नंदीग्राम में खामोश हैं ममता के सपोर्टर? कहीं बीजेपी के लिए घातक ना जाए कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी
पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर सीट पर चुनाव में चार दिन बाकी हैं। नंदीग्राम में इस बार ना तो ममता बनर्जी के पोस्टर हैं और ना ही उनके सिपहसालार। ममता बनर्जी के समर्थक भी एकदम खामोश हैं।

पश्चिम बंगाल में सत्ता बदलने के बाद नंदीग्राम के भी हालात एकदम बदल गए हैं। कभी ममता बनर्जी का गढ़ मानी जाने वाली नंदीग्राम सीट पर उपचुनवा है और यहां ममता बनर्जी का एक भी पोस्टर नहीं देखा जा सकता। यहां मुकाबला बीजेपी की हासी रानी रथ और कांग्रेस के मिलन प्रधान के बीच है। वहीं ममता बनर्जी ने कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन का ऐलान कर दिया है। ऐसा नहीं है कि ममता बनर्जी ने अपना प्रत्याशी उतारा नहीं था। उन्होंने संचिता प्रधान डे को उम्मीदवार बनाया था। लेकिन संचिता प्रधान ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की और फिर चुनावी मैदान छोड़ दिया।
क्यों शुभेंदु अधिकारी के लिए प्रतिष्ठा की बात
नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के लिए प्रतिष्ठा की सीट बन गई है। एक तो उन्होंने ही यह सीट छोड़ी थी और इसलिए उपचुनाव होने जा रहे हैं। दूसरा उन्होंने अपने सहयोगी रहे चंद्रनाथ रथ की मां हासी रानी रथ को चुनाव में उतारा है। ऐसे में यह सीट उनके लिए बेहद अहम हो गई है।
कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी से कहीं बीजेपी को ना हो जाए नुकसान
चुनाव से पहले 2007 के एक मामले में कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी को लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं। कई जानकारों का कहना है कि यह कदम बीजेपी के लिए ही घातक हो सकता है। क्योंकि इस तरह से दशकों पुराने मामले में गिरफ्तारी बताती है कि कहीं ना कहीं सीट जीतने के लिए बीजेपी सारी हिकमतें लगाने को तैयार है। इसीलिए ममता बनर्जी के प्रत्याशी को भी लालच देकर या धमकाकर चुनाव ना लड़ने के लिए मना लिया गया। अब देखना यह है कि ममता बनर्जी और कांग्रेस के समर्थक मिलकर इस सीट पर बीजेपी को कितनी टक्कर दे सकते हैं।
जेल से बाहर आने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी प्रधान ने कहा, आखिर शुभेंदु अधिकारी इतना डरे हुए क्यों हैं। वह हमेशा कहते हैं कि नंदीग्राम ने ही उन्हें नेता बनाया है। फिर वह किसी बाहरी को यहां से टिकट क्यों दे रहे हैं। नंदीग्राम में चुनाव को केवल चार दिन बचे हैं. ऐसे में हासीरानी रथ और मिलन प्रधान पूरा जोर लगा रहे हैं।
कहां हैं ममता के सिपहसालार
कभी गढ़ रहे ममता बनर्जी के नंदीग्राम में पोस्टर नहीं लगे, जो लोग प्रचार करते थे उनमें से एक अबू ताहेर खान बागी ग्रुप में हैं। दूसरे सूफियान फरार चल रहे हैं। टीएमसी के टिकट पर लड़ने वाले लोग राजनीति छोड़ रहे हैं। इसके अलावा टीएमसी के टिकट पर नंदीग्राम से लड़ने वाले प्रत्याशी शुभेंदुअधिकारी ने हरा दिया था। कांग्रेस प्रत्याशी का कहना है कि बीजेपी के डर की वजह से ममता बनर्जी के समर्थक बाहर नहीं आ रहे हैं लेकिन उनका वोट कांग्रेस को जरूर मिलेगा।

