ममता बनर्जी फोन मिलाती रह गईं, कांग्रेस ने मदद से किया मना; शर्त रख दी

लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता
Follow us on Google News
share

ममता बनर्जी ने कांग्रेस के साथ उपचुनाव के लिए गठबंधन की पेशकश की थी। फिलहाल, ऐसी खबरें सामने आ रहीं हैं, लेकिन अब तक पार्टी ने इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। नंदीग्राम और रेजीनगर सीट पर उपचुनाव होना है और बागी गुट भी प्रत्याशी उतार चुका है।

Mamata Banerjee
ममता बनर्जी साल 2021 में नंदीग्राम सीट से विधानसभा चुनाव हार चुकी हैं। (PTI Photo/Swapan Mahapatra)

ममता बनर्जी के सामने चुनौतियां फिलहाल कम होती नहीं दिख रहीं हैं। खबर है कि उन्होंने नंदीग्राम उपचुनाव में मदद के लिए कांग्रेस संपर्क साधा था, लेकिन पार्टी ने उनका प्रस्ताव मानने से इनकार कर दिया है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। कांग्रेस ने रेजीनगर और नंदीग्राम सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं, ममता बनर्जी को लेकर अटकलें थीं कि वह नंदीग्राम से चुनाव लड़ सकती हैं।

खबर है कि पूर्व मुख्यमंत्री बनर्जी ने कांग्रेस से मदद मांगी थी। संघवाद प्रतिदिन की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल से बात की थी और रेजीनगर सीट पर तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन की बात कही थी। साथ ही कहा गया है कि उन्होंने नंदीग्राम सीट कांग्रेस के लिए छोड़ने की भी पेशकश की थी। ऐसे में संकेत मिल रहे थे कि ममता बनर्जी कांग्रेस के साथ गठबंधन की कोशिश में हैं।

इसमें कहा गया है कि सोमवार शाम को ममता बनर्जी ने कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल से बात की थी और साथ में उपचुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया था। उन्होंने नंदीग्राम में कांग्रेस के साथ लड़ने का वादा किया था और रेजीनगर में अपने प्रत्याशी के लिए समर्थन मांगा था। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने नंदीग्राम से अपने उम्मीदवार का नाम वापस लेने की भी पेशकश की थी, लेकिन कांग्रेस ने इनकार कर दिया। हालांकि, इसे लेकर टीएमसी या कांग्रेस की ओर से आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।

क्या मिला जवाब

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि तृणमूल शासन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए अत्याचारों के चलते पार्टी ने प्रस्ताव मानने से मना कर दिया है। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभांकर सरकार के हवाले से लिखा गया है कि अगर टीएमसी गठबंधन चाहती है, तो उसे नंदीग्राम और रेजीनगर सीट पर होने वाले उपचुनावों में कांग्रेस का साथ देना होगा।

नंदीग्राम के उम्मीदवार को लेकर नाराजगी?

टीएमसी ने नंदीग्राम सीट पर अक्टूबर में होने वाले उपचुनाव के लिए संचिता प्रधान डे को टिकट दिया है। वहीं, रेजीनगर सीट से रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। खबरें हैं कि प्रधान की उम्मीदवारी को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी का दौर शुरू हो गया है। कहा जा रहा है कि साल 2014 के शिक्षक भर्ती घोटाले में उनका नाम आया था।

कांग्रेस दोनों सीटों पर लड़ रही है चुनाव

इधर, कांग्रेस दोनों ही सीटों पर मैदान में है। रेजीनगर से मोहम्मद अब्दुल्लाहिल कफी को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि नंदीग्राम सीट से मिलन प्रधान कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। दोनों ही सीटों पर 6 अक्टूबर को वोटिंग होगी और उसके बाद 9 अक्टूबर को मतगणना होगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सीट छोड़ने के चलते यहां उपचुनाव हो रहे हैं।

ममता बनर्जी को एक और टेंशन

ऋताब्रत बनर्जी की अगुवाई वाले टीएमसी के बागी गुट ने भी दोनों सीटों पर उम्मीदवार खड़े कर दिए हैं। खास बात है कि यह गुट टीएमसी के नाम और चिह्न पर ही चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। गुट की तरफ से नंदीग्राम से मोहम्मद एतेशामुल हक और सफीउज्जमां शेख को मुर्शिदाबाद की रेजीनगर सीट से मैदान में उतरेंगे।

खास बात है कि ये घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहे हैं, जब टीएमसी के नाम और निशान पर अंतिम फैसला होने जा रहा है। खबर है कि भारत निर्वाचन आयोग 17 सितंबर से पहले इस मामले में फैसला ले सकता है। मई में घोषित विधानसभा चुनाव में अविभाजित टीएमसी ने 80 सीटें जीती थीं। बाद में 60 से ज्यादा विधायक ऋताब्रत के नेतृत्व में अलग हो गए थे।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsममता बनर्जी फोन मिलाती रह गईं, कांग्रेस ने मदद से किया मना; शर्त रख दी