
सुप्रिया सुले के घर बजेंगी शहनाइयां, बेटी रेवती की शादी पक्की; NCP सांसद का दामाद कौन?
लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले के बेटे विजय सुले ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर रेवती और सारंग की एक तस्वीर साझा करते हुए बधाई संदेश पोस्ट किया। वहीं कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे की बेटी स्मृति शिंदे ने भी बधाई संदेश साझा किया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले का विवाह तय हो गया है। सूत्रों ने इस जानकारी की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक रेवती सुले की शादी नागपुर के प्रसिद्ध उद्योगपति के बेटे सारंग लखानी से तय हुआ है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मंगलवार को लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले के बेटे विजय सुले ने सोशल मीडिया पर रेवती और सारंग की एक तस्वीर साझा करते हुए बधाई संदेश पोस्ट किया और लिखा, "रेवती और सारंग को बधाई।'' वहीं कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे की बेटी स्मृति शिंदे ने भी सोशल मीडिया पर इसी तरह का बधाई संदेश और तस्वीर साझा की।
कौन हैं सारंग लखानी?
मशहूर कारोबारी के बेटे सारंग लखानी वर्तमान में अपने पिता के स्वामित्व वाली कंपनी 'विश्वराज ग्रुप' में कार्यकारी निदेशक हैं। इसके अलावा वह एक बैडमिंटन खिलाड़ी भी हैं। इससे पहले उन्होंने अमेरिका के कोलंबिया बिजनेस स्कूल से प्रबंधन की पढ़ाई की है। वहीं रेवती सुले ने मुंबई के सेंट जेवियर्स कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई की है और इसके बाद लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से लोक प्रशासन में परास्नातक की डिग्री प्राप्त की है।
इस बीच, सुप्रिया सुले के पिता और राकांपा (शप) के अध्यक्ष शरद पवार को छाती में संक्रमण की शिकायत के बाद सोमवार को पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुप्रिया सुले ने भी शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी साझा की है। इसमें बताया गया है कि पवार को सीने में जकड़न हो रही है और उन्हें पांच दिन के एंटीबायोटिक्स कोर्स की सलाह दी गई है। उन्होंने अपने पिता का इलाज कर रही मेडिकल टीम का भी शुक्रिया अदा किया और शुभकामनाओं और समर्थन के लिए लोगों के प्रति आभार प्रकट किया

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें



