दिल्ली धमाके को मोदी सरकार ने माना आतंकवादी घटना, जांच के निर्देश जारी

दिल्ली धमाके को मोदी सरकार ने माना आतंकवादी घटना, जांच के निर्देश जारी

संक्षेप:

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नई दिल्ली के लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए कार विस्फोट की घटना को निंदनीय आतंकी हमला घोषित करते हुए एक प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। इस प्रस्ताव के जरिए मंत्रिमंडल ने प्रभावितों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के दुख में गहरी सहानुभूति जताई।

Nov 12, 2025 08:34 pm ISTDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share

मोदी कैबिनेट ने नई दिल्ली के लाल किले के आसपास 10 नवंबर को हुए कार विस्फोट की घटना को 'निंदनीय आतंकी हमला' घोषित करते हुए एक प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। इस प्रस्ताव के जरिए मंत्रिमंडल ने प्रभावितों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के दुख में गहरी सहानुभूति जताई। कैबिनेट ने उक्त घटना को 'देश-विरोधी तत्वों' की साजिश बताते हुए सरकार ने आतंकवाद के प्रति 'पूर्ण असहिष्णुता' की अपनी प्रतिबद्धता का दोहराया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

कैबिनेट की बैठक खत्म होने के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 10 नवंबर को लाल किले के पास एक बम विस्फोट के जरिए राष्ट्र-विरोधी शक्तियों द्वारा अंजाम दी गई एक कायरतापूर्ण आतंकी कार्रवाई ने पूरे देश को झकझोर दिया है। कैबिनेट ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि इस घटना की निष्पक्ष जांच की जाए, जिससे अपराधियों, उनके साथियों, साथ ही उनके संरक्षकों की शिनाख्त हो सके और उन्हें तत्काल न्याय के दायरे में लाया जा सके।

इससे पहले पीएम मोदी ने लाल किले के पास हुए धमाके में घायल हुए व्यक्तियों से बुधवार को एलएनजेपी अस्पताल में मुलाकात की और कहा कि दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। पीएम करीब 25 मिनट तक अस्पताल में रुके। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि दिल्ली के बम विस्फोट में प्रभावित लोगों से मिलने के लिए एलएनजेपी अस्पताल पहुंचा। मैं सभी के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इस षड्यंत्र में शामिल सभी लोगों को सजा दिलाई जाएगी।

गौरतलब है कि पुलिस ने जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से संबंधित आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश कर तीन डॉक्टरों समेत आठ संदिग्धों को हिरासत में लेने के महज कुछ घंटों बाद ही दिल्ली के लाल किला इलाके के पास एक धीमी रफ्तार से चल रही कार में जोरदार विस्फोट हो गया था, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में सक्रिय इस आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए करीब अमोनियम नाइट्रेट, पोटैशियम क्लोरेट और सल्फर बरामद किया है।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap
देवेन्द्र कश्यप, लाइव हिंदुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर। पटना से पत्रकारिता की शुरुआत। महुआ न्यूज, जी न्यूज, ईनाडु इंडिया, राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे बड़े संस्थानों में काम किया। करीब 11 साल से डिजिटल मीडिया में कार्यरत। MCU भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई। पटना व‍िश्‍वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस से ग्रेजुएशन। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में नेशनल, इंटरनेशनल डेस्क पर सेवा दे रहे हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।