तब नीरजा भनोट थीं, आज स्मित मच्छार; जब दूसरों को बचाने के लिए भारतीयों ने लगा दी जान की बाजी
नीरजा भनोट से कैप्टन स्मित मच्छार तक, ये वो भारतीय हैं जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए बहादुरी दिखाई। जानिए विमान में हुए उन खौफनाक पलों की कहानी, जब भारतीयों के साहस ने सैकड़ों जिंदगियों को नई उम्मीद दी।

कुछ कहानियां सिर्फ पढ़ी नहीं जातीं, दिल में उतर जाती हैं। ऐसी ही कहानी है इन भारतीयों की, जिन्होंने मौत को बिल्कुल सामने देखा, लेकिन अपनी जान बचाने से पहले किसी और की जिंदगी बचाने का फैसला किया। करीब चार दशक पहले आसमान में नीरजा भनोट ने ऐसा ही साहस दिखाया था। आज एक बार फिर उसी जज्बे की याद दिला रहे हैं भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार। कॉकपिट में चाकू से हमला हुआ, विमान तेजी से नीचे गिरने लगा और करीब 180 लोगों की जिंदगी कुछ ही पलों में खतरे में पड़ गई।
खून से लथपथ होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने हार नहीं मानी। उन्होंने हमलावर का सामना किया, कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की और इस तरह यात्रियों तथा क्रू को अंदर पहुंचने का मौका मिला। इसके बाद यात्रियों और विमान में मौजूद दूसरे पायलटों ने हमलावर को काबू किया और विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया। यही वजह है कि आज दुनिया एक भारतीय पायलट की बहादुरी को सलाम कर रही है।
दुबई से तेल अवीव जा रहा था विमान, अचानक बदल गई तस्वीर
30 सितंबर 2026 को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ान भर रही थी। विमान में करीब 180 लोग सवार थे। सब कुछ सामान्य था, लेकिन उड़ान के दौरान कॉकपिट में अचानक ओमान के नागरिक सह-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया। इसके बाद विमान के सिस्टम से छेड़छाड़ की कोशिश हुई और विमान तेजी से नीचे जाने लगा।
कुछ ही समय में विमान हजारों फीट नीचे आ चुका था। रिपोर्टों के अनुसार करीब दो मिनट में विमान 17 हजार फीट से ज्यादा नीचे चला गया। यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर कॉकपिट में हो क्या रहा है। लेकिन इसी अफरातफरी में एक ऐसा काम हुआ, जिसने सैकड़ों जिंदगियों की कहानी बदल दी।
शरीर से बह रहा था खून, फिर भी कॉकपिट का दरवाजा खोला
स्मित मच्छार पर हमला हो चुका था। वह गंभीर रूप से घायल थे। लेकिन उन्होंने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। यही वह क्षण था जब विमान में मौजूद यात्रियों और क्रू को अंदर पहुंचने का रास्ता मिला।
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल मच्छार ने अपनी बची हुई ताकत लगाकर कॉकपिट का रिलीज सिस्टम दबाया। इसके बाद यात्री अंदर पहुंचे और हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान में मौजूद कुछ यात्रियों ने कॉकपिट में घुसकर हमलावर को पकड़ लिया। विमान में मौजूद दूसरे पायलटों ने भी नियंत्रण संभालने में मदद की। आखिरकार विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया। सोचिए… एक तरफ खुद की जिंदगी बचाने की जद्दोजहद थी और दूसरी तरफ करीब 180 अनजान लोगों की जिंदगी। मच्छार ने दूसरी तरफ को चुना।
नेतन्याहू ने कहा- ‘सच्चे हीरो’
घटना के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सलाम किया। नेतन्याहू ने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट ने हमले का सामना किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों तथा क्रू को हमलावर पर काबू पाने में मदद मिली। उन्होंने मच्छार को ‘सच्चा हीरो’ बताते हुए कहा कि उनकी बहादुरी से 174 लोगों की जान बची।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी मच्छार को हीरो बताया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मच्छार का साहस और दूसरों की जान बचाने का उनका संकल्प भारत के लिए गर्व की बात है। यानी एक भारतीय पायलट की बहादुरी की गूंज भारत से लेकर इजरायल और अमेरिका तक सुनाई दी।
लेकिन स्मित मच्छार की कहानी सिर्फ आज की कहानी नहीं है। इसके पीछे भारत के उन लोगों की एक लंबी परंपरा दिखाई देती है, जिन्होंने मुश्किल की घड़ी में सबसे पहले दूसरों के बारे में सोचा।
1986 में नीरजा भनोट ने भी यही किया था
5 सितंबर 1986। पैन एम फ्लाइट 73 कराची एयरपोर्ट पर खड़ी थी। विमान में सैकड़ों यात्री थे। तभी हथियारबंद आतंकियों ने विमान को हाईजैक कर लिया। विमान की सीनियर फ्लाइट पर्सर थीं- नीरजा भनोट। कॉकपिट क्रू विमान से निकलने में कामयाब हो गया था। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा की बड़ी जिम्मेदारी नीरजा और बाकी केबिन क्रू के कंधों पर आ गई।
नीरजा ने यात्रियों के पासपोर्ट छिपाने शुरू कर दिए ताकि आतंकवादी अमेरिकी यात्रियों की पहचान न कर सकें। उन्होंने यात्रियों को संभाला और आपातकालीन दरवाजा खोलकर लोगों को बाहर निकलने में मदद की।
आतंकियों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं और…
फिर हालात और खराब हो गए। आतंकियों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। नीरजा खुद बाहर निकल सकती थीं। लेकिन वह भागीं नहीं। उन्होंने बच्चों को बचाने की कोशिश की और गोलियों की चपेट में आ गईं।
उनकी उम्र सिर्फ 22 साल थी। उस दिन नीरजा भनोट की मौत हुई, लेकिन उनकी बहादुरी ने सैकड़ों लोगों को जिंदगी दी। उन्हें मरणोपरांत भारत का सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार अशोक चक्र दिया गया। वह यह सम्मान पाने वाली सबसे कम उम्र की और पहली महिला थीं। नीरजा और स्मित मच्छार के बीच करीब 40 साल का फासला है।
एक महिला थी, दूसरा पुरुष। एक एयर होस्टेस थी, दूसरा पायलट। एक के सामने आतंकी थे, दूसरे के सामने कॉकपिट में हमला करने वाला सह-पायलट। लेकिन दोनों कहानियों में एक चीज बिल्कुल समान है- खतरा सामने आया तो उन्होंने सबसे पहले अपनी जान के बारे में नहीं सोचा।


