नल्ली निहारी, पेपर फ्राई और बादाम; ब्रिक्स समिट में क्या खाएंगे दुनियाभर के नेता
ब्रिक्स में शामिल हो रहे दुनियाभर के नेताओं के लिए खाने का खास अनुभव तैयार किया जा रहा है, जिसका मकसद विदेशी डेलीगेट्स को भारत की शानदार खाने-पीने की विरासत से रूबरू कराना है।

भारत की मेजबानी में 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत दुनिया के कई नेता शामिल हो रहे हैं। दुनियाभर के बड़े नेताओं और बिजनेस डेलिगेशन के लिए रहने से लेकर खाने-पीने तक हर तैयारी पर खास ध्यान दिया गया है। नई दिल्ली के ताज महल होटल में एक खास खाने का अनुभव तैयार किया जा रहा है, जिसका मकसद विदेशी डेलीगेट्स को भारत की शानदार खाने-पीने की विरासत से रूबरू कराना और उन्हें घर जैसा महसूस कराना है।
न्यूज़ एजेंसी ANI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इन तैयारियों की कमान एग्जीक्यूटिव शेफ कौशिक मिश्रा के पास है। उन्होंने ऐसे मेन्यू तैयार करने के लिए महीनों तक रिसर्च और प्लानिंग की है, जिनमें भारत के अलग-अलग इलाकों के स्वाद, जाने-पहचाने पसंदीदा खाने और इसमें शामिल देशों के खान-पान की झलक देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि 'इंडिया फ्रेंडशिप मेन्यू' खास तौर पर इन-रूम डाइनिंग के लिए तैयार किया गया है, जिसमें दिल्ली और भारत के अलग-अलग हिस्सों के मशहूर और क्लासिक व्यंजन शामिल किए गए हैं।
BRICS समिटमें क्या परोसा जा रहा?
शेफ कौशिक मिश्रा के मुताबिक मेहमानों को खाने में नल्ली निहारी और बादाम के साथ पेपर फ्राई शामिल परोसी जाएंगी। साथ ही कई और खास चीज़ें भी इसमें शामिल हैं। इसके अलावा मिठाइयों और नमकीन में भी मेहमानों को खास अनुभव देने की तैयारी की गई है।
होटल ने कमल और ऑर्किड जैसे फूलों और चीज़ों को प्रेरणा के तौर पर इस्तेमाल किया है और इनसे खास तरह की प्रालिन्स, मिठाइयां और नमकीन तैयार की हैं। शेफ कौशिक मिश्रा का कहना है कि भारत के खान-पान और खूबसूरती को अलग-अलग रूपों में दिखाने और महसूस कराने के लिए इन तैयारियों पर खास जोर दिया गया है।
मेहमानों के लिए डिजाइन किया कुलिनरी मैप
शेफ ने आगे कहा, एक खास चीज है भारत का 'कुलिनरी मैप' यानी खाने-पीने से जुड़ा नक्शा, जिसे डेलीगेट्स को देश की भौगोलिक और खान-पान की विविधता से रूबरू कराने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस कॉन्सेप्ट में अलग-अलग राजधानियों और राज्यों की झलक मिलती है, और क्षेत्रीय नमकीन देश भर की अलग-अलग खान-पान परंपराओं को दर्शाती हैं।


