नीट पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, CBI के शिकंजे में केमिस्ट्री का लेक्चरर; क्या भूमिका

Deepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

सीबीआई ने नीट परीक्षा लीक के मास्टर माइंड की पहचान की कर ली है। जांच में पता चला है कि नीट पेपर लीक का कर्ता-धर्ता पीवी कुलकर्णी है। पीवी कुलकर्णी केमिस्ट्री का लेक्चरर है और एनटीए की तरफ से परीक्षा की प्रक्रिया में शामिल रहता है।

नीट पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, CBI के शिकंजे में केमिस्ट्री का लेक्चरर; क्या भूमिका

सीबीआई ने नीट परीक्षा लीक के मास्टर माइंड को पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। इस शख्स का नाम पीवी कुलकर्णी है। जांच में पता चला है कि नीट पेपर लीक का कर्ता-धर्ता पीवी कुलकर्णी ही है।कुलकर्णी केमिस्ट्री का लेक्चरर है और एनटीए की तरफ से परीक्षा की प्रक्रिया में शामिल रहा चुका है। बताया जाता है कि कुलकर्णी के पास क्वेश्चन पेपर्स का एक्सेस रहता है। वह एक रिटायर्ड कॉलेज प्रोफेसर है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी मूल रूप से लातूर का निवासी है। वह कई साल तक तक नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र तैयार करने वाली समिति का हिस्सा रहा है।

अपने निवास पर चलाई छात्रों की स्पेशल कोचिंग
जानकारी के मुताबिक अप्रैल के अंतिम हफ्ते में उसने छात्रों को जुटाया और अपने निवास पर इन छात्रों के लिए स्पेशल कोचिंग क्लासेज चलाईं। इसके लिए उसने एक अन्य आरोपी, मनीषा वाघमारे की मदद ली। मनीषा को सीबीआई ने 14 मई को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक विशेष कोचिंग के दौरान कुलकर्णी ने प्रश्नों के विकल्पों और सही उत्तर साथ बोलकर बताए। छात्रों द्वारा नोटबुक में लिखे गए सवाल तीन मई को हुई नीट की परीक्षा में पूछे गए सवालों ने मेल खा रहे थे।

क्लास के लिए दिए थे लाखों
सीबीआई प्रवक्ता के मुताबिक छात्रों ने इन विशेष कक्षाओं में शामिल होने के लिए कथित तौर पर कई लाख रुपए दिए थे। प्रवक्ता ने कहा कि सीबीआई की जांच टीमों ने रसायन विज्ञान के प्रश्नपत्र लीक होने के वास्तविक स्रोत और उन बिचौलियों की पहचान कर ली है, जिन्होंने कई लाख रुपए लेकर छात्रों को इन विशेष कक्षाओं तक पहुंचाया। उन्होंने कहाकि पिछले 24 घंटों में सीबीआई ने देशभर में कई स्थानों पर छापेमारी की और कई आपत्तिजनक दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा मोबाइल फोन जब्त किए हैं। प्रवक्ता के मुताबिक जब्त सामग्री की विस्तृत फॉरेंसिक और तकनीकी जांच जारी है।

अभी तक सात आरोपी गिरफ्तार
गौरतलब है कि गुरुवार तक, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से पांच आरोपियों को पहले ही अदालत में पेश किया जा चुका है। इन सभी को विस्तृत पूछताछ के लिए सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। अन्य दो आरोपी जो कल गिरफ्तार किए गए थे, उन्हें पुणे अदालत में ट्रांजिट रिमांड लेने के लिए पेश किया जा रहा है और उन्हें दिल्ली अदालत में ट्रांसफर किया जा रहा है।

एक आरोपी को सीबीआई हिरासत
इससे पहले दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को नीट-यूजी का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले के आरोपी धनंजय निवृत्ति लोखंडे को छह दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया। अदालत ने कहा कि एजेंसी को पूरी साजिश का पर्दाफाश करने, अन्य लोगों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार करने, सबूत बरामद करने और सबूतों से छेड़छाड़ को रोकने की जरूरत है। विशेष सीबीआई न्यायाधीश अजय गुप्ता ने एजेंसी की उस याचिका को स्वीकार कर लिया, जिसमें लोखंडे को पूछताछ के लिए छह दिन की हिरासत में सौंपने का अनुरोध किया गया था। लोखंडे को महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से गिरफ्तार किया गया था और ट्रांजिट रिमांड पर अदालत में लाया गया था।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें