के बयान में आगे कहा गया है कि एनटीए द्वारा मंधारे को सौंपा गया कार्य ‘पूरी तरह से गोपनीय’ था। सभी पत्राचार और निर्देशों का आदान-प्रदान सीधे एजेंसी और संबंधित व्यक्ति के बीच हुआ था। इसलिए कॉलेज प्रशासन और मूल संस्थान का इस प्रक्रिया से कोई सीधा संबंध नहीं था। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. निवेदिता एकबोटे द्वारा जारी बयान में यह कहा गया है।
जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई
संस्थान ने कहाकि उसे नीट-2026 के कथित प्रश्नपत्र लीक मामले में मंधारे की गिरफ्तारी के बारे में टीवी चैनलों और मीडिया की से पता चला। संस्थान ने इस मामले को ‘गंभीर, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय’ बताया। बयान में कहा गया है कि प्रबंधन और कॉलेज प्रशासन ने इस घटनाक्रम का गंभीर संज्ञान लिया। महाराष्ट्र निजी स्कूल कर्मचारी (सेवा शर्तें) विनियमन अधिनियम 1981 के तहत व्याख्याता के खिलाफ जांच शुरू की जाएगी। नियमों के अनुसार, अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मनीषा मंधारे पर क्या आरोप
अधिकारियों के अनुसार, मंधारे पर आरोप है कि उन्होंने अप्रैल 2026 में पुणे की मनीषा वाघमारे (जिन्हें 14 मई को गिरफ्तार किया गया था) के माध्यम से नीट-यूजी परीक्षा के संभावित अभ्यर्थियों को जुटाया। इसके बाद मंधारे के पुणे स्थित आवास पर इन छात्रों के लिए विशेष कोचिंग कक्षाएं आयोजित कीं। आरोप है कि मंधारे ने चुनिंदा छात्रों को लीक किए गए प्रश्न और उनके उत्तर लिखवाए और लाखों रुपए की फीस भी ली। इनमें से अधिकांश प्रश्न तीन मई को आयोजित नीट-यूजी में पूछे गए प्रश्नों से मेल खाते थे।
अब 21 जून को है एग्जाम
बता दें कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक भारत के 551 शहरों और विदेशों में 14 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। देश भर में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए लगभग 23 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। एनटीए के अनुसार, परीक्षा आयोजित होने के चार दिन बाद सात मई की शाम को कथित अनियमितताओं की सूचना प्राप्त हुई। नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा अब आगामी 21 जून को होगी।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


