CJP के आंदोलन के बीच एनडीए का ‘मंगल मिलन’ ऐलान, PM मोदी करेंगे संबोधित
कॉकरोच पार्टी के आंदोलन के बीच एनडीए की बैठक का ऐलान हुआ है। यह बैठक मंगलवार को सुबह नौ बजकर तीस मिनट पर होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस बैठक को संबोधित करेंगे।

कॉकरोच पार्टी के आंदोलन के बीच एनडीए की बैठक का ऐलान हुआ है। यह बैठक मंगलवार को सुबह नौ बजकर तीस मिनट पर होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस बैठक को संबोधित करेंगे। यह बैठक संसद के ग्रंथालय, जीएमसी बालयोगी सभागृह में आयोजित की जाएगाी। एनडीए के सभी सदस्यों, को इसके लिए आमंत्रण भेजा गया है। भाजपा संसदीय दल की तरफ से इस आशय की जानकारी दी गई है। इसमें भाजपा के सांसदों के साथ-साथ एनडीए के सहयोगी दलों को भी आमंत्रित किया गया है।
कॉकरोच पार्टी का बड़ा आंदोलन
गौरतलब है कि सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी ने बड़ा आंदोलन किया। नीट और शिक्षा सुधार को लेकर कॉकरोच पार्टी ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पिछले कई दिनों से जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बाद किया गया। इस प्रदर्शन के दौरान सोनम वांगचुक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे थे। लेकिन अचानक सोनम वांगचुक को धरनास्थल से पुलिस ने हटा दिया और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया। हालांकि प्रदर्शनकारी सोमवार को संसद मार्च में शामिल हुए और इस दौरान जोर-शोर से सरकार का विरोध किया गया।
मॉनसून सत्र से ठीक पहले
बता दें कि दिल्ली पुलिस ने सोमवार को संसद मार्ग पर तब आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठियां भांजीं, जब मॉनसून सत्र के पहले दिन हजारों प्रदर्शनकारी संसद भवन की ओर मार्च कर रहे थे। सत्र के पहले दिन के लिए संसद में सभी सांसद जुटे हुए थे। शिक्षा में सुधार के लिए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) द्वारा बुलाए गए विरोध प्रदर्शन में छात्र संगठनों ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस),स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के कार्यकर्ताओं और कई पेशेवरों ने हिस्सा लिया।
शिक्षा में सुधार की मांग
हालात उस वक्त तनावपूर्ण हो गए, जब पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे प्रदर्शनकारियों ने संसद मार्ग पुलिस थाने के सामने लगे एक प्रमुख अवरोधक को तोड़ दिया और संसद की ओर बढ़ने लगे, जो जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर है। पूर्वाह्न करीब 11:25 बजे, ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारों के बीच, प्रदर्शनकारियों ने अति सुरक्षा वाले क्षेत्र में एहतियातन लगाए गए कई अवरोधकों को पार करने की कोशिश की, जिससे धक्का-मुक्की जैसी स्थिति पैदा हो गई। पुलिस द्वारा ले जाए जाते समय एक प्रदर्शनकारी ने कहाकि हम यहां शिक्षा में सुधार के लिए अपनी आवाज उठाने आए हैं। अपनी बात रखे बिना हम पीछे नहीं हटेंगे। हमें जेल जाने से कोई डर नहीं है।
सीजेपी के प्रस्तावित संसद मार्च से पहले लुटियंस जोन के अहम स्थानों, संवेदनशील जगहों और सरकारी इमारतों पर तैनाती के लिए आस-पास के कई जिलों से पुलिस बल बुलाए गए। उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से सांसद चन्द्रशेखर आजाद और मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी)ने पांच स्टेशन राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ बंद कर दिए। सीजेपी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मॉनसून सत्र के पहले दिन संसद तक मार्च करने की घोषणा की थी।


