नंदीग्राम: जहां ममता बनर्जी खुद हार गईं, वहां किसे लड़ाएगी TMC; भाजपा ने किसे चुना
भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार को 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान कर दिया है। ये सीटें पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी और तमिलनाडु से हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा चर्चा बंगाल की नंदीग्राम सीट को लेकर है, जहां मुकाबला हाई वोल्टेज होने जा रहा है।

पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। हालांकि, इससे भी ज्यादा चर्चा में उम्मीदवारों की घोषणा है, जो अब तक नहीं हुई है। राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस ने अब तक नाम का ऐलान नहीं किया है, लेकिन नेताओं को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। खास बात है कि यह वही सीट है, जहां से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी टीएमसी चीफ ममता बनर्जी को हरा चुके हैं।
6 अक्टूबर को नंदीग्राम उपचुनाव में वोट डाले जाएंगे और 9 को नतीजे घोषित किए जाएंगे। हालांकि, बंगाल की एक और सीट रेजीनगर में भी वोटिंग होनी है, जो आम जनता उन्नयन पार्टी प्रमुख हुमायूं कबीर के सीट छोड़ने के कारण खाली हो गई थी।
नंदीग्राम से TMC उम्मीदवार कौन
मुख्यमंत्री अधिकारी के सीट छोड़ने के चलते सीट का मुकाबला सबसे ज्यादा चर्चा में है। संघवाद प्रतिदिन की रिपोर्ट के अनुसार, कई नामों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, लेकिन टीएमसी ने अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अखिल गिरि के नाम सबसे आगे चल रहा है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है।
भाजपा ने किसे चुना
अब तक भाजपा ने भी नाम का ऐलान नहीं किया है। रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा का दावा है कि पार्टी की तरफ से जिसे भी नॉमिनेट किया जाएगा, वह उम्मीदवार स्वीकार्य होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, मेघनाद पाल के नाम की कुछ चर्चा है। माना जाता है कि पाल सीएम अधिकारी के करीबी हैं। बहरहाल, अब तक आधिकारिक रूप से पार्टी ने किसी नाम का ऐलान नहीं किया है।
नंदीग्राम और रेजीनगर सीट
शुभेंदु अधिकारी की अगुवाई में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में पहली बार सरकार बनाई है। उन्होंने अप्रैल में हुए विधानसभा चुनावों में नंदीग्राम और भवानीपुर, दो सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को उनके गढ़ भवानीपुर में 15,105 मतों के अंतर से हराया और बाद में नंदीग्राम सीट छोड़ दी। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम में भी बनर्जी को हराया था।
पश्चिम बंगाल की एक और सीट, जिस पर उपचुनाव होने वाला है, वह है रेजीनगर। यह सीट AJUP के प्रमुख हुमायूं कबीर के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई थी। कबीर तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता हैं। पार्टी से निकाले जाने के बाद उन्होंने एजेयूपी का गठन किया तथा 2026 के विधानसभा चुनाव में रेजीनगर और नाओदा, दो सीट पर जीत हासिल की थी।
यहां भी होंगे चुनाव
ECI यानी भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से सोमवार को तारीखों का ऐलान किया गया है। तमिलनाडु में मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीट पर उपचुनाव होंगे। पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर वोटिंग होगी। साथ असम के नगांव लोकसभा क्षेत्र में भी 6 अक्टूबर को उपचुनाव होंगे।


